×

आजम की पत्नी ने लगाया आरोप: प्रशासन से पति और बेटे की जान को खतरा

आजम खान अपने भड़काऊ बयानों के कारण इस बार भी चुनाव के दौरान विवादों में घिरे रहे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार जयाप्रदा पर भी टिप्पणी की। भड़काऊ भाषण के कारण उनको चुनाव आयोग से प्रचार पर प्रतिबंध भी झेलना पड़ा।

Shivakant Shukla
Published on: 18 May 2019 1:00 PM GMT
आजम की पत्नी ने लगाया आरोप: प्रशासन से पति और बेटे की जान को खतरा
X

लखनऊ: सपा नेता आजम खान की पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा ने शनिवार को आरोप लगाया है कि रामपुर के जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी जगदंबा प्रसाद गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता और एसडीएम सदर प्रेमप्रकाश तिवारी उनके परिवार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। उनके पति और बेटे की हत्या कराना चाहते हैं।

उन्होंने अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। आजम खान अपने भड़काऊ बयानों के कारण इस बार भी चुनाव के दौरान विवादों में घिरे रहे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार जयाप्रदा पर भी टिप्पणी की। भड़काऊ भाषण के कारण उनको चुनाव आयोग से प्रचार पर प्रतिबंध भी झेलना पड़ा।

ये भी पढ़ें— सुल्तानपुर: इस गंभीर मामले में गठबंधन प्रत्याशी के भाई समेत 7 के खिलाफ केस दर्ज

वहीं रामपुर जिला प्रशासन से भी उनकी ठनी हुई है। दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। आजम और उनके परिवार ने प्रशासन पर कई गम्भीर आरोप लगाये हैं। आजम के बाद उनकी पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा ने अधिकारियों से अपने विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम और पति आजम खान की जान को खतरा बताया है।

डॉ. तंजीन फातिमा ने आशंका जतायी है कि 23 मई को मतगणना के दिन जिला प्रशासन गड़बड़ी कर सकता है। इससे पहले एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट ने आजम खान से खुद की जान को खतरा बताया था। इसके बाद आजम ने जिला प्रशासन के अफसरों से अपनी जान को खतरा बताया। वहीं एसडीएम सदर की तरफ से भी पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजते हुए आजम खान से जान का खतरा बताया गया है।

ये भी पढ़ें— लवासा मामले पर कांग्रेस का आरोप: मोदी सरकार के हाथों की कठपुतली बना चुनाव आयोग

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के आगाज से लेकर सातवें और अंतिम चरण के प्रचार की समाप्ति तक भले ही अखिलेश यादव और मायावती कांग्रेस को कोसते रहे हों, लेकिन सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान का मानना है कि कांग्रेस की वजह से गठबंधन को नुकसान हुआ है। आजम ने अपने ताजा बयान में स्वीकार किया है कि नुकसान तो जाहिर है और अगर चार वोट भी कटे हैं तो नुकसान पहुंचा है। हालांकि इसके लिए वह कांग्रेस को ही जिम्मेदार ठहराते हैं।

आजम के मुताबिक इस नुकसान की शुरुआत कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनाव के दौरान की थी। अगर तब उसने थोड़ा सा दिल भी बड़ा किया होता तो ऐसी स्थिति नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच सिर्फ हम वाली है।

वहीं चुनाव नतीजों के बाद विपक्ष को बहुमत मिलने की स्थिति पर प्रधानमंत्री के सवाल पर आजम ने कहा कि हमारे पास कई पीएम कैंडिडेट हैं उनमें से चुनेंगे।

ये भी पढ़ें— श्रीलंका में कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया जा रहा वेसाख, राष्ट्रपति ने रिहा किए 762 कैदी

इसके अलावा महिला पर बयान देने को लेकर अपने ऊपर लगे आरोपों के जवाब में सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि मेरी जिन्दगी का एक लम्बा सियासत और शराफत का सफर है। मैं बच्चियों के लिए चार स्कूल, एक यूनिवर्सिटी चलाता हूं। मेरी मां-पिता को गालियां दी गईं। कौन सी गंदी बात है जो मेरे बारे में नहीं कही गई।

Shivakant Shukla

Shivakant Shukla

Next Story