×

कानपुर मुठभेड़ में शहीद पुलिसकर्मियों को सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि

सपा जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदोरिया ने कहा कि विकास दुबे एक शातिर अपराधी के रूप में जाना जाता है और वह कई वर्षों से खुलेआम शहर में विचरण कर रहा था।

Newstrack
Published on: 4 July 2020 3:23 PM GMT
कानपुर मुठभेड़ में शहीद पुलिसकर्मियों को सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि
X

औरैया: शनिवार की देर शाम समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने कानपुर में हुई मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए आठ पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए कैंडल मार्च निकाला। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने पंडित गेंदालाल दीक्षित चौराहे से पैदल मार्च शुरू किया और मौन जुलूस के माध्यम से सुभाष चौराहे पर पहुंचे। जहां पर सुभाष प्रतिमा के आसपास उन्होंने मोमबत्तियां जलाकर शोक व्यक्त किया।

सपा ने कैंडल मार्च निकाल कर दी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि

इस दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही ऐसे अपराधी निरंकुश हो गए हैं। जिन्होंने पुलिसकर्मियों से को मारने से पहले एक बार भी नहीं सोचा कि वह जनता के सच्चे हितैषीयों की निर्मम हत्या कर रहे हैं। कहा कि जो पुलिस चौबीसों घंटे जागकर हमारी व हमारे परिवारों की सुरक्षा करती है उस पर इस तरह से ताबड़तोड़ फायरिंग करना कितना बड़ा गुनाह है। उन्होंने कहा कि विकास दुबे को एक आतंकवादी घोषित कर देना चाहिए। कैंडल मार्च के दौरान सपा जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदोरिया ने कहा कि विकास दुबे एक शातिर अपराधी के रूप में जाना जाता है और वह कई वर्षों से खुलेआम शहर में विचरण कर रहा था।

ये भी पढ़ें- गलवान घाटी पर फिल्म बनाएंगे अजय देवगन, अक्षय कुमार हो गए ट्रोल

तब भारतीय जनता पार्टी की सरकार को नहीं दिखाई दिया कि उसे गिरफ्तार कर ले। और जब उसने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया तो योगी सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए पुलिस की 100 टीमें गठित कर उसे गिरफ्तार शीघ्र करने का दावा प्रस्तुत कर रही है। मगर कई घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक पुलिस के हाथ आखिर खाली क्यों है। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब पुलिस टीम अपराधी विकास दुबे के यहां पर छापेमारी कार्रवाई करने गई थी तो उसे यह कैसे जानकारी मिली कि कितने लोग उसे गिरफ्तार करने के लिए आ रहे हैं। यह भी एक चिंता का विषय बना हुआ है। सपाइयों ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार की कड़ी निंदा की है।

सरकार अपराधियों को दे कड़ी सजा-सपा

समाजवादी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सत्तार ने कहा कि पहले तो वह भारत मां के 8 सिपाहियों की शहादत पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं। उसके उपरांत उन्होंने कहा कि सरकार शीघ्र ही ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ा दंड दे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई कि एक ही जगह पर 8 पुलिसकर्मी घटनास्थल पर शहीद हो गए।

ये भी पढ़ें- कानपुर मुठभेड़ पर चिदंबरम का सवाल, रात को अपराधी के गढ़ में क्या करने गई पुलिस

श्रद्धांजलि देने वालों में मुख्य रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद इरशाद, मीडिया प्रभारी अमित यादव, अनुज यादव, सफीक ठेकेदार, अवधेश भदोरिया, पूर्व विधायक इंद्रपाल सिंह पाल, कल्लू यादव, विशाल यादव, ओम प्रकाश ओझा, नगर अध्यक्ष अशोक गुप्ता, अखिलेश सक्सेना, पूर्व ब्लाक प्रमुख पति गणेश सिंह सहित दो दर्जन से अधिक समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- प्रवेश चतुर्वेदी

Newstrack

Newstrack

Next Story