×

वेनेजुएला में सरकार के खिलाफ जारी है विरोध प्रदर्शन, 37 लोगों की मौत

By
Published on: 7 May 2017 5:56 AM GMT
वेनेजुएला में सरकार के खिलाफ जारी है विरोध प्रदर्शन, 37 लोगों की मौत
X

कराकस: वेनेजुएला में एक अप्रैल से सरकार के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों में अब तक 37 लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रपति निकोलस मडुरो के समर्थकों ने शांति के लिए और आतंकवाद के विरोध में मार्च का आह्वान किया। इसमें सत्तारूढ़ युनाइटेड सोशलिस्ट पार्टी ऑफ वेनेजुएला (पीएसयूवी) के सदस्य शामिल हैं।

विपक्षी पार्टी डेमोक्रेटिक यूनिटी राउंडटेबल (एमयूडी) का समर्थन कर रही महिलाओं ने सरकार की दमन की नीति के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया है।

गौरतलब है कि शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे विपक्ष के नेता लियोपोल्डो लोपेज की पत्नी लिलियन टिंटोरी के नेतृत्व में विपक्षी धड़े का 'मार्च ऑफ द वुमेन' शुरू हुआ। लियोपोल्डो जेल में बंद हैं।

देश में शनिवार को हुए इन विरोध प्रदर्शनों से तनाव बढ़ गया है। विपक्षी धड़ा मडुरो सरकार को देश की राजनीति एवं आर्थिक अस्थिरता और सामाजिक संकट के लिए जिम्मेदार ठहरा रहा है। मडुरो प्रशासन ने इस सप्ताह विपक्ष पर आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रहने का आरोप लगाया है।

सरकार ने शुक्रवार को हेक्डर लुगो (20) की मौत की पुष्टि की। लुगो गुरुवार को विपक्ष के प्रदर्शनों के दौरान घायल हो गया था जिसके बाद से विरोध प्रदर्शनों में मृतकों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। गृह, न्याय एवं शांति मंत्री नेस्टर रेवेरोल के मुताबिक, 135 दुकानों को लूट लिया गया है। सुरक्षा संगठनों ने इस लूट के लिए 45 आपराधिक गिरोहों की पहचान की है।

सौजन्य: आईएएनएस

Next Story