×

Laxmi Chai Wala Varanasi: सिर्फ चाय ही के लिए नहीं बल्कि अपने सिजेरियन टोस्ट के लिए बहुत फेमस है यह दुकान

Laxmi Chai Wala Varanasi: वाराणसी में चाय एक इमोशन है। असल में देश में चाय पर चर्चा होने से बहुत वर्षों पहले से ही यहाँ चाय पर चर्चा होती रही है। इन्ही चाय के दुकानों में से एक है लक्ष्मी चाय वाला।

Preeti Mishra
Written By Preeti Mishra
Published on: 1 Nov 2023 9:00 AM GMT (Updated on: 1 Nov 2023 9:00 AM GMT)
Laxmi Chai Wala Varanasi
X

Laxmi Chai Wala Varanasi (Image credit: social media)

Laxmi Chai Wala Varanasi: वाराणसी वास्तव में भोजन प्रेमियों के लिए स्वर्ग है। यह शहर अपने विविध और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड के लिए प्रसिद्ध है। प्रसिद्ध कचौड़ी और चाट से लेकर मलइयो और जलेबी जैसी स्वादिष्ट मिठाइयों तक, वाराणसी के पाक परिदृश्य में हर स्वाद के लिए कुछ न कुछ है। जीवंत और सुगंधित स्ट्रीट फूड स्टॉल इस प्राचीन शहर में फ़ूड कल्चर को और आकर्षक बनाते हैं।

वाराणसी में चाय एक इमोशन है। असल में देश में चाय पर चर्चा होने से बहुत वर्षों पहले से ही यहाँ चाय पर चर्चा होती रही है। यहाँ चाय पर गप्पे मारने का एक अलग ही मजा है। वाराणसी में कई चाय की दुकानें हैं, जहाँ लोग चाय का मजा लेने जरूर जाते हैं। इन्ही चाय के दुकानों में से एक है लक्ष्मी चाय वाला। इस चाय की दुकान को शहर में सबसे अच्छी चाय परोसने का श्रेय दिया जाता है। देसी चाय को सीसे के गिलास या कुल्हड़ में परोसा जाता है।

क्या-क्या है लक्ष्मी चाय वाला की खासियत

लक्ष्मी चाय वाला की चाय तो बहुत फेमस है ही, यहाँ का बन मक्खन, टोस्ट, ब्रेड-बटर के स्वाद के तो क्या ही कहने। चाय और ब्रेड का कॉम्बिनेशन तो हम में से किसे पसंद नहीं है। लक्ष्मी चाय वाला के पास अमूल बटर टोस्ट, व्हाइट बटर टोस्ट और मलाई-चीनी टोस्ट हैं, सबकुछ मिलता है। यह दुकान वाराणसी के गोविंदपुरा के थाना में स्थित है। छोटी सी इस दुकान पर चाय और टोस्ट के लिए भारी भीड़ होती है। यहाँ का मलाई टोस्ट बहुत स्वादिष्ट होता है। एक स्पेशल चीज़ जो यहाँ मिलती है वो है सिजेरियन टोस्ट। इसे बनाने के लिए ब्रेड को पहले कोयले वाली अंगीठी पर सेंक लिया जाता है। उसके बाद टोस्ट को बीच से फाड़ कर उसमे सफ़ेद मख्खन या बटर डाला जाता है। इसका स्वाद एकदम ही अलग होता है। यहाँ टोस्ट को सेंकने का अलग ही तरीका होता है। टोस्ट को कोयले वाली अंगीठी पर ही सेंका जाता है। साथ ही यहाँ चाय भी उसी अंगीठी पर बनाया जाता है, इसलिए इसका स्वाद भी अलग ही होता है।


बहुत पुरानी है लक्ष्मी चाय वाला की दुकान

लक्ष्मी चाय वाला दुकान की स्थापना 1950 में हुई थी। इसे लक्ष्मी प्रसाद चौरसिया ने स्थापित किया था। उन्ही के नाम पर इस दुकान का नाम भी पड़ा। लक्ष्मी चाय वाला 73 साल पुरानी चाय की दुकान है और भारत में सबसे लोकप्रिय चाय स्टालों में से एक है। वर्तमान में विनोद कुमार इस दुकान को चलाते हैं। यहाँ एक कप चाय 15 रुपये में मिलती है। वहीँ ब्रेड बटर की कीमत 40 से 50 रुपये होती है। लक्ष्मी चाय वाला वाराणसी के गोदौलिया क्षेत्र में प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर के पास स्थित है। स्टॉल पर अक्सर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रहती है।

Preeti Mishra

Preeti Mishra

Content Writer (Health and Tourism)

प्रीति मिश्रा, मीडिया इंडस्ट्री में 10 साल से ज्यादा का अनुभव है। डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी काम करने का तजुर्बा है। हेल्थ, लाइफस्टाइल, और टूरिज्म के साथ-साथ बिज़नेस पर भी कई वर्षों तक लिखा है। मेरा सफ़र दूरदर्शन से शुरू होकर DLA और हिंदुस्तान होते हुए न्यूजट्रैक तक पंहुचा है। मैं न्यूज़ट्रैक में ट्रेवल और टूरिज्म सेक्शन के साथ हेल्थ सेक्शन को लीड कर रही हैं।

Next Story