×

Andaman and Nicobar Islands: अंडमान निकोबार में नीले समंदर में समुद्री जीवों को देखें करीब से

Andaman and Nicobar Islands :आपको जानकर हैरानी होगी की यही आनंद आप अपने देश में किफायती कीमत पर उठा सकते हैं

Sarojini Sriharsha
Published on: 21 March 2024 7:40 AM GMT (Updated on: 21 March 2024 9:22 AM GMT)
Andaman and Nicobar Islands :
X

Andaman and Nicobar Islands :

Andaman and Nicobar Islands: हर साल लोग नीले समंदर और समुद्री जीवों को करीब से देखने और समुद्री क्रीड़ाओं का आनंद लेने विदेश का रुख करते हैं। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी की यही आनंद आप अपने देश में किफायती कीमत पर उठा सकते हैं। यहां जाने के लिए आप खुद से ऑनलाइन होटल और हवाई टिकट बुकिंग कर ट्रैवल एजेंट से भी बच सकते हैं।हमारा देश भारत अपनी जैविक विविधता के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। इसी में से एक है अंडमान निकोबार द्वीपसमूह प्रदेश। यह स्थान बंगाल की खाड़ी में स्थित होने के साथ-साथ तीन-चौथाई से अधिक वनों से घिरा हुआ प्रदेश है। एक ओर सफ़ेद रेत वाले समुद्री तट तो दूसरी ओर मैंग्रोव व उष्णकटिबंधीय वर्षा वन पर्यटकों को इस द्वीप की ओर आकर्षित करते हैं। यहां आप समुद्र के भीतर समुद्री जीवों से मिलने के अलावा रोमांचक समुद्री सफर और सूर्यास्त का आनंद ले सकते हैं।

दुनिया भर में यह द्वीप सर्वश्रेष्ठ डाइविंग, स्नॉर्कलिंग, स्कूबा डाइविंग, सी वॉक और अन्य समुद्री स्पोर्ट्स के लिए मशहूर है। विभिन्न राज्यों से आकर लोग यहां बसे हैं , इसी विविधता के कारण यहां हर राज्यों के त्योहारों को मनाने के साथ-साथ विविध खानपान का भी स्वाद ले सकते हैं । यहां लोक गीत और लोकनृत्य अभी भी अपना वर्चस्व बनाए हुए हैं और आदिवासियों द्वारा बनाए हस्तशिल्प आप भी खरीद कर अपने घर की शोभा बढ़ा सकते हैं। समुद्री मूंगा मोती और रत्न से बने आभूषण भी यहां सैलानियों को लुभाते हैं। इस द्वीप-समूह में पर्यटकों के लिए समुद्री भोजन भी काफी लोकप्रिय है। पोर्ट ब्लेयर पहुंच कर अन्य द्वीपों पर जाने के लिए फेरी खुद ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। यहां पहुंच कर अगर दंपती या दोस्त हैं तो स्कूटर बाइक किराए पर लेकर खुद अपनी पसंदीदा जगह घूम सकते हैं।अंडमान में घूमने लायक कई जगह है, जिसका प्लान आप अपने अनुसार बना सकते हैं। अपने सुंदर आकर्षक सफेद रेत और नील समंदर वाले द्वीप के लिए यह जगह पर्यटकों की पहली पसंद है। इन्हीं में से कुछ खास द्वीप के बारे में बताने जा रहे हैं।


पोर्ट ब्लेयर

पोर्ट ब्लेयर अंडमान निकोबार द्वीप-समूह की राजधानी है और यहां पहुंचकर बाक़ी शहरों या द्वीपों के लिए पर्यटक आसानी से घूमने जा सकते हैं। यह जगह वित्तीय, संस्कृति व अन्य क्रियाओं कलापों का केंद्र है और यहां आकर आप स्थानीय आदिवासी जनजातियों और इस जगह के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस जगह लोग साल भर आ सकते हैं और शांत पल बिता सकते हैं। यहां देखने के लिए कई स्थल है


चिड़िया टापू

इस जगह के नाम से ही लग रहा है कि यहां आप कई पक्षी देख सकते हैं। स्थानीय पक्षियों के साथ-साथ प्रवासी पक्षियों को यहां देख सकते हैं। है। इस जगह आकर आप सुबह उगते हुए सूरज की पहली किरण देख कर दिन की शुरुआत कर सकते हैं और शाम को ढ़लते सूरज का मनोरम दृश्य देखकर अपने दिन को खत्म करने का एहसास सुखद अनुभव ले सकते हैं।


सेल्यूलर जेल

अंडमान का नाम सुनते ही सबके सामने ब्रिटिश काल के काला पानी की सजा का खयाल आ जाता है। यह जगह अब अंडमान निकोबार में स्वंत्रता सेनानियों के तीर्थस्थल के रूप में महत्वपूर्ण स्थल है। अंडमान आकर हर सैलानी इस जगह को एक बार देखना जरूर चाहता है। यह एक तीन मंज़िला इमारत है जिसमें 698 कोठरियां बनी हुई हैं जिसे ब्रिटिश शासन काल में कारावास के लिए इस्तेमाल किया जाता था । यह जेल सात पंक्तियों में एक-दूसरे से स्टारफिश के आकार में जुड़े हैं। इसके अंदर एक म्यूजियम है जिसमें इसके बनाने की कहानी से लेकर स्वतंत्रता सेनानियों के कठिन पल की दास्तान की झलक भी मिलती है। वीर सावरकर, सोहन सिंह , दीवान सिंह कालेपनी, योगेंद्र शुक्ला जैसे कई स्वंत्रता सेनानियों ने अपने जीवन के पल इस जेल में बिताए हैं। आज यह जेल राष्ट्रीय मेमोरियल स्मारक के रूप में सैलानियों को अपनी कहानी बयां करता है।ब्रिटिश शासन के समय के ऐतिहासिक कारनामों की झलक यहां दर्शक शाम के बेहतरीन लाईट और साउंड शो में देख सकते हैं। इसके टिकट की बुकिंग ऑनलाइन कर सकते हैं।


समुद्रिका मरीन म्यूजियम

अंडमान द्वीप समूह के खूबसूरत विरासत स्थलों से भरे इस समुद्रिका समुद्री संग्रहालय का प्रबंधन भारतीय नौसेना द्वारा किया जाता है। इसका निर्माण समुद्री जीवन के बारे में लोगों को बताने और जागरूकता लाने के लिए किया गया था। इस संग्रहालय को 5 खंडों में बांटा गया है जो अंडमान द्वीप समूह की कहानी भी पर्यटकों को बताता है । समुद्री जीवन के बारे में जानने के इच्छुक पर्यटक इस जगह का आनंद ले सकते हैं।


एशिया में समुद्र के अंदर घूमने के लिए यह सबसे अच्छी जगह है। यहां पर्यटक समुद्र के नीचे चल सकते हैं और ‘ऑक्टोपस गार्डन’ की यात्रा कर सकते हैं। समुद्र के अंदर मछलियों, मूंगा चट्टानों और विभिन्न अन्य समुद्री जीवों के रंगीन दुनिया से रूबरू हो सकते हैं। इस गतिविधि के लिए आपको तैराकी के बारे में जानने की ज़रूरत नहीं है बल्कि कांच के हेलमेट के नीचे सामान्य रूप से सांस लेते हुए कुछ तैराक एक्सपर्ट आपको इसकी सैर करा सकते हैं।

डिगलीपुर

यह द्वीप अंडमान के मशहूर पर्यटन स्थलों में से एक है और अंडमान की सबसे ऊंची चोटी, प्रसिद्ध कछुओं के घोंसले का स्थान, मगरमच्छ अभयारण्य और गुफाओं के नेटवर्क का घर भी कहा जाता है । डिगलीपुर प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग से कम नहीं है।


रॉस द्वीप

इस जगह को अंग्रेज ‘पूर्व का पेरिस’ कहते थे। लेकिन 1941 के भूकंप और जापानी आक्रमण के कारण इसकी सारी सुंदरता खत्म हो गई। रॉस द्वीप एक छोटा और सरल द्वीप है , जिसका सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है। इस जगह पर औपनिवेशिक इमारतों और चर्चों के कई खंडहर इसकी शोभा बढ़ाते हैं।


हैवलॉक द्वीप

चारों तरफ से उष्णकटिबंधीय वनों से घिरा हुआ यह प्रदेश स्कूबा डाइविंग, सी वॉकिंग, गलास बोट राईड और स्नोर्केलिंग आदि के लिए अंडमान में लोकप्रिय है। दूर दूर तक सफ़ेद रेत पर चलते हुए आप एक अनोखी-सी ताज़गी महसूस करेंगे। ऐसा लगता है मानो उष्णकटिबंधीय वनों से हरियाली दौड़ कर यहां आकर जल में समा जाती है। नीले हरे पानी वाला समंदर सैलानियों को किसी और दुनिया में ले जाता है।


एलिफेंट बीच

हैवलॉक द्वीप में स्थित यह बीच देखने में बहुत खूबसूरत लगता है। यहां समुद्री जहाज से आधे घंटे से भी कम समय में समुद्र तट तक पहुंच सकता है। ट्रैकिंग के जरिए भी इस जगह उष्णकटिबंधीय वनों का आनंद लेते हुए पहुंच सकते हैं। यह जगह समुद्र तट और जल क्रीड़ाओं के लिए सैलानियों के बीच काफी लोकप्रिय है ।


राधानगर बीच

यह द्वीप विश्व के सबसे बेहतरीन द्वीपों में से एक है और पर्यटकों का मनपसंदीदा बीच है। क्योंकि जहां तक आपकी नज़र जाएगी वहां तक बस नीला पानी आपको दिखेगा। वहीं दूसरी ओर ऐसा लगेगा मानो इस समुद्री तट को गहरे हरे रंग के वन ने समेट रखा है। शाम के समय सूर्यास्त का अद्भुत नज़ारा देखने के लिए पर्यटक यहां पहुंचते हैं।


काला पत्थर बीच

अंडमान के हैवलॉक द्वीप में स्थित काला पत्थर समुद्र तट के किनारे आप बैठकर क्रिस्टल जैसे साफ हरे पानी और चमचमाती सफेद रेत के सुंदर दृश्य का आनंद ले सकते हैं। इस तट पर सैलानी खासकर सूर्योदय को देखना नहीं भूलते।


भरतपुर बीच

नील द्वीप का सबसे खूबसूरत यह बीच उष्णकटिबंधीय वनों , मछलियों और कोरल रीफ से भरपूर है। जैसा आप किसी पेंटिंग में दृश्य देखते हैं , उसे आपने आंखों के सामने साकार होता देख सकते हैं। ऊपर नीला आसमान, नीचे नीला पानी और आसपास बड़े बड़े हरे भरे पेड़ वाले दृश्य सपनों से कम नहीं लगते।




लक्ष्मणपुर बीच

नील द्वीप के अन्य सभी समुद्र तटों से यह बीच अलग है। इस बीच पर नीले पानी, उष्णकटिबंधीय पेड़ों और शांति के साथ प्रकृति का पूर्ण आनंद ले सकते हैं। यह बीच मनमोहक सूर्यास्त के लिए तो मशहूर है ही साथ में यहां का प्राकृतिक चट्टानों से निर्मित ब्रिज निम्न ज्वार होने पर आसानी से देखा जा सकता है।


सीतापुर बीच

यह बीच अपने खूबसूरत सनराइज़ यानी सूर्योदय के लिए मशहूर है। यह बीच सनराइज बीच के नाम से भी जाना जाता है जहां सुनहरी रेत पर नीले रंग का पानी सैलानियों को आकर्षित करता है। नव दंपति इस जगह ज्यादा देखे जाते हैं।


बारातंग द्वीप

इस खूबसूरत द्वीप पर लाईमस्टोन (चूना-पत्थर) की गुफा है, साथ ही मैंग्रोव वन की भी सैर कर सकते हैं। मड द्वीप व पैरट द्वीप सैलानियों के देखने लायक जगह है। अपने परिवार या दोस्तों के साथ यहां आकर आप शांतिपूर्ण रूप से अपनी छुट्टियां बिता सकते हैं।

इस द्वीप पर नीलांबर जेट्टी से नाव से चौड़ी खाड़ियों से होते हुए चूना पत्थर की गुफाओं तक लगभग आधे घंटे में पहुंच सकते हैं। ये नाव नीलांबर जेट्टी से नायडेरा जेट्टी की ओर उष्णकटिबंधीय वनों से होते हुए डेढ़ किमी दूर स्थित इन गुफाओं तक पैदल पहुंच सकते हैं। इन गुफाओं में ऊपर से नीचे की ओर लटक रहे चूने पत्थर से बनी संरचना को देखा जा सकता है ।


पैरेट द्वीप

यह द्वीप पूरी तरह प्राकृतिक है । यहां आप भरी तादाद में बहुरंगी तोते भी देख सकते हैं। यहां पहुंचने के लिए आपको मैनग्रूव के घने जंगलों के बीच से होकर गुजरना पड़ेगा।


वाइपर द्वीप

इस द्वीप का नाम इस क्षेत्र में पाए जाने वाले विभिन्न वाइपरों के कारण पड़ा है। यहां जेल के कई खंडहर पाए गए हैं। ऐसा कहा जाता है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कई राजनीतिक कैदियों को यहां कैद किया गया था। पोर्ट ब्लेयर से 4 किमी दूर यह जगह अंडमान में घूमने के लिए सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है।इसके अलावा लाला जी बे बीच , सिंक्वे द्वीप , लांग आइलैंड, तैरने , स्नॉर्कलिंग, स्कूबा डाईविंग के लिए प्रसिद्ध है।


छोटा अंडमान द्वीप

अंडमान में कई द्वीपों में से एक लिटिल अंडमान भी है। यह द्वीप रटलैंड द्वीप के पास स्थित है। अंडमान के द्वीपों में इसे सबसे अच्छे दर्शनीय स्थलों में से एक माना जाता है। कालापत्थर बीच और बटलर बे बीच जैसे समुद्र तटों पर आप शांत वातावरण में सुखद अनुभव कर सकते हैं।इस द्वीप पर जाने के लिए आपको परमिट लेना पड़ेगा।



कैसे पहुंचें ?

हवाई मार्ग से अंडमान निकोबार जाने के लिए पोर्ट ब्लेयर में वीर सावरकर हवाई अड्डा प्रमुख हवाई अड्डा है। देश के कई मुख्य शहरों से यह हवाई अड्डा जुड़ा हुआ है।

समुद्र मार्ग से आने के लिए पोर्ट ब्लेयर का हैडो घाट बंदरगाह चेन्नई, कोलकाता और विशाखापट्टनम शहरों से जुड़ा हुआ है, जहां जहाज के जरिए पहुंच सकते हैं।

अंडमान निकोबार 572 द्वीपों का समूह है और यहां आने का सबसे उचित समय दिसंबर से फरवरी तक का होता है। वैसे पर्यटक यहां अप्रैल तक आते रहते हैं , लेकिन इस दौरान गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। दिसंबर में यहां क्रिसमस और नया साल बहुत उत्साह से मनाया जाता है। बारिश के मौसम में यहां घूम नहीं सकते। ऑनलाइन बुकिंग के जरिए आप खुद से यहां घूमने का लुत्फ उठा सकते हैं।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story