×

Dhanaulti Tourist Places: रोमांचक साहसिक गतिविधियों के साथ मुगलकालीन किलों का नज़ारा देख

Dhanaulti Me Ghumane Ki Jagah: कुछ खास घूमने कि जगह में सुरकंडा देवी और दशावतार मंदिर, देवगढ़ किला, इको पार्क,ऑर्चर्ड रिज़ॉर्ट आदि हैं

Sarojini Sriharsha
Published on: 8 April 2024 6:36 AM GMT
Place To Visit In Dhanolti ( Photo : Social Media)
X

Place To Visit In Dhanolti ( Photo : Social Media)

Dhanaulti Famous Tourist Places: उत्तराखंड के सबसे खूबसूरत हिल स्टेशनों में से एक है धनोल्टी। इसके करीब मसूरी और चंबा जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशन हैं। 2,286 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह स्थान हिमालय के गढ़वाल का एक शांत और कम भीड़-भाड़ वाला इलाका है। हरे भरे देवदार के जंगलों और खूबसूरत हिमालय पर्वत की चोटियों से भरे इस जगह में पर्यटक आराम में कुछ पल बिता सकते हैं और प्रकृति के सैर का आनंद ले सकते हैं। यहां घूमने लायक कई जगहें हैं जिनको आप अपने लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

इस विचित्र पहाड़ी प्रदेश में शांत मंदिरों और शानदार किलों का मज़ा ले सकते हैं। कुछ खास घूमने लायक जगहों में सुरकंडा देवी और दशावतार मंदिर, देवगढ़ किला, इको पार्क, टेहरी बांध, धनोल्टी एडवेंचर पार्क, कनाताल एडवेंचर कैंप, कैंप थंगधार ,आलू फार्म, एप्पल ऑर्चर्ड रिज़ॉर्ट आदि हैं।

सुरकंडा देवी मंदिर

धनोल्टी के पास यह मंदिर प्रसिद्ध शक्ति पीठ मंदिरों में से एक है। सुरकंडा देवी इस मंदिर की प्रमुख देवी हैं। नवरात्रि में यहां खास पूजा और भक्तों की भीड़ देखने को मिलती है । इस मंदिर से हिमालय के गढ़वाल का सुंदर प्राकृतिक नज़ारा देख सकते हैं।


दशावतार मंदिर

दशावतार मंदिर को पंचायतन मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। मंदिर की वास्तुकला भारत में प्राचीन काल की है।इस मंदिर की दीवारों पर और मूर्तियों पर की गई बारीक नक्काशी देखने लायक है। दशावतार मंदिर भगवान विष्णु का मंदिर है।


देवगढ़ किला

16वीं शताब्दी का यह किला स्थापत्य कला का अद्भुत नमूना है। इस किले के अंदर खूबसूरत भित्ति चित्र, पेंटिंग और मूर्तियां हैं जो आपको आकर्षित करते हुए उस युग में ले जायेगा। इस किले के आस-पास कई जैन मंदिर हैं ।


टिहरी बांध

भारत और दुनिया के सबसे ऊंचे बांधों में से एक टिहरी बांध है। भागीरथी नदी पर बना यह बांध पर्यटकों के लिए धनोल्टी में एक आकर्षण का केंद्र है। टिहरी बांध के जलाशय को टिहरी झील कहा जाता है। टिहरी बांध में नौका विहार, जेट स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग और अन्य कई रोमांचक साहसिक गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। दिल्ली से यह सबसे नजदीकी बांध है। पर्यटक यहां के मनोरम दृश्य का लुत्फ अपने परिवार या दोस्तों के साथ उठा सकते हैं।


धनोल्टी इको पार्क

धनोल्टी इको पार्क अंबर और धरा नामक दो पार्क मिलाकर बना है। इस पार्क की खासियत ऊंचे चीड़ और देवदार के पेड़ हैं। इस पार्क में आप कई रोमांचक गतिविधियां जैसे फ्लाइंग फॉक्स, बर्मा ब्रिज और ट्रेकिंग, हाइकिंग कर सकते हैं। इस पार्क में ऐसे कई स्थान बनाए गए हैं जहां आप आराम कर सकते हैं और परिवार या दोस्तों के साथ प्राकृतिक हरियाली का आनंद भी ले सकते हैं।


धनोल्टी एडवेंचर पार्क

इस पार्क में ज़िप-लाइनिंग, ट्रेकिंग, रैपलिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, माउंटेन बाइकिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी कई साहसिक गतिविधियों का आनंद लें सकते हैं। यहां बनाए गए एक स्नो एडवेंचर ज़ोन में आप सफेद बर्फ के साथ खेलने के साथ अन्य कई गतिविधियां जैसे गुफा की खोज, स्काईवॉक, वैली क्रॉसिंग आदि का भी आनंद उठा सकते हैं।


चंबा

देवदार के जंगलों के लिए प्रसिद्ध चंबा में आप सेब के बागानों का भी आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा कई दर्शनीय स्थल जैसे श्री बागेश्वर महादेव मंदिर और गबर सिंह स्मारक का दर्शन भी कर सकते हैं । चंबा से हिमालय के थलय सागर और जोनली चोटियों की एक झलक देखी जा सकती है।


कौड़िया वन

घने जंगलों और शांत घाटियों से भरा कौड़िया वन कनाताल में है। इस वन में जंगली जानवर और पक्षी देखने के साथ जीप सफारी का मज़ा उठा सकते हैं। आपको कई झरने भी रास्ते में मिलेंगे।


चंदेरी

धनोल्टी के पास चंदेरी एक छोटा सा शहर है जहां कभी मुगलों और राजपूतों का शासन था। यहां पर्यटक बादल महल, कोषक महल, विक्ट्री आर्क जैसे मुगल काल के स्मारकों के साथ कुछ जैन मंदिरों के दर्शन भी कर सकते हैं। यहां का मुगल किला शानदार वास्तुकला का नमूना है।

इसके अलावा धनोल्टी में कैंप थांगधार के साहसिक शिविरों में रोमांचक गतिविधियां कर सकते हैं जैसे बर्ड वॉचिंग, स्टार गेजिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, ट्रेकिंग, रिवर क्रॉसिंग, रैपलिंग आदि। यहां जैन मंदिरों के दर्शन भी कर सकते हैं।

अगर आप सेब के शौकीन हैं तो एप्पल ऑर्चर्ड रिजॉर्ट में सेब की रसदार किस्मों का स्वाद ले सकते हैं और सेब, जैम, सिरप, जूस जैसे उत्पादों को खरीद कर ले जा सकते हैं। यहां स्थित कांच के रेस्तरां में गढ़वाली व्यंजनों का स्वाद ले सकते हैं।

धनोल्टी में आलू के खेत भी घूमने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक है। इस फार्म से दून वैली के साथ सूर्यास्त के नज़ारे भी देख सकते हैं। यह आलू फार्म उत्तराखंड सरकार का है। यहां से आलू भारत के अन्य राज्यों में भेजे जाते हैं।


कैसे पहुंचें?

हवाई मार्ग से यहां पहुंचने के लिए देहरादून का जॉली ग्रांट हवाई अड्डा निकटतम हवाई अड्डा है । यहां से धनोल्टी 82 किमी की दूरी पर स्थित है। सड़क मार्ग से टैक्सी या बस लेकर यहां तक पहुंच सकते हैं।

रेल मार्ग द्वारा देहरादून रेलवे स्टेशन निकटतम रेलवे स्टेशन है । यहां से धनोल्टी सिर्फ 25 किमी दूर स्थित है। लोकल वाहन से आप आसानी से यहां पहुंच सकते हैं।

सड़क मार्ग द्वारा यह जगह शिमला, दिल्ली,चंडीगढ़ और मनाली जैसे नजदीकी शहरों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है।

यहां घूमने के लिए सितंबर से जून तक के मौसम को लोग ज्यादा पसंद करते हैं।

( लेखिका वरिष्ठ पत्रकार हैं ।)

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story