×

UP Tourist Places: यूपी के ये पर्यटन स्थल मोह लेंगे मन, विदेश जाने का प्लान भी कर देंगे कैंसिल

UP Tourist Places:परिवार के साथ कुछ दिन छुट्टियां मनाने जाने के बारे में सोच रहे हैं। तो घबराने की जरूरत नहीं है। यूपी के इन दार्शनिक स्थलों की खूबसूरती और नजारे इतने मनमोहक हैं कि यदि एक बार इन्हें देख लेंगे तो विदेश जाना भूल ही जाएंगे।

Shishumanjali kharwar
Published on: 2 Nov 2023 11:33 AM GMT
up-tourism
X

यूपी के प्रमुख पर्यटन स्थल

UP Tourist Places: अगर आप भी परिवार के साथ कुछ दिन छुट्टियां मनाने जाने के बारे में सोच रहे हैं। लेकिन बजट आपकी ख्वाहिशों के आड़े आ रहा है। तो घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। भारत में ही कई ऐसे पर्यटन स्थल है। जहां आप अपने परिवार के साथ घूमने जा सकते हैं। साथ ही इन पर्यटन स्थलों से आपको और बच्चों को इतिहास को भी जानने का अवसर मिलेगा। बात करें अगर देश में आबादी के लिहाज से सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की। तो यहां ऐसे बहुत से दार्शनिक स्थल हैं। जिन्हें देखने के लिए विदेशों से भी पर्यटक आते हैं। यूपी में स्थित इन दार्शनिक स्थलों की खूबसूरती और नजारे इतने मनमोहक हैं कि यदि एक बार इन्हें देख लेंगे तो विदेश जाना भूल ही जाएंगे। आप भी यहां अपने परिवार के साथ यूपी के इन पर्यटन स्थलों पर घूमने जा सकते हैं। इससे एक फायदा यह भी होगा कि इससे आपका बजट भी नहीं बिगड़ेगा।

यूपी के प्रमुख पर्यटन स्थल (UP Tourist Places)


ताज महल

आगरा का ताजमहल विश्व के सात अजूबों में से एक है। मुगलकालीन वास्तुकला का अनोखा दृश्य देखने के लिए लोग विदेशों से भी आते हैं। ताजमहल को भारत की इस्लामी कला का रत्न भी कहा जाता है। अधिकतर पर्यटक ताजमहल को देखने के लिए यहाँ अक्टूबर, नवंबर एवं फरवरी के महीनों में आते हैं। ताज सुबह 6 से शाम 6.30 बजे तक खुला रहता है। शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के चलते ताजमहल बंद रहता है। ताज महल के अंदर एक संग्रहालय भी है। आप ट्रेन से भी आगरा जा सकते हैं।


बुलंद दरवाजा

बुलंद दरवाजा उत्तर प्रदेश राज्य में आगरा शहर से 43 किमी दूर फ़तेहपुर सीकरी में स्थित एक दर्शनीय स्मारक है। इसका निर्माण 1571 ई. में अकबर ने सूफी संत सलीम चिश्ती के सम्मान में करवाया था। बुलन्द शब्द का अर्थ होता है महान या ऊँचा। आगरा से सीधे फतेहपुर सीकरी पहुंचकर बुलंद दरवाजा की भव्यता को करीब से निहारा जा सकता है।


वाराणसी

भगवान भोलेनाथ की नगरी वाराणसी को धार्मिक स्थलों का केंद्र भी माना जाता है। वाराणसी में कई बेहतरीन पर्यटन स्थल हैं। यहां साल भर विदेशी पर्यटकों का जमावड़ा लगा ही रहता है। काशी विश्वनाथ मंदिर, दुर्गा कुंड, संकट मोचन से लेकर प्रयाग घाट, अस्सी घाट, मणिकर्णिका घाट जैसे स्थलों को देखने के बाद मन बेहद रोमांचित हो जाता है। साथ ही यहां सारनाथ जैसे दार्शनिक स्थल भी हैं। एक और चीज वाराणसी की भव्यता और पर्यटकों के रोमांच का केंद्र रहती है वह है गंगा आरती। इसलिए जब भी वाराणसी पहुंचे तो यहां हर शाम होने वाली गंगा आरती में जरूर शामिल हों।


सोनभद्र

सोनभद्र उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा जिला है। विंध्य पर्वत श्रृंखला के दक्षिण पूर्व भाग में स्थित यह जगह घूमने के लिए बेहद खास है। सोनभद्र के पर्यटन का एक बड़ा हिस्सा इतिहास और पुरानी संस्कृति पर केंद्रित है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के नाम पर सोनभद्र में आपको प्राचीन काल की ऐतिहासिक इमारतें, गौरवशाली किले और गुफाएं देखने को मिलेंगी। आपको जानकर हैरानी होगी कि सोनभद्र भारत का एकमात्र ऐसा जिला है जिसकी सीमा देश के चार राज्यों - मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार से लगती हैं।


कतर्नियाघाट

अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं और बजट के अभाव में नेचर की खूबसूरती का आनंद नहीं ले पा रहे हैं। तो आपको परेशान नहीं होना चाहिए। यूपी के बहराइच जिले में स्थित कतर्निया वन्यजीव अभयारण्य में आप प्रकृति को करीब से देख सकते हैं। यह दुधवा टाइगर रिजर्व से जुड़ा है, जहां आप घने जंगल के बीच चीता भी देख सकते हैं। कतर्निया घाट पर लगभग 30 बाघ, हाथी, गैंडा, गिद्ध, अजगर और कई दुर्लभ सांप देखे जा सकते हैं।


अयोध्या

उत्तर प्रदेश का अयोध्या जनपद धार्मिक आस्था का केंद्र है। इस शहर की पौराणिक मान्यता भी है। यह मशहूर शहर पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। अयोध्या नगरी को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में जाना जाता हैं। इसलिए मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के दर्शन को तीर्थयात्री अयोध्या पहुंचते हैं। वर्तमान में अयोध्या राम मंदिर के बन जाने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में भी जबरदस्त इजाफा होगा। तो आप भी परिवार के साथ अयोध्या के रमणीय स्थलों का भ्रमण कर आस्था के साथ ही पर्यटन का आनंद ले सकते हैं।


लखनऊ

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को ‘नवाबों का शहर’ कहा जाता है। यहां के पर्यटन स्थल पर्यटकों को बहुत पसंद आते हैं। लखनऊ घूमने आने वाले पर्यटकों को यहां के दो स्थलों के अलावा यहां का व्यंजन भी अपनी तरफ आकर्षित करता है। मुगल वास्तुकला पर्यटकों को लखनऊ शहर की ओर आकर्षित करती है। लखनऊ में बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, लखनऊ चिड़ियाघर, आंबेडकर पार्क, रेजीडेंसी, लखनऊ संग्रहालय, विशाल दरवाज़ा, छतर मंजिल, बेगम हजरत महल पार्क, शाही बावली, आसिफी मस्जिद, हुसैनाबाद घंटाघर, सतखण्डा, सआदत अली खान का मकबरा, बेगम मुर्शिदादी का मकबरा, शाहनजफ इमामबाड़ा समेत कई दार्शनिक स्थल हैं।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story