×

MS Dhoni: धोनी के लगातार सपोर्ट से दिग्गज क्रिकेटर बने ये पांच खिलाड़ी, बुरे दिनों में भी हमेशा जताया भरोसा

MS Dhoni Special: टीम इंडिया के कई बड़े खिलाड़ियों का कॅरियर संवारने में भी धोनी का बड़ा योगदान रहा है। इन खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन के दौर में भी धोनी ने लगातार उन्हें मौके दिए।

Anshuman Tiwari
Published on: 7 July 2023 11:48 AM GMT
MS Dhoni: धोनी के लगातार सपोर्ट से दिग्गज क्रिकेटर बने ये पांच खिलाड़ी, बुरे दिनों में भी हमेशा जताया भरोसा
X
Mahendra Singh Dhoni (Photo - Social Media)

MS Dhoni Special: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट फैंस के सबसे चहेते खिलाड़ियों में शामिल हैं। अपनी कप्तानी के दौरान धोनी ने टीम इंडिया को ऐसी बुलंदी पर पहुंचा दिया जो दूसरे खिलाड़ियों के लिए सपने जैसा ही है। धोनी आज अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस मौके पर उन्हें दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की ओर से बधाइयां मिल रही हैं।

यदि धोनी की कप्तानी की बात की जाए तो उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को आईसीसी के तीनों टाइटिल जितवाए हैं और ऐसा कमाल करने वाले वे इकलौते कप्तान हैं। उन्होंने भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2007,वर्ल्ड कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी 2013 का खिताब जितवाया था। उन्होंने 2009 में भारत को टेस्ट में भी नंबर वन बनाया था। टीम इंडिया के कई बड़े खिलाड़ियों का कॅरियर संवारने में भी धोनी का बड़ा योगदान रहा है। इन खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन के दौर में भी धोनी ने लगातार उन्हें मौके दिए। बाद के दिनों में ये खिलाड़ी क्रिकेट की दुनिया का बड़ा नाम बनने में कामयाब हुए।

विराट कोहली

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली मौजूदा समय में दुनियाभर के करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करते हैं। अपनी शानदार तकनीक के कारण विराट कोहली की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में की जाती है। उन्होंने अपने कॅरियर के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड कायम किए हैं।

धोनी की कप्तानी में ही कोहली के क्रिकेट कॅरियर की शुरुआत हुई थी। वैसे कोहली के कॅरियर के दौरान एक दौर ऐसा भी था जब वे सबकी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पा रहे थे। उनका प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं था।

ऐसे दौर में विराट कोहली को महेंद्र सिंह धोनी का सहारा मिला और धोनी ने अच्छे प्रदर्शन के लिए लगातार उनका उत्साहवर्धन किया। अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के बावजूद धोनी ने लगातार उन पर भरोसा बनाए रखा। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी इस बात का खुलासा किया था कि धोनी के लगातार भरोसा बनाए रखने के बाद कोहली के प्रदर्शन में काफी सुधार आया। आज कोहली दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार किए जाते हैं।

रोहित शर्मा

रोहित शर्मा का नाम भी ऐसे बल्लेबाजों में शामिल है जिन्हें बुलंदी पर पहुंचाने में महेंद्र सिंह धोनी का बहुत बड़ा हाथ माना जाता है। एक दौर ऐसा भी था जब रोहित शर्मा लगातार फेल हो रहे थे और बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। इसके बावजूद धोनी ने रोहित शर्मा को लगातार मौके दिए और आज रोहित शर्मा किस बुलंदी पर पहुंच चुके हैं, यह बताने की जरूरत नहीं है।

वे काफी दिनों से टीम इंडिया की कप्तानी का दायित्व निभा रहे हैं। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज के रूप में वे कई विस्फोटक पारियां खेल चुके हैं और सलामी बल्लेबाज के रूप में उन्हें स्थापित करने का श्रेय महेंद्र सिंह धोनी को ही दिया जाता है।

रविंद्र जडेजा

टीम इंडिया के एक और दिग्गज खिलाड़ी रविंद्र जडेजा को भी निखारने में महेंद्र सिंह धोनी की बड़ी भूमिका मानी जाती है। जडेजा टीम इंडिया के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में भी लंबे समय से धोनी के साथ खेलते रहे हैं। ऑलराउंडर की भूमिका में रविंद्र जडेजा ने कई नाजुक मौके पर शानदार प्रदर्शन करके भारत के क्रिकेट फैंस का दिल जीता है।

मौजूदा समय में जडेजा को दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडरों में गिना जाता है। शुरुआती दौर में जडेजा को महेंद्र सिंह धोनी की ओर से लगातार प्रोत्साहन मिला और यही कारण था कि जडेजा टीम इंडिया में अपनी स्थायी जगह बनाने में कामयाब हो सके। धोनी ने जडेजा को लगातार मौके दिए और जडेजा ने धोनी की अपेक्षाओं को पूरा करते हुए टीम इंडिया को कई अहम मौकों पर जीत दिलाई।

रविचंद्रन अश्विन

स्पिन गेंदबाजी के क्षेत्र में अश्विन दुनिया भर में अपनी कामयाबी के झंडे गाड़ चुके हैं। दुनियाभर के तमाम दिग्गज क्रिकेटरों ने अश्विन की गिनती मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में की है। यह बात बहुत कम लोगों को पता होगी कि धोनी ने ही अश्विन को पहली बार 2010 में आईपीएल में खेलने का मौका दिया था। अश्विन भी इस मौके को भुनाने में पीछे नहीं रहे और उन्होंने शानदार प्रदर्शन करके सबका दिल जीत लिया।

अश्विन को टीम इंडिया का हिस्सा बनाने में भी धोनी की बड़ी भूमिका मानी जाती है। 2011 में टीम इंडिया ने विश्व कप जीता था और धोनी ने उस समय भी अश्विन को टीम में खेलने का मौका दिया था। मौजूदा समय में अश्विन टीम इंडिया के स्थायी सदस्य बन चुके हैं और उनकी स्पिन गेंदबाजी के सामने दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों के भी पसीने छूट जाते हैं।

सुरेश रैना

धोनी और सुरेश रैना अच्छे दोस्त होने के साथ ही एक दौर में टीम इंडिया के सबसे बड़े मैच विनर भी थे। पिछले साल 15 अगस्त को धोनी के संन्यास लेने का ऐलान के कुछ देर बाद ही सुरेश रैना ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था। रैना को अपने कॅरियर के दौरान हमेशा धोनी का समर्थन हासिल रहा। धोनी ने भी एक बार कहा था कि रैना शानदार खिलाड़ी हैं और ऐसे खिलाड़ी को सपोर्ट किया जाना चाहिए।

रैना ने लंबे समय तक धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में शानदार खेल दिखाया। उन्हें सीमित ओवर के क्रिकेट का शानदार खिलाड़ी माना जाता रहा है और उनका खेल निखारने में धोनी ने बड़ी भूमिका निभाई थी।

अपने रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए सुरेश रैना ने कहा था कि मैं इस मामले में काफी भाग्यशाली था कि मुझे टीम इंडिया और सीएसके में धोनी के साथ खेलने का मौका मिला।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story