×

Balrampur News: ‘छोटी काशी’ कहे जाने वाले इस मंदिर में सावन सोमवार पर उमड़ी भीड़, भोलेनाथ के जलाभिषेक कर हुई प्रार्थना

Balrampur News: सावन मास के सोमवार को बोल बम व हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। शिव मंदिर व शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए भोर पहर से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया।

By
Published on: 24 July 2023 11:56 AM GMT
Balrampur News: ‘छोटी काशी’ कहे जाने वाले इस मंदिर में सावन सोमवार पर उमड़ी भीड़, भोलेनाथ के जलाभिषेक कर हुई प्रार्थना
X
‘छोटी काशी’ कहे जाने वाले इस मंदिर में सावन सोमवार पर भक्तों ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक और प्रार्थना: Photo- Newstrack

Balrampur News: सावन मास के सोमवार को बोल बम व हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। शिव मंदिर व शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए भोर पहर से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। भगवान शिव का जलाभिषेक कर भक्तों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। घरों में भी शिव भक्तों ने जलाभिषेक व रुद्राभिषेक कर भोलेनाथ से परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। कांवरियों ने राप्ती नदी व पवित्र सरोवरों से जल भरकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया।

झारखंडी शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

शहर के झारखंडी शिव मंदिर में भोर पहर ही महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। मंदिर परिसर में लगीं दुकानों से बेलपत्र, फूल, बेर, गन्ना, भांग, धतूरा व सफेद फूल खरीदकर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु कतार बद्ध हो गए। जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए पूरा दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। चकवा गांव से श्रद्धालुओं का जत्था गाजे-बाजे के साथ निकला। बोल बम का जयघोष लगाते हुए श्रद्धालु बलरामपुर झारखंडी शिव मंदिर पहुंचे, यहां के प्रमुख पुजारी बाबा सोनू गिरि से आशीर्वाद प्राप्त कर भोले नाथ को जलाभिषेक किया। उन्होंने बताया कि सावन का दो सोमवार बीत चुका है। 18जुलाई से मलमास शुरू हो गया है जो पूरे एक माह 16 अगस्त तक रहेगा। इसके बाद फिर से 15 दिन सावन शुरू हो जायेगा। इस तरह यह 19 साल के बाद ऐसा मुहर्त आया है कि मालमास लेकर इस बार सावन 8 सोमवार का होने जा रहा है, जो जीवों के लिए हर तरह से मंगलकारी माना गया है।

गांव-गांव में दिखा आस्था का संगम

इसके साथ जनपद के विभिन्न गांवों से श्रद्धालुओं का जत्था गाजे-बाजे के साथ निकला। बोल बम का जयघोष लगाते हुए श्रद्धालु तुलसीपुर स्थित सिरिया से जल भरकर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे। यहां पर पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी से आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि भोले नाथ एकेश्वर नाथ माने गए हैं और भोले बाबा मां काली और शिव दोनों रूप में अर्द्धनारीश्वर है। इसीलिए अन्य शिव मंदिरो की भांति मलमास और सावन में भी देवीपाटन में शिव भक्तों की भीड़ रहती है। शिव भक्त इसके बाद पैदल चलकर जनकपुर स्थित मुक्तेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचे। यहां पर भी भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। इसके अलावा बिजलीपुर मंदिर स्थित शिवालय, पचपेड़वा स्थित शिवगढ़ धाम, मथुरा बाजार स्थित शिवालय, उतरौला के दुखहरण नाथ, राजापुर भरिया जंगल के कल्पेश्वर नाथ व धर्मपुर स्थित झारखंडेश्वर महादेव मंदिर समेत जिले के अन्य छोटे बड़े शिवालयों में भी भोर पहर से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

महामृत्युंजय जप व रुद्राभिषेक की रही धूम

नगर के झारखंडी नाथ शिव मंदिर में महामृत्युंजय जप अनुष्ठान का आयोजन हुआ। सात पुरोहितों द्वारा सोमवार को महामृत्युंजय मंत्रों का जाप करने के साथ भगवान शिव की महिमा का बखान किया गया। मुख्य यजमानों ने शिव मंत्रों का उच्चारण करते हुए दूध, जल, दही, घी व शहद से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। इसके अलावा नगर के वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी रुद्राभिषेक किया गया।

मंदिरों पर रहे सुरक्षा के कड़े प्रबंध

मलमास के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शिव मंदिर व शिवालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शिवालयों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहीं। एसपी केशव कुमार व एएसपी नम्रता श्रीवास्तव सहित सभी क्षेत्राधिकारी, कोतवाल व प्रभारी निरीक्षक भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

Next Story