×

UP News: ज्ञानवापी सर्वे के तीसरे दिन तीनों गुंबद और व्यास जी के तहखाने में सर्वेक्षण, जीपीएस मशीन का किया गया प्रयोग

UP News: हिंदू पक्ष के बयान पर मुस्लिम पक्ष के लोगों ने जताई नाराजगी, जिला प्रशासन से शिकायत कर कहा कि जब एएसआई(ASI)सर्वे कर रही है, तब किसी तरह की बयानबाजी नहीं करना चाहिए।

Purushottam Singh Varanasi
Published on: 6 Aug 2023 1:49 PM GMT (Updated on: 6 Aug 2023 2:13 PM GMT)
UP News: ज्ञानवापी सर्वे के तीसरे दिन तीनों गुंबद और व्यास जी के तहखाने में सर्वेक्षण, जीपीएस मशीन का किया गया प्रयोग
X
(Pic: Newstrack)

UP News: ज्ञानवापी परिसर में चल रहे एएसआई सर्वे के चौथे दिन आज टीम ने व्यास जी के तहखाने और शिखर के तीनों गुंबदों का सर्वे किया। शिखर के तीनों गुंबदों की पैमाइश के बाद जीपीएस (GPS) विधि से सर्वे किया गया। रविवार के दिन मुस्लिम पक्ष के द्वारा व्यास जी के तहखाने की चाबी देने के बाद सर्वे की टीम रविवार को ही व्यास जी के तहखाने में दाखिल हुई थी। आज एग्जास्ट फैन लगाकर और दीवारों की साफ-सफाई करने के बाद टीम ने सर्वे की कार्यवाही को आगे बढ़ाया।

दीवारों पर उकेरी गई कलाकृतियों के पॉइंट्स देखे

सर्वे की टीम के द्वारा दीवारों और फर्श का 3-डी विधि से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराते हुए वहां का सैंपल कलेक्ट किया। साथ ही व्यास जी के तहखाने में दीवारों पर उकेरी गई कलाकृतियों के पॉइंट्स नोट किए। सर्वे की कार्यवाही सुबह 8:00 बजे से प्रारंभ हुआ जो दोपहर 1:00 बजे तक लगातार चलता रहा। दोपहर 1:00 बजे लंच ब्रेक और नमाज के लिए सर्वे की टीम परिसर को खाली कर देती है। जिसमें 2 घंटे का लंच ब्रेक होता है, जिसके बाद सर्वे पुनः 3:00 बजे से शुरू होता है और शाम के 5:00 बजे तक सर्वे की कार्यवाही समाप्त होती है।

बेसमेंट भी चल रहा काम, सर्वे में लगेगा समय

हिंदू पक्ष के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने मीडिया से बताया कि एएसआई का सर्वे डिटेल में किया जाता है। इस वजह से समय लगेगा, बात अगर आज के सर्वे की करें तो आज गुंबद और तहखाने में सर्वे का कार्य किया गया। विष्णु शंकर जैन ने कहा कि हर दिन हमें क्या मिला, यह जानने से बेहतर है कि हम इस पर सोचें की आज हमने क्या काम किया। हम अधिवक्ता और चारों वादिनी महिलाएं इस पर बयान नहीं देना चाहते कि आज क्या मिला? जब तक सर्वे कंप्लीट करके उसकी रिपोर्ट नहीं बन जाती, तब तक हमलोग आपको यह नहीं बता सकते कि आज क्या मिला?जीपीएस मशीन आज भी यूज की गई है। कोर्ट का ऑर्डर है सहयोग बढ़िया रहा है। बेसमेंट में भी काम चल रहा है। सभी एडवांस मशीनों का सर्वे में प्रयोग किया जा रहा है। कल सावन के सोमवार के चलते अभी समय क्लियर नहीं है, लेकिन सर्वे कल भी होगा।

हिंदू पक्ष के बयान से ख़फ़ा है मुस्लिम पक्ष

हिंदू पक्ष की तरफ से सर्वे को लेकर दिए जा रहे बयान से मुस्लिम पक्ष काफी खफा है। सोशल मीडिया पर शिवलिंग और त्रिशूल मिलने की बात को प्रचारित-प्रसारित किया जा रहा था। जिसको लेकर आज मुस्लिम पक्ष ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन से इसकी शिकायत की। मुस्लिम पक्ष ने कहा कि जब एएसआई सर्वे कर रही है, इस तरह की बयानबाजी नहीं करना चाहिए। एसआई अपना काम खुद करेगी और कहां क्या मिल रहा है, यह भी बाहर बताने की जरूरत नहीं है। बता दें कि हिंदू पक्ष की तरफ से तहखाने के अंदर मूर्तियां और अवशेष मिलने की बात हिंदू पक्षकारों के द्वारा कही गई, जिस पर हिंदू पक्ष के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने भी आपत्ति जताते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार का बयानबाजी करना ठीक नहीं है।

Purushottam Singh Varanasi

Purushottam Singh Varanasi

Next Story