×

सुनील अरोड़ा बने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त, पदभार ग्रहण किया

सुनील अरोड़ा ने रविवार को भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त का पद भार ग्रहण कर लिया। उन्होंने मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ओम प्रकाश रावत की जगह ली।

Aditya Mishra
Published on: 2 Dec 2018 6:47 AM GMT
सुनील अरोड़ा बने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त, पदभार ग्रहण किया
X

नई दिल्ली: सुनील अरोड़ा ने रविवार को भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त का पद भार ग्रहण कर लिया। उन्होंने मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ओम प्रकाश रावत की जगह ली। मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में सुनील अरोड़ा का कार्यकाल ढाई साल का होगा। ओम प्रकाश रावत शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

2019 लोकसभा चुनाव की होगी जिम्मेदारी

सुनील अरोड़ा राजस्थान कैडर के आइएएस अधिकारी रहे हैं, जिनके कंधों पर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा सात राज्यों के विधानसभा चुनावों की भी देखरेख अरोड़ा करेंगे। बता दें कि जम्मू एवं कश्मीर, ओडिशा, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव भी अगले साल होने हैं।

ये भी पढ़ें...चुनाव आयोग देखेगा ईवीएम में गड़बड़ी का मामला : राम नाईक

राजस्थान कैडर के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं

सुनील अरोड़ा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1980 बैच के राजस्थान कैडर के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। खबरों के मुताबिक विधि मंत्रालय ने सोमवार को अरोड़ा की नियुक्ति को सरकार से मंजूरी मिलने के बाद उसे अनुशंसा के लिए राष्ट्रपति भवन भेजा था। जिसके बाद अरोड़ा की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की अधिसूचना जारी की गई थी।

यहां दे चुके हैं अपनी सेवाएं

राजस्थान में प्रशासनिक सेवा के दौरान विभिन्न जिलों में तैनाती के अलावा 62 वर्षीय अरोड़ा ने केंद्र सरकार में सूचना एवं प्रसारण सचिव और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वह वित्त और कपड़ा मंत्रालय एवं योजना आयोग में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह 1993 से 1998 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री के सचिव और 2005 से 2008 तक मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भी रहे हैं।

ये भी पढ़ें...‘आप’ को चुनाव आयोग का नोटिस, ये है पूरा मामला

जानिए कौन हैं सुनील अरोड़ा?

-सुनील अरोड़ा साल 1980 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी है।

-उन्होंने वित्त, कपड़ा एवं योजना आयोग जैसे मंत्रालयों एवं विभागों में भी विभिन्न पदों पर सेवाएं दी हैं।

-वह साल 1999-2002 के दौरान नागरिक विमानन मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर काम कर चुके हैं।

-वे पांच साल तक इंडियन एयरलाइंस के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) भी रहे हैं, इसमें दो साल तक वह अतिरिक्त प्रभार में थे जबकि तीन साल तक उनके पास कंपनी का पूर्णकालिक प्रभार था।

-वे राजस्थान में धौलपुर, अलवर, नागौर और जोधपुर जैसे जिलों में तैनात रह चुके हैं।

-वे वर्ष 1993-1998 के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव पद पर थे।

-वे वर्ष 2005-2008 के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव थे।

-उन्होंने राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क, उद्योग एवं निवेश विभागों में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

ये भी पढ़ें...काउंटिंग से पहले ही EVM पर रार, चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस

Aditya Mishra

Aditya Mishra

Next Story