×

Aaj Ka Mausam: देश में सात दिनों तक लू चलने की संभावना नहीं,पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज दिखेगा आंधी-पानी का कहर

Aaj Ka Mausam 25 April 2023: पिछले दो दिनों से पारे के गिरने से गर्मी का प्रभाव कम दिखने को मिल रहा है। कल आंधी- तूफान के साथ तेज बारिश हुई। आने वाले दिनों में भी लू से राहत हो सकती है...

Anshuman Tiwari
Published on: 25 April 2023 9:19 AM GMT
Aaj Ka Mausam: देश में सात दिनों तक लू चलने की संभावना नहीं,पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज दिखेगा आंधी-पानी का कहर
X
Aaj Ka Mausam 25 April 2023

Aaj Ka Mausam 25 April 2023: मौसम में आए बदलाव के बाद देश के अधिकांश इलाकों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक देश के किसी भी हिस्से में लू चलने की कोई संभावना नहीं है। बुधवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर दस्तक देने वाला है जिसका मौसम पर बड़ा असर दिखाई देगा। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली-एनसीआर में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज देश के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज आंधी के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज मौसम सूखा रह सकता है जबकि देश के कई अन्य राज्यों में भी बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, गंगीय पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और ओडिशा में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

नए पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा बड़ा असर

मौसम विभाग का कहना है कि आज एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय पर दस्तक देने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और ओलावृष्टि होने की आशंका है। इसका असर मैदानी इलाकों पर भी दिखाई देगा। मैदानी इलाकों में 28 अप्रैल से आंधी के साथ बारिश होने की आशंका है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार से ही बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि 26 से 28 अप्रैल के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 27 और 28 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। अगले सात दिनों तक देश के किसी भी हिस्से में लू चलने की संभावना नहीं है।

यूपी में बदला मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर के बाद अब आंधी-पानी का माहौल बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी आगे भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का माहौल बना रहेगा। उत्तर प्रदेश में सोमवार को कई जिलों के मौसम में भारी बदलाव दिखा। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई है। कानपुर और अयोध्या समेत कई जिलों में ओलावृष्टि होने की भी खबर मिली है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के मौसम में भारी उतार-चढ़ाव का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है और इस कारण लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी दिल्ली का मौसम हुआ सुहाना

बारिश के कारण राजधानी दिल्ली का मौसम सुहाना हो गया है और अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री कम है। अप्रैल में आगे भी राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम बने रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का खासा असर दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल महीने के दौरान सामान्य से 45 डिग्री अधिक बारिश हो चुकी है। इससे पहले मार्च महीने के दौरान भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली में दो दिन बाद एक बार फिर बारिश होने का अनुमान है।

राजस्थान में तेज हवाओं के साथ होगी बारिश

जयपुर स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक 26-27 अप्रैल को राज्य में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इस कारण प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि जोधपुर, जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के जिलों में काफी तेज गति से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश होने के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में 28 अप्रैल से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

इन इलाकों में आज बारिश होने की संभावना

दक्षिण छत्तीसगढ़, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु और केरल में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों में एक या दो स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।

सिक्किम, ओडिशा और रायलसीमा में एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तरी छत्तीसगढ़, विदर्भ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, मराठवाड़ा, उत्तराखंड और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हौने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story