×

15 August पर बना रहें रोड ट्रिप प्लान, तो दिल्ली से 300 किमी के भीतर करें इन खुबसूरत जगहों की यात्रा

Road Trip Within 300 KM From Delhi: अगर आप दिल्ली से हैं तो आपके लिए रोड ट्रिप प्लान करना मजेदार रहता होगा।15 अगस्त,कृष्ण जन्माष्टमी और रक्षा बंधन पर छुट्टी रहेगी।

Anupma Raj
Published on: 6 Aug 2022 12:38 AM GMT (Updated on: 6 Aug 2022 9:29 AM GMT)
Road Trips Within 300 KM from Delhi
X

Road Trip (Image: Social Med)

Road Trip Within 300 KM From Delhi: भारत का दिल यानी दिल्ली, अगर आप दिल्ली से हैं तो आपके लिए रोड ट्रिप प्लान करना मजेदार रहता होगा। हालांकि मजेदार के साथ साथ आपके लिए थोड़ा मुश्किल भी हो जाता होगा। वो इसलिए क्योंकि आसपास इतनी सारी जगह दिख जाती हैं, जिनमें से कौन सी जगह बेस्ट हैं, ये चुनना मुश्किल हो जाता है।

इस साल 15 अगस्त के मौके पर 3 दिन की छुट्टियां पड़ रही हैं, इसके अलावा कृष्ण जन्माष्टमी और रक्षा बंधन भी करीब हैं, ऐसे में बेशक आप ट्रिप पर जाने की प्लान भी कर रहें होंगे। तो हम आपके इस प्लानिंग में मदद कर सकते हैं। आपको कुछ ऐसे खूबसूरत जगहों का नाम सुझा सकते हैं जहां आप आसानी से जा सकते हैं, वो भी एकदम कम खर्चों में। अगर आप ज्यादा दूर की नहीं बस 300 किमी आसपास रोड ट्रिप की प्लान कर रहें तो हम आपकी मदद जरूर कर सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं दिल्ली से मात्र 300 किमी भीतर की खुबसूरत जगहों के बारे में जहां आप छुट्टियां मना सकते हैं:

आगरा, यमुना एक्सप्रेसवे, उत्तर प्रदेश

सबसे पहले शुरुआत करते हैं आगरा से, आगरा से इसलिए क्योंकि ताज महल देखने की ख्वाहिश सिर्फ भारतीय लोगों को ही नहीं दूसरे देश से आए लोगों की भी होती है। आगरा दिल्ली से लगभग 222 किमी दूर है, यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से वहां पहुंचने में आपको मुश्किल से 4 घंटे लगेंगे। आगरा खूबसूरत ऐतिहासिक स्थानों से भरा हुआ है। आप ताजमहल, रहस्यमय फतेहपुर सीकरी, मेहताब बाग, आगरा किले का दीदार कर सकते हैं। इन ऐतिहासिक स्थलों के अलावा, मुगल उद्यानों की सुंदरता से आपको प्यार हो जाएगा। सिर्फ घूमना ही क्यों आगरा का मशहूर पेठा का भी आप लुफ्त उठा सकते हैं। पेठे को चखने के बिना आगरा की आपकी यात्रा अधूरी लगेगी ।

मथुरा, उत्तर प्रदेश

अगर आप आगरा की प्लान कर ही रहें हैं तो मथुरा का भी कर लें क्योंकि मथुरा आगरा से मात्रा 57 किमी की दूरी पर है। दिल्ली से अगर मथुरा आना चाहते हैं तो आपको 162 किमी का सफर तय करना होगा। भगवान श्रीकृष्ण की यह नगरी आपको अपने रंग में रंग लेगी। हिंदुओं के लिए मथुरा एक बहुत ही पवित्र स्थान है क्योंकि मथुरा को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मस्थान कहा जाता है। मथुरा में कई धार्मिक स्थल, स्मारक और प्रसिद्ध मंदिर हैं जहाँ आप मथुरा के महान इतिहास को समझ सकते हैं।

नीमराना, राजस्थान

दिल्ली से 144 किमी दूर नीमराना, राजस्थान के अलवर जिले में स्थित है। अगर आप रिसॉर्ट में छुट्टियां मनाना चाहते हैं तो यह आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन है क्योंकि नीमराना अपने शानदार और खूबसूरत रिसॉर्ट के लिए मशहूर है। यश आपको एक शानदार शाही फील देगा क्योंकि कभी यह एक किला था और बाद में एक भव्य रिसॉर्ट में परिवर्तित हो गया। आपको यहां की खूबसूरत ट्रेडिशन का आनंद उठाना चाहिए।

भरतपुर, राजस्थान

दिल्ली से लगभग 199 किमी दूर एक राजसी शहर भरतपुर जो राजस्थान में स्थित है। यह शहर अपने समृद्ध वन्य जीवन और विभिन्न रहस्यमय मंदिरों के लिए मशहूर है। राजस्थान की संस्कृति और परंपरा में खुद को ढालने के लिए आप भरतपुर की एक लंबी सड़क यात्रा की योजना बना सकते हैं। इस शहर के मध्य में राजसी लोहागढ़ किला है, जिसे 18 वीं शताब्दी में बनाया गया था। भरतपुर वन्यजीव अभयारण्य की यात्रा करें, जिसे केवलादेव घाना राष्ट्रीय उद्यान के नाम से जाना जाता है।

मसूरी, उत्तराखंड

खूबसूरत पहाड़ों में बसा यह शहर आपको अपनी खूबसूरत वादियों का दीवाना बना देगा। दिल्ली से करीब 276 किमी दूर बड़ा मसूरी खूबसूरत डेस्टिनेशन है, जहां आप अपना वीकेंड आराम से बिता सकते हैं। देहरादून के ठीक ऊपर, बसा मसूरी आप अपने दोस्तों या परिवार वालों के साथ घूम सकते हैं। यहां की ठंडी हवा, एडवेंचर एक्टिविटी आपको बहुत पसंद आएगी मैदानी इलाकों से एक अद्भुत गेटवे लंढौर में भी आपको जरूर जाना चाहिए, जो मसूरी से काफी करीब है।

लैंसडाउन, उत्तराखंड

दिल्ली से 256 किमी की दूरी पर बसा लैंसडाउन, उत्तराखंड की खूबसूरती में चार चांद लगाता है। प्राचीन पहाड़ी मंदिरों, प्रसिद्ध चर्चों से लेकर झरनों तक, लैंसडाउन में दुनिया भर के आगंतुकों को लुभाने के लिए सब कुछ है। इसके कुछ प्रमुख आकर्षण जैसे बोटिंग के लिए भुल्ला ताल और प्रतिष्ठित युद्ध स्मारक की यात्रा करें। यह छोटा सा शहर अपने प्राकृतिक खूबसूरती आपका दिल जीत लेगा।

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, उत्तराखंड

देखी से 245 किमी की दूरी पर जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क है, जो उत्तराखंड में स्थित है। नैनीताल जिले में स्थित, यह भारत के सबसे पुराने राष्ट्रीय उद्यानों में से एक है और इसने पूरे दशकों में अपार लोकप्रियता हासिल की है। यह वन्य जीवन का घर है, और यहां एक जंगल सफारी का यात्रा का आनंद ले सकते हैं। जिम कॉर्बेट की सड़क यात्रा निश्चित रूप से आपके लिए पैसा वसूल होगा।


Anupma Raj

Anupma Raj

Sports Content Writer

My name is Anupma Raj. I am from Patna. I'm a content writer with more than 3 years of experience.

Next Story