×

Ayodhya: रामलला का 155 देशों की नदियों के जल से होगा अभिषेक, 23 अप्रैल को रक्षा मंत्री और CM योगी करेंगे पूजा

Ayodhya News: दिल्ली बीजेपी के पूर्व विधायक डॉ. विजय जौली ने कारसेवकपुरम में बताया कि, दुनिया के तमाम देश के पवित्र जल को तांबे के लोटे में भरकर सील किया गया है। इन पर प्रत्येक देश के नाम के साथ-साथ झंडे का स्टीकर भी चिपका है।

Aman Kumar Singh
Published on: 6 April 2023 8:54 PM GMT (Updated on: 6 April 2023 8:58 PM GMT)
Ayodhya: रामलला का 155 देशों की नदियों के जल से होगा अभिषेक, 23 अप्रैल को रक्षा मंत्री और CM योगी करेंगे पूजा
X
रामलला के जलाभिषेक के लिए दुनिया भर से पहुंचा जल (Social Media)

Ayodhya News : अयोध्या में श्रीराम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) का 155 देश की नदियों के जल से अभिषेक किया जाएगा। ये कार्यक्रम 23 अप्रैल को होगा। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister Rajnath Singh) और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के भी शामिल होने की उम्मीद है। यह पवित्र जल 23 अप्रैल को मणिराम दास की छावनी सभागार में सुबह 10 बजे भव्य समारोह के दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपा जाएगा।

दुनिया के 155 देशों और 7 महाद्वीपों की नदियों तथा समुद्रों का जल प्रवासी भारतीयों ने अयोध्या राम मंदिर जलाभिषेक के लिए भारत भेजा है। इसमें पाकिस्तान की रावी नदी के अलावा चीन (China), यूक्रेन (Ukraine) और रूस (Russia) की नदियों का भी जल आया है।

जल से भरे लोटे पर देश का नाम और झंडा

दिल्ली स्टडी ग्रुप के अध्यक्ष और बीजेपी के पूर्व विधायक डॉ. विजय जौली (Dr. Vijay Jolly) ने गुरुवार (06 अप्रैल) कारसेवकपुरम में ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, 'प्रत्येक देश के पवित्र जल को तांबे के लोटे में भरकर पैक और सील किया गया है। इन पर प्रत्येक देश के नाम के साथ झंडे का स्टीकर लगा है। इनको भगवा रिबन से सजाया गया है।'

ये बोले चंपत राय

इस संबंध में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra) के महासचिव चंपत राय ने बताया, '5 अगस्त 2020 को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया था। उसी समय दिल्ली में बीजेपी के पूर्व विधायक विजय जौली ने राम मंदिर का दुनिया के सभी देशों के जल से अभिषेक करने की इच्छा जाहिर की थी। अब ये इच्छा साकार होने जा रही है।'

राजनाथ सिंह के साथ ये भी आएंगे

चंपत राय ने बताया कि, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने स्वीकृति दे दी है। इसके अलावा योग गुरु बाबा रामदेव (Baba Ramdev), विहिप के दिनेश चंद्र, संघ प्रचारक रामलाल (Ram Lal, RSS), इंद्रेश कुमार, जैन आचार्य लोकेश मुनि, महामंडलेश्वर स्वामी यतेंद्रानंद गिरि, पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल जोगिंदर जसवंत सिंह, सांसद मनोज तिवारी (MP Manoj Tiwari), सांसद प्रवेश वर्मा सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

CM योगी को विशेष आमंत्रण

चंपत राय ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। 20 से अधिक देशों के प्रवासी भारतीय नेताओं सहित अनेक देशों के राजनयिक भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय शरद शर्मा मौजूद रहे।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story