×

UP चुनाव: राजभर ने AAP से मिलाया हाथ, BJP के खिलाफ ठोकी ताल

आठ दलों को मिलाकर बनी भागीदारी संकल्प मोर्चा को सशक्त करने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रयास तेज कर दिया है।

Newstrack
Published on: 1 Aug 2020 2:23 PM GMT
UP चुनाव: राजभर ने AAP से मिलाया हाथ, BJP के खिलाफ ठोकी ताल
X

बलिया: आठ दलों को मिलाकर बनी भागीदारी संकल्प मोर्चा को सशक्त करने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रयास तेज कर दिया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ एक मजबूत गठबंधन को लेकर सुभासपा को बड़ी कामयाबी मिली है। आम आदमी पार्टी व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एक साथ आयेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लॉकडाउन समाप्त होने के बाद मोर्चा की एक बड़ी रैली को सम्बोधित करेंगे।

ये भी पढ़ें: युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, इन पांच पर लगा हत्या का आरोप, केस दर्ज

उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, नये राजनैतिक घटनाक्रम तेजी से बन व बिगड़ रहे हैं। भाजपा को बॉय बॉय करने के बाद सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर भाजपा के विरोध में एक मजबूत गठबंधन को आकार देने में जुटे हैं। उन्होंने भागीदारी संकल्प मोर्चा गठित किया है, जिसमें फिलहाल आठ दल हैं।

इसमें बाबु सिंह कुशवाहा के साथ ही कृष्णा पटेल का दल शामिल है। उत्तर प्रदेश में राजनैतिक पृष्ठभूमि बनाने की जुगत में लगे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह की कल पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर की टेलीफोन पर बातचीत हुई। आप नेता ने ओम प्रकाश राजभर को मिलने के लिए आमंत्रित किया।

दो घंटे तक चली मुलाकात

बलिया में होने के कारण ओम प्रकाश राजभर तो नही जा सके, उन्होंने अपने पुत्र सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर को मुलाकात व बातचीत के लिए भेेेज दिया। कल रात्रि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह से लखनऊ के राज्य विशिष्ट अतिथि गृह में मुलाकात व बातचीत हुई । तकरीबन दो घंटे तक यह मुलाकात चली।

ये भी पढ़ें: ईद-उल-अजहा: सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इमाम फिरंगी महली से मिलने पहुंचे

अरविंद राजभर ने न्यूजट्रैक को बताया कि इस मुलाकात में आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता सिंह ने आप के भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होने पर सहमति दे दी है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर व उनकी दिल्ली में मुलाकात होगी तथा इस गठबंधन का दिल्ली में ही औपचारिक रूप से ऐलान होगा । उन्होंने बताया कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार ने आम जनता के साथ छलावा किया है । दोनों दल भाजपा की जन विरोधी नीतियों को लेकर एक साथ आकर संघर्ष का बिगुल फूकेंगे ।

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने न्यूजट्रैक को बताया कि दोनों दलों में बातचीत को लेकर कल आप नेता संजय सिंह ने पहल किया और उनकी फोन पर बातचीत हुई। लखनऊ से बाहर बलिया में रहने के कारण उन्होंने अपने पुत्र व दल के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर को बातचीत के लिये भेजा।

लॉकडाउन समाप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश में एक बड़ी रैली होगी

उन्होंने बताया कि लॉकडाउन समाप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश में एक बड़ी रैली होगी, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिये यह प्रयास किया जा रहा है कि समान विचारधारा के सभी दलों को एक मंच पर लाया जाय।

रिपोर्ट: अनूप कुमार हेमकर

ये भी पढ़ें: पूर्वांचल विश्वविद्यालय: इस प्रोफेसर ने संभाला नए कुलपति का कार्यभार

Newstrack

Newstrack

Next Story