×

Aligarh News: पिया के नाम की मेहंदी सजाए बैठी रह गई दुल्हन, बिन बारात वापस लौटा दहेज लोभी

Aligarh News: दूल्हा बैंड-बाजे और ढोल नगाड़ों के साथ बारात चढ़ाने के बाद शादी के मंडप में पहुंचा था। लेकिन दहेज का सामान देखकर दुल्हे ने कार्यक्रम करने से मना कर दिया।

Laxman Singh Raghav
Published on: 18 April 2023 10:31 AM GMT
Aligarh News: पिया के नाम की मेहंदी सजाए बैठी रह गई दुल्हन, बिन बारात वापस लौटा दहेज लोभी
X
Aligarh News (photo: social media )

Aligarh News: दहेज का दानव समाज को किस कदर खोखला कर रहा है, यूपी के अलीगढ़ में इसकी बानगी देखने को मिली। आरोप है कि दहेज की डिमांड न पूरी होने पर लालची दूल्हे ने जयमाल सहित अन्य कार्यक्रमों से मना कर दिया। दुल्हन के भाई यहां तक कि दुल्हन ने भी खूब खुशामद की लेकिन दहेजलोभियों का दिल नहीं पसीजा और वह दुल्हन बिना विदा कराये ही बैरंग लौट गये। इस दौरान बारातियों तरह-तरह के पकवानों का खूब मजा लिया। कन्या पक्ष ने दहेज लोभियों के खिलाफ छर्रा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।

जनपद के छर्रा थाना क्षेत्र के गांव सलगवा में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हा बैंड-बाजे और ढोल नगाड़ों के साथ बारात चढ़ाने के बाद शादी के मंडप में पहुंचा था। लेकिन दहेज का सामान देखकर दूल्हा बिफ़र गया और जयमाला सहित अन्य कार्यक्रम करने से मना कर दिया। दूल्हे के इस फैसले से घराती सकते में आ गए। इस घटना के बाद दुल्हा बिना दुल्हन के ही अपनी बारात लेकर वापस लौट गया।

बताया जा रहा है कि एक लाख रुपये दहेज में नहीं मिलने पर बात बिगड़ गई। दुल्हन के भाई ने पैर पकड़ लिए और दुल्हन ने भी खूब खुशामद भी की गई। लेकिन जब दूल्हे ने शादी तोड़ दी तो दुल्हन मेहंदी लगे हाथों में थाने पहुंच गई और दहेज लोभी दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

क्या है पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के थाना छर्रा क्षेत्र के सलगवा गांव निवासी यादराम सिंह ने अपनी पुत्री मीनू की शादी थाना खैर इलाके के कस्बा खैर अड्डा स्थित मोहल्ला नगला मेहताब निवासी युवक उजागर सिंह के साथ तय की थी। दोनों पक्षों के बीच शादी की तारीख 16 अप्रैल निहित की गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों की तरफ से दूल्हा और दुल्हन की शादी की तारीख निहित होने के बाद सगाई में दुल्हन पक्ष ने 4 से 5 लाख रुपये खर्च कर दिए थे। इसके बाद रविवार को धूमधाम से बारात आई ओर घोड़ा बग्गी पर पगड़ी लगाकर बैठे दूल्हे ने ढोल नगाड़े और बैंड बाजों के साथ बारात चढ़त का पूरा लुत्फ उठाया। इसके बात दुल्हन के द्वार पर घोड़ा बग्गी में बैठकर पहुंचे दूल्हे ओर बारातियों का दुल्हन पक्ष ने बढ़-चढ़कर स्वागत किया। इस दौरान शादी में शरीक होने के लिए पहुंचे दूल्हे के बारातियों को शादी के मंडप में दावत भी करवाई। बताया जा रहा है कि जब डाला खोला गया तो दहेज के सामान से दूल्हा पक्ष बिदक गया और दूल्हा उजागर सिंह दुल्हन को शादी के मंडप में छोड़ते हुए अपनी बारात लेकर अपने गांव वापस लौट गया।बताया जा रहा है कि इस दौरान दुल्हन मीनू के भाई दिनेश ने दूल्हे उजागर सिंह के पैर पकड़ लिए। दुल्हन ने भी खूब खुशामद की। लेकिन दूल्हा पक्ष भंवर डालने के लिए तैयार नहीं हुए। दोनों पक्षों के बीच सोमवार को भी वार्ता होती रही। लेकिन दहेज को लेकर पेंच फंस गया। लड़की ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बेटी की खुशी के लिए जो खर्च करना था। वह किया। वही एक लाख अतिरिक्त दहेज मांगने पर दुल्हन पक्ष ने हाथ जोड़ लिये, इसके बाद दुल्हन मीनू दहेज लोभी दूल्हे के खिलाफ शिकायत लेकर थाना छर्रा पहुंच गई और दूल्हे पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

दुल्हन ने क्या कहा?

दुल्हन मीनू का कहना है कि नगला मेहताब से बारात आई थी। दावत खाई और दहेज पर बात बिगड़ने पर दूल्हा पक्ष वापस लौट गया। दुल्हन मीनू ने बताया कि उसके भाई और परिवार के लोगों ने दूल्हे के बहुत हाथ पैर जोड़े, लेकिन बात नहीं बनी। बारात में करीब डेढ़ सौ से अधिक लोग शामिल हुए थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे ने भंवर नहीं डाली,ओर बिना शादी किए हुए ही दूल्हा अपनी बारात को लेकर वापस चला गया।

रोते हुए बोला दुल्हन का भाई

दुल्हन का भाई दिनेश ने आंखों में आंसू लेते हुए कहा कि दूल्हे पक्ष ने दहेज मांगा, लेकिन अब हमारे परिवार के पास दहेज में देने के लिए एक लाख रुपये नहीं है। दिनेश ने बताया कि बारात चढ़ गई थी। दावत हो गई थी। दहेज की बात होने पर भंवर नहीं पड़ी।दूल्हा बिना शादी के वापस लौट गया। वहीं अब दिनेश दूल्हे पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर बहन के साथ थाना छर्रा पहुंचे। मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी शुभेंदु सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Laxman Singh Raghav

Laxman Singh Raghav

Next Story