×

दीवाली पर घर जाना है तो न हों परेशान, रोडवेज बसें देंगी आज से साथ

By
Published on: 17 Oct 2017 6:11 AM GMT
दीवाली पर घर जाना है तो न हों परेशान, रोडवेज बसें देंगी आज से साथ
X

लखनऊ: दीपावली व छठ पूजा पर घर जाना है और ट्रेनों में सीटें भर चुकी हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की 3,000 स्पेशल रोडवेज बसें आपको गंतव्य स्थानों तक पहुंचाने का कार्य आज (मंगलवार) से प्रारंभ कर रही हैं। स्पेशल बसें 17 से 22 अक्टूबर तथा 24 से 29 अक्टूबर तक चलेंगी। वहीं प्रोत्साहन योजना से कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया जा रहा है। चालकों व परिचालकों के अधिक काम करने पर प्रोत्साहन भत्ता देने का निगम ने निर्णय लिया है।

हर साल दीपावली पर बस अड्डों पर बढ़ती भीड़ को देखकर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए इस ओर कदम बढ़ाया है। निगम दीपावली पर अपने यात्रियों को कई सौगातें दे रहा है। स्पेशल बसों से लेकर प्रत्येक रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई दी गई है। इसके अलावा किसी भी बस स्टॉप पर खड़े रहने पर बसें मिल जाएंगी।

यह भी पढ़ें: योगी जी ! यूपी परिवहन की जनरथ-शताब्दी बसों में महंगाई डायन खाए जात है !

राजधानी में यहां मिलेंगी स्पेशल बसें

राजधानी में त्योहारी स्पेशल बसें मुख्य रूप से लखनऊ के चारबाग, कैसरबाग, आलमबाग बस स्टेशन से मिलेंगी। इसके अलावा दिल्ली के आनंद विहार बस स्टेशन से भी स्पेशल बसें मंगलवार से चल रही हैं।

प्रोत्साहन योजना बेहतर रास्ता

मंगलवार से 24 अक्टूबर तक विशेष प्रोत्साहन योजना के तहत यूपी में रोडवेज बसों का संचालन होगा। इसके लिए निगम ने तैयारी पूरी कर ली है। ड्राइवरों व कंडक्टरों को उत्साहित करने के लिए उनको प्रोत्साहन भत्ता भी दिया जाएगा।

यह भी परिवहन: दीवाली पर परिवहन विभाग का यात्रियों के लिए तोहफा, पहले ‘बुकिंग कराओ, छूट पाओ’

सभी बस स्टॉपों पर मिलेगी सुविधा

परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने निर्देश दिया है कि 8 दिनों तक प्रदेश के प्रत्येक रूट के सभी स्टॉपेजों पर यात्रियों को बैठाया जाए। इसके लिए उन्होंने वरिष्ठ पर्यवेक्षकों व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को विशेष नजर रखने का आदेश दिया है।

पूर्वांचल पर है विशेष नजर

परिवहन निगम के आला अधिकारियों का यह दावा है कि सबसे अधिक सवारियां प्रदेश में पूर्वांचल के लिए निकलती हैं। इसलिए लखनऊ, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, अलीगढ़, नोएडा की बसों को पूर्वांचल भेजा जाएगा। दिल्ली मार्ग के लिए विशेष तैयारी परिवहन निगम ने किया है। इस रूट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखकर सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं क्योंकि पिछली बार दिल्ली रोड पर कई घटनाएं भी हुई थीं।

यह भी पढ़ें: त्योहार पर परिवहन निगम ने दिया झटका, रोडवेज बसों के किराए में हुई बढ़ोत्तरी

इन मार्गों पर निगम का विशेष नजर

लखनऊ एवं आनंद विहार दिल्ली से वाराणसी, इलाहाबाद, गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, गोरखपुर, बस्ती, सुल्तानपुर, महाराजगंज, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, फैजाबाद के लिए सीधी बसें चल रही हैं।यह स्पेशल बसें रास्ते में कहीं भी नहीं रुकेंगी।

कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल

निगम ने आदेश जारी कर दिया है कि किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कर्मचारी छुट्टी पर गए हैं, उनको तत्काल ड्यूटी पर आने के निर्देश दिया गया है। केवल मृत्यु तथा बीमारी पर ही छुट्टी मिल सकती है।

Next Story