×

मणि मंजरी रायः नायब तहसीलदार की भूमिका संदिग्ध, परिजन मिले डीआईजी से

मणि मंजरी के भाई विजया नन्द राय ने बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक से बातचीत के बाद परिवार को भरोसा है कि उनको बहुत जल्द न्याय मिल जायेगा।

Newstrack
Published on: 20 July 2020 10:30 AM GMT
मणि मंजरी रायः नायब तहसीलदार की भूमिका संदिग्ध, परिजन मिले डीआईजी से
X

बलिया: मनियर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय की मौत के मामले में नायब तहसीलदार रजत सिंह पर भी शिकंजा कसता जा रहा है। मणि मंजरी के परिजन कल पुलिस उप महानिरीक्षक सुभाष चंद्र दूबे से मिले। डी आई जी दूबे ने नायब तहसीलदार की भी इस मामले में भूमिका होने की बात कही है तथा भरोसा दिलाया है कि इस कांड का बहुत जल्द खुलासा हो जाएगा। तथा इस घटना में शामिल सभी लोग बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

परिजनों ने की उप महानिरीक्षक से मुलाकात, जल्द न्याय की उम्मीद

मनियर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय के परिजनों को न्याय दिलाने की लड़ाई में पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा आगे आ गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंहा पिछले दिनों मणि मंजरी के परिजनों से मिलने उनके पैतृक गांव पहुँचे थे तथा उन्होंने अपने स्तर से न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंहा ने पुलिस उप महानिरीक्षक सुभाष चंद्र दुबे से बातचीत की तथा कहा कि मणि मंजरी के मामले को उनके परिवार का मामला समझ कर निष्पक्ष कार्रवाई करें। पूर्व केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद मणि मंजरी के दोनों भाई, पिता व मामा कल पुलिस उप महानिरीक्षक सुभाष चंद्र दुबे से मिले। मणि मंजरी के भाई विजया नन्द राय ने आज न्यूजट्रैक से बातचीत में बताया कि यह मुलाकात तकरीबन दो घण्टे तक चली।

ये भी पढ़ें- योगी के निशाने पर अब ये अपराधीः जेल से हैं बाहर, बेखौफ रहे हैं घूम

इस दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक श्री दुबे ने पूरे मामले में हुई पुलिसिया कार्रवाई का ब्यौरा दिया तथा कहा कि इस मामले में परिजनों ने जिन लोगों को आरोपी बनाया है। उनकी तो भूमिका है ही। इसके अतिरिक्त नायब तहसीलदार रजत सिंह की भी भूमिका है। इस मामले के सभी आरोपियों के साथ ही नायब तहसीलदार रजत सिंह की भी बहुत जल्द गिरफ्तारी होगी। मणि मंजरी के भाई विजया नन्द राय ने बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक से बातचीत के बाद परिवार को भरोसा है कि उनको बहुत जल्द न्याय मिल जायेगा। उन्होंने बताया कि परिवार को डी आई जी के आश्वासन से बल मिला है।

सीएम के दौरे से पहले मामले को निपटाने में जुटी पुलिस

इस बीच पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिया है। जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अगले कुछ दिनों में कार्यक्रम की चर्चा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के पूर्व पुलिस इस मामले का भंडाफोड़ करना चाहती है ताकि मुख्यमंत्री के दौरे में पुलिस को कोई असहज स्थिति का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दृष्टिगत ही पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने आज सुबह शहर कोतवाल विपिन सिंह को तलब किया तथा इस बहुचर्चित मामले के शीघ्र खुलासा को लेकर निर्देश दिया।

ये भी पढ़ें- वैक्सीन के लिए बेताबीः सौ बुलाए 1800 आए, ट्रायल को सब तैयार

इस मामले में नायब तहसीलदार रजत सिंह पर पुलिसिया शिकंजा कसता जा रहा है। इस मामले में गिरफ्तार वाहन चालक चंदन वर्मा ने नायब तहसीलदार के सम्बंध में पुलिसिया पूछताछ में महत्वपूर्ण खुलासा किया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मुकदमे से जुड़े कई लोगों के मोबाइल फोन जांच के लिए राज्य मुख्यालय भेजा है। राज्य मुख्यालय से जांच रिपोर्ट आते ही नायब तहसीलदार पर गिरफ्तारी की तलवार लटकने की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्ट- अनूप कुमार हेमकर

Newstrack

Newstrack

Next Story