TRENDING TAGS :
Odisha Taptapani Tourist Places: एक बार जरूर घूमें तपतापानी, गरम पानी के झरने में स्नान के साथ आदिवासी बस्तियों की सैर
Taptapani Mein Kaha Ghume: तपतापानी खासकर अपने प्राकृतिक गर्म झरनों के लिए मशहूर है। ये झरने असल में सल्फर स्प्रिंग्स हैं, जिनके पानी में कई औषधीय गुण मौजूद होते हैं।
Odisha Taptapani Tourist Places: भारत देश का ओडिशा राज्य (Odisha) अपने प्राकृतिक खजाने के लिए मशहूर है। इस राज्य में हरे भरे जंगल, पहाड़, समुद्री तट, नदियां सभी मिल जायेंगे। इन्हीं में से एक जगह है तपतापानी (Taptapani) जो हरी-भरी पहाड़ियों और जंगल के बीच स्थित है। ऐसा लगता है मानो यह जगह बारिश से धुले जंगल और बादलों से घिरे पहाड़ियों के बीच बसा हो। तपतापानी नाम संस्कृत के दो शब्दों से लिया गया है- तप्त+पानी। जिसमें 'तप्त' का मतलब गर्म और पानी जिसका शाब्दिक अर्थ हुआ गर्म पानी। उड़ीसा की कई प्राचीन जनजातियों जैसे कुटिया कोंध, बोंडा, डिंगारा कोंध और माली का यह जगह निवास स्थान है और इसलिए यह जगह आदिवासी पर्यटन के लिए भी जाना जाता है। यहां उनके गांव की यात्रा कर उनके जीवनशैली के बारे में जान सकते हैं।
उड़ीसा के गंजम जिले (Ganjam) के जंगलों के बीच बरहमपुर जिले (Brahmapur) से करीब 50 किमी की दूरी पर स्थित यह तपतापानी खासकर अपने प्राकृतिक गर्म झरनों के लिए मशहूर है। ये झरने असल में सल्फर स्प्रिंग्स हैं, जिनके पानी में कई औषधीय गुण मौजूद होते हैं। लोगों का मानना है कि इस पानी में स्नान करने से कई तरह के रोग, दर्द और त्वचा संबंधी बीमारियां ठीक हो जाती हैं।
इस गरम पानी के झरने के अलावा यहां देखने योग्य एक शानदार बौद्ध मठ, हिरण पार्क और शिव मंदिर भी है। इस जगह लेखक, कवि अपनी रचनात्मक कार्यों के लिए भी आते हैं, साथ ही साथ लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने भी आते हैं।
यहां के कुछ खास पर्यटक स्थल हैं:-
गरम पानी का झरना
इस जगह लोग सल्फर से भरपूर गर्म पानी के झरनों में डुबकी लगाने आते हैं, ऐसा कहा जाता है कि इस पानी में नहाने से कई त्वचा संबंधी रोग और दर्द दूर हो जाते हैं। सैलानियों के अंदर इस झरने में स्नान के बाद नई ऊर्जा का संचार होता है। इस झरने तक पहुंचने में सैलानियों को जंगल के रास्ते ट्रेकिंग का आनंद भी लेने का मौका मिल जाता है।
श्री नीलकंठेश्वर मंदिर
भगवान शिव को समर्पित इस मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ महाशिवरात्रि और श्रावण के महीने में भारी तादाद में होती है।
हिरण पार्क
वन विभाग द्वारा बनाए गया हिरण पार्क पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। हरे भरे जंगलों के बीच खुले में विचरते हिरण पर्यटकों को एक अलग आनंद का आभास कराते हैं।
तिब्बती बस्ती जिरांग
जिरांग को चंद्रगिरि के नाम से भी जाना जाता है, यह ओडिशा के गजपति जिले का एक छोटा सा गांव है, जिसमें एक छोटी लेकिन महत्वपूर्ण तिब्बती आबादी रहती है। यहां का राजसी बौद्ध मठ एक मशहूर तीर्थस्थल है। यह जगह तपतापानी से करीब 35 किमी दूर है।
महेंद्र गिरी
चंद्रगिरी से लगभग 50 किमी की दूरी पर ये पहाड़ियां स्थित हैं। पूर्वी घाटों में सबसे ऊंचा माने जाने वाले पहाड़ियों में यह जगह प्रकृतिप्रेमी पर्यटकों के लिए जन्नत समान माना जाता है। इन पहाड़ियों में हरे भरे जंगलों के बीच सुंदर घाटियां और झरने सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यहां कई तरह के वन्यजीव और वनस्पति भी देख सकते हैं। दुनिया भर से पर्यटक यहां ट्रेकिंग के लिए आते हैं।
इसके अलावा तपतापानी के आस-पास और भी कई आकर्षक जगहें हैं जहां पर्यटक घूम सकते हैं। इनमें प्रमुख हैं गोपालपुर समुद्री तट जहां एक प्रसिद्ध लाइट हाउस है। यह जगह तपतापानी से करीब 70 किमी दूर है।
इसके अलावा करीब 40 किमी की दूरी पर खासदा झरना और 45 किमी दूर हरभंगी बांध और जलाशय भी यहां के दर्शनीय स्थल हैं।
कैसे पहुंचें (How To Reach Taptapani)
हवाई मार्ग से तपतापानी पहुंचने के लिए नजदीकी हवाई अड्डा भुवनेश्वर हवाई है जहां से तपतापानी लगभग 240 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां से टैक्सी द्वारा तपतापानी पहुंचा जा सकता है।
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम हवाई अड्डे से भी यहां पहुंचा जा सकता है। इस हवाई अड्डे से तपतापानी की दूरी करीब 268 किमी है। हवाई अड्डे से यहां पहुंचने के लिए टैक्सी अच्छा विकल्प है।
रेल मार्ग से तपतापानी पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी स्टेशन ओडिशा का बरहमपुर रेलवे स्टेशन है। कोलकाता और आंध्रप्रदेश के प्रमुख शहरों, ओडिशा के प्रमुख रेलवे स्टेशन और भारत के अन्य प्रमुख शहरों से यह स्टेशन अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। यहां से आप बस या टैक्सी के माध्यम से तपतापानी पहुंच सकते हैं। यहां से तपतापानी करीब 50 किमी की दूरी पर है।
सड़क मार्ग से तपतापानी ओडिशा के सभी जिलों से राज्य परिवहन बसों द्वारा अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा टैक्सी या निजी वाहन से भी पर्यटक यहां आ सकते हैं।
घूमने का सबसे अच्छा समय (Right To Visit Taptapani)
तपतापानी वैसे तो सैलानी साल के किसी महीने में आ सकते हैं। लेकिन गरम पानी के झरनों में स्नान करने के लिए सर्दियों और बारिश का मौसम सबसे उपयुक्त है। यहां ट्रैकिंग, पर्वतारोहण और प्रकृति की सैर करने के लिए अक्टूबर से मार्च तक सैलानी आकर आनंद उठा सकते हैं।
(लेखिका वरिष्ठ पत्रकार हैं।)