×

शुरू हो गईं कृष्ण जन्माष्टमी की भव्य तैयारियां, कमलकुंज बंगले में दर्शन देंगे ठाकुरजी

By
Published on: 21 Aug 2016 7:43 AM GMT
शुरू हो गईं कृष्ण जन्माष्टमी की भव्य तैयारियां, कमलकुंज बंगले में दर्शन देंगे ठाकुरजी
X

मथुरा: देश भर में बड़े ही धूमधाम से मनाई जाने वाली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आ चुकी है। मथुरा, गोकुल, दिल्ली से लेकर वृंदावन सहित कई जगहों पर कृष्ण जन्माष्टमी के लिए मंदिरों में युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य आयोजन श्रीकृष्ण के जन्मस्थान पर 25 अगस्त गुरूवार को होगा। इसके बारे में श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि पूरे परिसर को बड़े ही डिजायनर और क्रिएटिव तरीके सजाया जा रहा है। देश के विभिन्न भागों के कारीगर दिन-रात साज-सज्जा में जुटे हैं।

क्या कहना है कपिल शर्मा का

वह बताते हैं कि मंदिर परिसर में स्थित श्रीकेशवदेव मंदिर में कई तरह के फूलों और कपड़ों से सजे भव्य बंगले में ठाकुरजी विराजमान होंगे। वहीं भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि में गर्भगृह की ख़ास सजावट की जा रही है।

mathura

भागवत भवन के प्रवेश द्वारों की सज्जा से भगवान श्रीकृष्ण की नटखट लीलाओं के दर्शन होंगे। पूरे भवन की साज-सज्जा में कमल, कमलाकृति, मक्खन की मटकी, पत्र, फूल, वस्त्र आदि का प्रयोग कर कमल कुंज का स्वरूप दिया जाएगा।

नगाड़ों के साथ होगी मंगला आरती

इस अवसर पर ठाकुर जी रेशम, जरी, सिल्क एवं रत्न के बने कपड़े सुबह मंगला दर्शन में धारण करेंगे। बुधवार 24 अगस्त को सायं 6 बजे मंदिर से संत एवं भक्तजन ढोल-नगाड़े, झांझ-मजीरे, कीर्तन के बीच भगवान श्री राधाकृष्ण की दिव्य पोशाक अर्पित करने के लिए कीर्तन करते हुए जाएंगे। शाम 6:15 पर जन्म महोत्सव की पोशाक के विशेष दर्शन होंगे। 25 अगस्त को शहनाई-नगाड़ों के वादन के साथ मंगला आरती होगी, इसके बाद भगवान का पंचामृत अभिषेक होगा।

mathura

सुबह 10 बजे महंत नृत्य गोपाल दास महाराज व गुरूशरणानंद महाराज के सानिध्य में दिव्य पुष्पांजलि कार्यक्रम होगा। जन्म महाभिषेक का मुख्य कार्यक्रम रात 11 बजे श्रीगणेश नवग्रह पूजन से होगा। रात 12 बजे भगवान के प्राकट्य के साथ संपूर्ण मंदिर परिसर में महाआरती होगी जो 12:10 बजे तक चलेगी। उन्होंने बताया कि इस बार मथुरा, बनारस व राजस्थान के कारीगरों द्वारा निर्मित यंत्र में विराज कर भगवान अभिषेक स्थल पधारेंगे।

mathura

अनोखा होगा भोग कार्यक्रम

धीरे-धीरे कमल पुष्प की पंखुडियां खुलेंगी और कमल पुष्प के हृदय में ठाकुर जी के दर्शन होंगे। प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि लड्डू गोपाल को जन्माष्टमी पर सवा सौ मन लड्डुओं एवं मेवा पाग का भोग लगाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। भगवान को मुख्यत: मेव, कुट्टू, गोंद व मिंगी के लड्डूओं का भोग लगाया जाएगा।

mathura

पांच स्थानों पर बनेंगे जूता-सामान घर

उन्होंने बताया कि पांच स्थानों पर जूता व सामान घर बनेंगे। यह सामान घर रूपम सिनेमा, जवाहर इंटर कालेज, श्री गर्तेश्वर मंदिर, गोविन्दम रेस्टोरेंट, श्रीकेशवदेव गेस्ट हाउस पर बनाए जाएंगे। प्राथमिक चिकित्सा के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सहयोग किया जाएगा। प्रेस वार्ता में मुख्य अधिशासी राजीव श्रीवास्तव, विशेष कार्याधिकारी गिर्राज शरण गौतम, जनसंपर्क अधिकारी विजय बहादुर सिंह व रणधीर सिंह मौजूद रहे।

mathura

Next Story