×

Ranchi Famous Tourist Places: स्वर्ग है रांची शहर, प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर, आइये लें चलें आपको भी यहां

Ranchi Famous Tourist Places: रांची शहर से 50 किमी दूर स्थित यह वाटरफॉल यहां के लोगों का पसंदीदा पिकनिक स्थल है। पांच झरनों को यहां एक साथ गिरता हुआ देख सकते हैं।

Sarojini Sriharsha
Published on: 8 March 2024 8:32 AM GMT
Ranchi Famous Tourist Places
X

Ranchi Famous Tourist Places

Ranchi Famous Tourist Places: भारत के झारखंड राज्य की राजधानी रांची कभी बिहार राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी हुआ करती थी। रांची को ब्रिटिश शासन के दौरान एक हिल स्टेशन का दर्जा मिला हुआ था। यह शहर एक खनिज भंडार के रूप में भी जाना जाता है। यहां के शांत और सुंदर प्राकृतिक दृश्य वाले हरे भरे जंगल पर्यटकों को काफी आकर्षित करते हैं। यहां के हर एक कोने पर आपको दर्शनीय स्थल मिल जायेगा। यहां प्राकृतिक झरने, मंदिर, खूबसूरत नजारे आपका मन भर देंगे। मशहूर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का निवास स्थान होने से लोगों का आकर्षण एक बार उनके घर के बाहर से गुजरना भी रहता है ।

यहां घूमने लायक कई जगहें हैं जहां जाकर आप अपनी यादें संजो सकते हैं।

पंच घाघ वाटरफॉल (Panchghagh Falls)

रांची शहर से 50 किमी दूर स्थित यह वाटरफॉल यहां के लोगों का पसंदीदा पिकनिक स्थल है। पांच झरनों को यहां एक साथ गिरता हुआ देख सकते हैं।


इसी कारण इसका नाम भी पंच घाघ वाटरफॉल पड़ा। झरने की तलहटी में जाकर सैलानी स्नान करते हैं और यहां सीढ़ियों के सहारे पहुंच सकते हैं।

सूर्य मंदिर (Ranchi Surya Mandir)

रांची से करीब 20 किमी की दूरी पर स्थित यह सूर्य मंदिर अपनी अनूठी वास्तुकला के लिए मशहूर है। रांची से रांची-टाटा राजमार्ग पर 37 किलोमीटर की दूरी पर यह मंदिर है।


यह सूर्य मंदिर घूमने के लिए सबसे लोकप्रिय स्थानों में से एक है। पहाड़ी की चोटी पर विशिष्ट वास्तुकला से बने इस मंदिर में 18 पहियों वाले सफेद संगमरमर के पत्थरों से बने एक विशाल रथ को सात घोड़े खींचते नज़र आएंगे। इसी परिसर में एक तालाब भी है जिसे हिंदू लोग बहुत पवित्र मानते हैं । हरे-भरे शांत वातावरण में स्थित यह मंदिर पयटकों को देखने के लिए आकर्षित करता है। रविवार और छठ पूजा के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा सकती है।

बिरसा जूलॉजिकल पार्क (Bhagwan Birsa Biological Park)

अगर आप वाइल्डलाइफ का आनंद लेना चाहते हैं या अपने परिवार में बच्चों के साथ यात्रा कर रहे हैं तो इस पार्क को घूमने अवश्य जाएं।


बाघ, शेर, हिरण सहित कई जीवों की प्रजातियों को आप देख सकते हैं। यहां के पार्क में पशु गोद लेने के कार्यक्रम से भी जुड़ सकते हैं। यह पार्क सोमवार के दिन बंद रहता है और इसके खुलने का समय सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहता है।

टैगोर हिल (Ranchi Tagore Hill)

महान कवि रवींद्रनाथ टैगोर के नाम पर इस हिल का नाम टैगोर हिल पड़ा है। ऐसा माना जाता है कि रवींद्रनाथ ने इस हिल पर अपना काफी समय व्यतीत किया था। अक्सर अपनी किताबें लिखने और एकांत पल का आनंद लेने के लिए कवि टैगोर इन पहाड़ियों पर आते थे। लगभग 300 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह हिल रॉक क्लाइम्बिंग और ट्रैकिंग जैसे साहसिक खेल प्रेमियों की पसंदीदा जगह है।


सीढ़ियों के द्वारा चढ़कर आप इस पहाड़ी के शीर्ष पर पहुँच सकते हैं और यहां से रांची शहर का खूबसूरत नज़ारा देख सकते हैं।इस पहाड़ी के आसपास की हरियाली भी इसकी सुंदरता बढ़ा देती है। इस पहाड़ी की तलहटी में प्रसिद्ध रामकृष्ण आश्रम है जहां जाकर आप ध्यान लगा सकते हैं । यहीं दिव्ययान और कृषि व्यवसायिक संस्थान का केंद्र भी स्थित है।

पतरातू घाटी (Patratu valley Ranchi)

रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर पर हरी भरी पतरातू घाटी सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं, यहां के दृश्य और धुंध भरे पहाड़ किसी ख़वाब से कब नहीं लगते।


इस जगह को एक तरफ पतरातू बांध तो दूसरी तरफ हरे-भरे पेड़ और रोमांटिक बनाते हैं। इस घाटी में आपको एस-टर्न, हेयरपिन और स्वूपिंग कॉर्नर वाले रोड का रोमांचक यात्रा करने का अनुभव मिलेगा । पतरातू बांध में पर्यटक बोटिंग का भी आनंद ले सकते हैं।

जगन्नाथ मंदिर (Jharkhand Ranchi jagannath Mandir)

रांची से 10 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित यह मंदिर पर्यटकों का सबसे लोकप्रिय ऐतिहासिक स्थल है। 17 वीं शताब्दी का यह जगन्नाथ मंदिर एक पहाड़ी पर स्थित है जिसे बरकगढ़ जगन्नाथपुर रियासत के ठाकुर अनी नाथ शाहदेव ने बनवाया था। यह मंदिर ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ मंदिर की छोटी प्रतिकृति के रूप में है।


इसकी जटिल नक्काशी और रंगीन पत्थरों का एक अनूठा मिश्रण पर्यटकों का मनमोह लेता है। पहाड़ी से शहर का खूबसूरत नजारा भी देखने को मिल जाता है। मंदिर जाने के लिए सीढ़ियां भी बनी हुई हैं। हर साल जून-जुलाई के महीने में यहां भी ओडिशा के जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर रथयात्रा आयोजित की जाती है जिसमें हजारों की संख्या में भक्त और सैलानी भाग लेते हैं।

रॉक गार्डन (Rock Garden Ranchi)

गोंडा हिल की चट्टानों से निर्मित यह रॉक गार्डन रांची में एक खास जगह है जहां से आप झरनों और मूर्तियों की कला के साथ पहाड़ी से अद्भुत प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकते हैं। यहां के स्थानीय लोग हर वीकेंड पर इस जगह घूमने के लिए आते हैं। यहां स्थित कांके बांध इसके आकर्षण को और बढ़ाता है। यहां से सूर्यास्त की खूबसूरती को देख आप अपने कैमरे में कैद कर सकते हैं। यहां के इतिहास को बताने के लिए इधर गाइड भी उपलब्ध रहता है।

रांची झील (Ranchi Lake)

रांची झील या बड़ा तालाब के नाम से मशहूर यह जगह शहर के बीच में स्थित है। सन् 1842 में ब्रिटिश कर्नल ने इस झील की खुदाई कराई थी।


यह जगह एक शांत और सुकून भरा समय बिताने के लिए सही है। झील के पास ही रांची पहाड़ी मंदिर है। इन दोनों जगहों को एक साथ मिलाने से शहर का एक खूबसूरत दृश्‍य देखने को मिलता है।

पहाड़ी मंदिर :

2140 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह पहाड़ी मंदिर शहर का सबसे खूबसूरत जगह है। इस मंदिर में भगवान शिव की पूजा आराधना होती है और साल भर शिव भक्तों की भारी भीड़ रहती है। खासकर महाशिवरात्रि और श्रावण महीने के दौरान श्रद्धालु भारी संख्या में इस मंदिर के दर्शन के लिए आते हैं । सीढ़ियों की मदद से इस मंदिर तक पहुंचा जा सकता है। ऐसा माना जाता है कि इस मंदिर के दर्शन से भक्तों की इच्छाएं पूरी होती हैं।

राज्य संग्रहालय होटवार (State Museum Ranchi Hotwar Khelgaon)

इसे रांची संग्रहालय के नाम से भी जाना जाता है। इस संग्रहालय में होटवार नृवंशविज्ञान की प्रदर्शनी है, इसके अलावा यहां हथियार और गोला बारूद, कलाकृतियां और आभूषण राज्य के इतिहास के बारे में भी आप जान सकते हैं।


इस संग्रहालय में मूर्तिकला गैलरी के साथ झारखंड के स्थापत्य स्थलों के दिलचस्प चित्रों का संग्रह भी देखने को मिलेगा। सुबह 10:30 से शाम 4:30 तक तक दर्शक इसे घूम सकते हैं।

नक्षत्र वन (Nakshatra Van Ranchi)

रांची में राजभवन के सामने स्थित नक्षत्र वन एक पार्क है जो नक्षत्रों की अनूठी अवधारणा पर बना है। इस पार्क में प्रत्येक राशि चक्र और आकाशीय पिंडों का विवरण है।


हिंदू ज्योतिषियों का मानना है कि प्रत्येक नक्षत्र एक पेड़ से मेल खाता है और इन वृक्षों का औषधीय, सौंदर्य, सामाजिक और आर्थिक मूल्य होता है। इस पार्क में संगीतमय फव्वारे के साथ आप वॉकिंग ट्रैक का आनंद ले सकते हैं। सोमवार को अवकाश रहता है लेकिन बाकी दिन सुबह 9:30 से शाम 6:30 बजे तक आप आ सकते हैं।

दशम वाटरफॉल (Ranchi Dassam Falls)

रांची से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह झरना प्रकृति प्रेमी पर्यटकों की पसंदीदा जगह है। इस झरने को अपनी अधिकतम महिमा पर पानी की 10 धाराओं में बट कर प्लंज पुल में गिरते हुए पर्यटक देख सकते हैं।


कांची नदी का निर्मल जल 144 फीट की ऊंचाई से गिरते हुए एक मनोरम दृश्य पेश करता है , जिसे जंगल झाड़ के बीच से गुजरते हुए एक अलग एहसास किया जा सकता है।

जोन्हा जलप्रपात :

रांची से करीब 43 किमी दूर जोन्‍हा जलप्रपात को लुभावने रूप से सुंदर लटकती घाटी के बीच पहली झलक ले सकते हैं । यहां आने के बाद इसके दृश्य पर्यटकों को एक लंबे समय तक अविस्मरणीय अनुभव देता है। भीड़ भाड़ से दूर इस झरने का आनंद किसी भी समय ले सकते हैं।

हुंडरू फॉल्स :

यह झरना भारत के 50 सबसे ऊंचे झरनों में से एक है।मानसून के दौरान रांची से 48 किमी की दूरी पर स्थित यह वाटरफॉल पर्यटकों का खास आकर्षण केंद्र है।

कैसे पहुंचे रांची (How To Reach Ranchi)

हवाई मार्ग से रांची आप देश के किसी भी कोने से पहुंच सकते हैं। रांची एयरपोर्ट जो बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के नाम से मशहूर है देश के कई प्रमुख भारतीय शहरों जैसे बेंगलुरु, दिल्ली, भुवनेश्वर, मुंबई, हैदराबाद, इंदौर, कोलकाता और पटना से जुड़ा हुआ है।

अगर आप रांची ट्रेन से आना चाहते हैं तो सभी प्रमुख शहरों से आपको रांची के कई ट्रेनें मिल सकती हैं। रांची जंक्शन रेलवे स्टेशन भारतीय रेलवे के दक्षिण पूर्व रेलवे जोन का मुख्यालय है और यहां से दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, मुंबई सहित सभी प्रमुख शहरों के लिए लगातार ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहती हैं। हटिया स्टेशन भी रांची के निकट है।

सड़क मार्ग से रांची शहर बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, गया, पटना और कोलकाता जैसे शहरों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है।

यहां ठहरने के लिए हर श्रेणी के होटल आसानी से सही रेट पर मिल जाएंगे। पर्यटकों के शॉपिंग के लिए यहां कई ऐसे मार्केट हैं जहां से आप अपने पसंद की चीजें खरीद सकते हैं।

रांची का मौसम सालभर घूमने वाला रहता है। सर्दियों में गरम कपड़े रखना न भूलें। गर्मी की छुट्टियां होने वाली हैं, तो देर किस बात की आप अपने घूमने के प्लान इस जगह जाना न भूलें।

( लेखिका वरिष्ठ पत्रकार ।)

Admin 2

Admin 2

Next Story