×

जयंती विशेष: बेहतरीन शौक रखते थे जिन्ना, जानिए इनके बारे में दिलचस्प बातें

पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की आज जयंती है। उनका जन्म 25 दिसम्बर 1876 को हुआ था। वे मुस्लिम लीग के नेता थे जो आगे चलकर पाकिस्तान के पहले गवर्नर जनरल बने।

Newstrack
Published on: 25 Dec 2020 4:34 AM GMT
जयंती विशेष: बेहतरीन शौक रखते थे जिन्ना, जानिए इनके बारे में दिलचस्प बातें
X
जयंती विशेष: बेहतरीन शौक रखते थे जिन्ना, जानिए इनके बारे में दिलचस्प बातें

लखनऊ: पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की आज जयंती है। उनका जन्म 25 दिसम्बर 1876 को हुआ था। वे मुस्लिम लीग के नेता थे जो आगे चलकर पाकिस्तान के पहले गवर्नर जनरल बने। पाकिस्तान में, उन्हें आधिकारिक रूप से क़ायदे-आज़म यानी महान नेता और बाबा-ए-क़ौम यानी राष्ट्र पिता के नाम से नवाजा जाता है। जिन्ना की निजी लाइफस्टाइल बहुत क्लासिक थी। वो उच्च वर्ग के पक्के अंग्रेज वाले तौर तरीकों से रहते थे।

जिन्ना से जुड़ी कुछ प्रमुख बातें...

- इंग्लैंड में कानून की पढ़ाई पूरी करने वाले सबसे युवा भारतीय जिन्ना ही थे। मात्र 19 साल की उम्र में उन्होंने लन्दन में लॉ की पढ़ाई पूरी कर ली थी। और 20 साल की उम्र में जिन्ना बंबई के एकलौते मुस्लिम बैरिस्टर थे।

- उस जमाने में जिन्ना सबसे महंगे वकीलों में शामिल थे जिनकी फीस 1500 रुपये प्रति केस थी।

- इंग्लैंड में पढाई करने के दौरान जिन्ना अंग्रेजों की लाइफस्टाइल से बहुत प्रभावित हुए और उन्होंने पूरी तरह अंग्रेजियत को अपना लिया। उनके जीवन पर पारसी लाइफ स्टाइल का भी बहुत प्रभाव था।

File Photo

हमेशा सूटेड-बूटेड रहते थे जिन्ना

- जिन्ना हमेशा सूटेड-बूटेड रहते थे। उनके सूट लन्दन में सवाइल रो फैशन स्ट्रीट के हेनरी पूल एंड कंपनी द्वारा डिज़ाइन किये जाते थे। जिन्ना के पास 200 से ज्यादा सूट थे जिन्हें वह बढ़िया तरीके से कलफ लगी शर्ट के साथ पहनते थे।

- जिन्ना हमेशा सिल्क की बहुत बेहतरीन टाई पहनते थे और उन्होंने कभी एक टाई को दो बार नहीं पहना। एक बार पहनने के बाद वो टाई उनके लिए बेकार हो जाती थी।

ये भी पढ़ें: बीएचयू के लिए निजाम ने दान में दी थी जूती, फिर महामना ने यूं सिखाया सबक

- जिन्ना हमेशा कायदे से ड्रेसअप रहते थे। यहाँ तक कि मृत्युशैय्या पर होने के बावजूद वो अच्छी तरह ड्रेस पहने रहे। उन्होंने उस समय कहा था – ‘मैं अपने पैजामे में सफ़र नहीं करूंगा.’

- जिन्ना शेरवानी के साथ कराकली टोपी पहनते थे जो बाद में जिन्ना कैप के नाम से मशहूर हो गयी। जिन्ना ने शेरवानी और टोपी की ड्रेस को 1937 में लखनऊ में हुए मुस्लिम लीग के अधिवेशन में पहना था।

बेहतरीन खिलाड़ी थे जिन्ना

- बिलियर्ड के शौक़ीन और बेहतरीन खिलाड़ी थे जिन्ना।

- जिन्ना को क्यूबा के सिगार और स्कॉच व्हिस्की का बहुत शौक था। वो सबसे बढ़िया सिगरेट, सिगार और व्हिस्की ही पीते थे। इसके अलावा उनको मांस, खासतौर पर पोर्क मीट खाने का बहुत शौक था।

- जिन्ना हमेशा अपने साथ महंगी ‘क्रेवन ए’ सिगरेट का डिब्बा रखते थे। उनकी डेस्क पर सिगरेट के अलावा क्यूबा के हवाना सिगार का भी डिब्बा हमेशा मौजूद रहता था। जिन्ना एक दिन में 50 से ज्यादा सिगरेट पी जाते थे और ये सिलसिला 30 साल तक चलता रहा।

ये भी पढ़ें: संस्कृति, राजधर्म, राजनीति और विदेश नीति की गहरी समझ रखते थे अटल

- जिन्ना बहुत लिबरल विचारों के थे और उन्होंने कभी नमाज नहीं पढ़ी। उनके जीवन में धर्म का कोई प्रभाव नहीं था। जिन्ना वैसे एक इस्माइली शिया मुसलमान थे।

- जिन्ना हमेशा इंग्लिश बोलते, लिखते और पढ़ते थे। सिर्फ सार्वजानिक सभाओं में वो उर्दू में भाषण देते थे। इंग्लिश की आदत ऐसी थी कि 1945 के चुनावों के दौरान एक रैली में जिन्ना इंग्लिश में ही भाषण देने लगे।

File Photo

- जालंधर में एक सार्वजानिक सभा के दौरान जब जिन्ना भाषण दे रहे थे तभी अजान होने लगी और लोग नमाज के लिए तितर बितर हो गए। लेकिन जिन्ना शांत भाव से मंच पर लगी कुर्सी पर बैठ गए और सिगार सुलगा कर कश लगाने लगे।

कांग्रेस के नेता थे

भारतीय राजनीति में जिन्ना का उदय 1916 में कांग्रेस के एक नेता के रूप में हुआ था, जिन्होंने मुस्लिम लीग के साथ 1937 में लखनऊ समझौता करवाया था। वे अखिल भारतीय होम रूल लीग के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे। बाद में मतभेदों के चलते जिन्ना ने कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने देश में मुसलमानों के अधिकारों की रक्षा और स्वशासन के लिए चौदह सूत्रीय संवैधानिक सुधार का प्रस्ताव रखा।

लाहौर प्रस्ताव

जिन्ना ने ही पहली बार मुसलमानों के लिए एक अलग राष्ट्र का लक्ष्य निर्धारित किया था। इस लक्ष्य को लाहौर प्रस्ताव कहा जाता है। 1946 में हुए प्रांतीय चुनाव में ज्यादातर मुस्लिम सीटों पर मुस्लिम लीग की जीत हुई और जिन्ना ने पाकिस्तान की आजादी के लिए निर्णायक अभियान शुरू किया था।

कराची में पैदाइश

मोहम्मद अली जिन्ना के बचपन का नाम महमदअली झीनाभाई था। उनका जन्म कराची ज़िले के वज़ीर मेसन में हुआ था लेकिन कुछ किताबों में इनका जन्म स्थान झर्क को बताया गया है। पुराने दस्तावेजों के अनुसार जिन्ना का जन्म 20 अक्टूबर 1875 को हुआ था लेकिन सरोजिनी नायडू द्वारा लिखी गई जिन्ना की जीवनी के अनुसार, जिन्ना का जन्म 25 दिसम्बर 1876 को हुआ था, जिसे जिन्ना की आधिकारिक जन्म तिथि मान लिया गया है।

परिवार

जिन्ना की मां का नाम मिठीबाई और पिता का नाम जिन्नाभाई पुँजा था। उनके पिता जिन्नाभाई एक सम्पन्न गुजराती व्यापारी थे, लेकिन जिन्ना के जन्म के पूर्व वे काठियावाड़ (गुजरात) छोड़ सिन्ध में जाकर बस गये। कुछ सूत्रों के मुताबिक़, जिन्ना के पूर्वज हिन्दू राजपूत थे, जिन्होंने इस्लाम क़बूल कर लिया।

नीलमणि लाल

Newstrack

Newstrack

Next Story