×

Punjab News: ‘पंजाब के लोगों ने काले दिन देखे हैं, अब वैसी स्थिति नहीं होगी’, अमृतपाल की गिरफ्तारी पर भगवंत मान की पहली

Punjab News: सीएम भगवंत मान ने कहा कि हम एजेंडा पॉलिटिक्स नहीं करते हैं। पंजाब के भाईचारे में हम आंच नहीं आने देंगे। मान ने कहा कि पंजाब के लोगों ने काले दिन देखे हैं। अब वैसी स्थिति नहीं रहेगी। पंजाब अब देश को लीड करेगा।

Krishna Chaudhary
Published on: 23 April 2023 5:19 PM GMT
Punjab News: ‘पंजाब के लोगों ने काले दिन देखे हैं, अब वैसी स्थिति नहीं होगी’, अमृतपाल की गिरफ्तारी पर भगवंत मान की पहली
X
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, अमृतपाल सिंह: Photo- Social Media

Punjab News: पंजाब के साथ- साथ दुनियाभर में खालिस्तान का नया पोस्टर ब्वॉय बना अमृतपाल सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे रविवार सुबह चढ़ गया। 35 दिनों तक फरारी काटने के बाद आज सुबह पंजाब पुलिस ने उसे मोगा जिले में रोडे गांव से गिरफ्तार किया। कट्टरपंथी सिख संगठन वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल महीनों से पंजाब सरकार के लिए एक सिरदर्द बना हुआ था। खालिस्तान समर्थक नेता की गिरफ्तारी पंजाब सीएम भगवंत मान की प्रतिक्रिया आई है।

भगवंत मान ने कहा कि अमृतपाल 35 दिन से फरार था। पुलिस ने बड़ी संयम के साथ काम किया और सूचना मिलते ही एक्शन लिया। इस दौरान पंजाब में अमन-शांति कायम रही। उन्होंने कहा कि हम एजेंडा पॉलिटिक्स नहीं करते हैं। पंजाब के भाईचारे में हम आंच नहीं आने देंगे। मान ने कहा कि पंजाब के लोगों ने काले दिन देखे हैं। अब वैसी स्थिति नहीं रहेगी। पंजाब अब देश को लीड करेगा।

इतने दिन तक क्यों नहीं गिरफ्तार हो पाया अमृतापाल ?

गिरफ्तारी से पहले अमृतपाल सिंह ने पंजाब पुलिस को खूब चकमा दिया। जिसे लेकर भगवंत मान सरकार की काफी किरकिरी भी हुई। अब पंजाब सीएम ने दावा किया है कि वह चाहते तो पहले दिन ही इस युवा खालिस्तानी नेता को पकड़ सकते थे। लेकिन ऐसा उन्होंने इसलिए नहीं किया ताकि पंजाब में कोई खून खराबा या गोलीबारी न हो।

अजनाला पुलिस स्टेशन की घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हमने डीजीपी को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि चाहे कुछ भी हो जाए गुरूग्रंथ साहिब की मर्यादा को और उनके सम्मान को कोई आंच नहीं आनी चाहिए। न हमने वॉटर कैनन यूज किया और न कोई कंकड़ पत्थर चला। मान ने कहा कि हालांकि, इस दौरान हमारे कुछ पुलिसकर्मी जख्मी जरूर हुए लेकिन फिर भी पुलिस ने काफी संयम रखते हुए स्थिति को कंट्रोल किया।

आजादी में 90 फीसदी कुर्बानियां पंजाबियों की

भगवंत मान ने कहा कि ऑपरेशन वाली रात वह सो नहीं पाए थे। पूरी रात वो जगे रहे और हर 15 मिनट, आधे घंटे पर पुलिस से ऑपरेशन की जानकारी लेते रहे। उन्होंने कहा कि इसके लिए मेरी ओर से कोई शिकायत नहीं है, साढ़े तीन करोड़ लोगों की नींद के लिए अपनी नींद गंवानी पड़े तो वो महंगी नहीं है। मुख्यमंत्री ने साथ ही ये भी स्पष्ट किया कि कार्रवाई के नाम पर किसी बेकसूर को परेशान नहीं किया जाएगा।

पंजाब सीएम ने आगे कहा कि देश को आजाद कराने में 90 फीसदी कुर्बानियां पंजाब से है। इस आजादी को कायम रखने के लिए आज भी हमारी सेना के जवान सीमा पर सीना तान कर डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने राज्य के युवाओं को भड़काने की कोशिश की ताकि वे बंदूक उठा लें लेकिन पंजाब के लोगों ने उनका साथ नहीं दिया।

असम ले जाया गया अमृतपाल

वारिस पंजाब दे प्रमुख अमृतपाल सिंह को पुलिस बठिंडा एयरफोर्स स्टेशन से असम के डिब्रूगढ़ ले गई। जानकारी के मुताबिक, दोपहर पौने चार बजे पंजाब पुलिस ने अमृतपाल को डिब्रूगढ़ जेल अथॉरिटी के हवाले कर दिया। अमृतपाल पर एनएसए लगा हुआ है। उसके कई और साथी जिन पर ये केस लगा हुआ है, उन्हें भी यहीं रखा गया है।

उधर, गिरफ्तारी के बाद से मोगा जिले में तनाव का माहौल है। संवेदनशील जगहों पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिले के एसएसपी ने खुद रोडे गांव, जहां से अमृतपाल गिरफ्तार हुआ है, वहां फ्लैग मार्च किया।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story