Balrampur News: कांग्रेस उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ने मणिपुर की घटना पर भाजपा की निंदा, बोले खतरे में है संविधान

Balrampur News: संकल्प सभा में मौजूद कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। इसे बचाने के लिए कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर संविधान बचाओ रैली निकाली जा रही है।

By
Published on: 25 July 2023 5:33 PM GMT
Balrampur News: कांग्रेस उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ने मणिपुर की घटना पर भाजपा की निंदा, बोले खतरे में है संविधान
X
(Pic: Newstrack)

Balrampur News: कांग्रेस की तरफ से निकाली जा रही संविधान बचाओ रैली श्रावस्ती से बलरामपुर पहुंची। रैली के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने इसका स्वागत करते हुए संविधान बचाओ संकल्प सभा का आयोजन किया। इसमें मुख्य रूप से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री मौजूद रहे। संकल्प सभा में मौजूद कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। इसे बचाने के लिए कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर संविधान बचाओ रैली निकाली जा रही है। आरोप लगाया कि जहां देश का एक प्रदेश मणिपुर जल रहा है वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी विदेशों में सैर सपाटा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संसद के अंदर बेरोजगारी गरीबी महंगाई सहित तमाम मुद्दों पर चर्चा चाहती है, लेकिन भाजपा इन मुद्दों से बचने के लिए सदन में भाग रही है। जिस तरह रोम जल रहा था और नीरो बंसी बजा रहा था। उसी तरह मणिपुर जलता रहा और देश के प्रधानमंत्री अमेरिका, फ्रांस तथा दूसरे दौर देशों का दौरा कर देश की समस्याओं से मुंह मोड़ते रहे। उन्होंने कहा कि मणिपुर की घटना से देश को शर्मसार होना पड़ रहा है और जो भी इसे देखेगा शर्म आयेगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की तरफ से गठित इंडिया एलाइंस बहुत बड़ा और प्रभावी गठबंधन है, उसके सामने एनडीए गठबंधन मामूली व छोटा साबित होगा।

उन्होंने विपक्षी एकता का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्षी एकता से घबरा गई है। इसीलिए वह चेहरे की बात करके विपक्षी एकता को कमजोर करना चाह रही है, लेकिन विपक्ष उनके जाल में नहीं आने वाला है। जो जीत के आएंगे सदन तय करेगा की प्रधानमंत्री कौन बनेगा। पूर्व मंत्री व नकुल दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के संविधान को खत्म कर देना चाहती है। उन्होंने कहा की आने वाला 2024 लोक सभा का चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। यदि भाजपा फिर सत्ता में आ गई तो देश से लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। सम्मेलन में पूर्व सांसद चंद्रभाल मणि तिवारी, पूर्व विधायक मंगलदेव सिंह, जिलाध्यक्ष अनुज सिंह, महिला सभा की जिलाध्यक्ष आरिफा उत्साही पूर्व ब्लाक प्रमुख शिव लाल,रमेश कुमार, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य पंकज गुप्ता सहित अनेक वक्ताओं ने अपना विचार रखा।

पूर्व मंत्री व नकुल दुबे, पूर्व विधायक मंगलदेव सिंह, जिलाध्यक्ष नसीम चौधरी, दिलीप कुमार शर्मा व विद्यामणि त्रिपाठी ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। अपील किया कि कार्यकर्ता क्षेत्र में पहुंचकर आमजन से संपर्क कर उन्हें कांग्रेस पार्टी की नीतियों के बारे में जागरूक बनाए। संकल्प सभा में चंद्रपाल सिंह यादव, मोहम्मद अहमद, दिलीप त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Next Story