Barabanki News: मिड डे मील बनाते समय दर्दनाक हादसा, विद्यालय में फटा प्रेशर कुकर, महिला रसोईया जख्मी, लखनऊ रेफर

Barabanki News: बाराबंकी जिले के कंपोजिट विद्यालय में मिड डे मील बनाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्रेशर कुकर फटने से एक महिला रसोईया गंभीर रूप से घायल हो गई।

Sarfaraz Warsi
Published on: 28 July 2023 10:46 AM GMT
Barabanki News: मिड डे मील बनाते समय दर्दनाक हादसा, विद्यालय में फटा प्रेशर कुकर, महिला रसोईया जख्मी, लखनऊ रेफर
X

Barabanki News: बाराबंकी जिले के कंपोजिट विद्यालय में मिड डे मील बनाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्रेशर कुकर फटने से एक महिला रसोईया गंभीर रूप से घायल हो गई। विद्यालय में प्रेशर कुकर फटने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल महिला रसोइया को अध्यापकों ने स्थानीय सीएचसी पर भर्ती करवाया। जहां पर मौजूद डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए रसोईया निर्मला देवी को उपचार के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। घायल निर्मला देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

विद्यालय में नियुक्त हैं पांच रसोईया

पूरा मामला बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कंपोजिट विद्यालय सुनौली का है। इस विद्यालय में पंजीकृत 366 बच्चों का मिड डे मील बनाने के लिए पांच रसोईया नियुक्त हैं। सुबह रसोईया निर्मला देवी प्रेशर कुकर पर बच्चों के लिए चने उबाल रही थी, इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ प्रेशर कुकर फट गया। तेज आवाज होते ही बच्चों और अध्यापकों में हड़कंप मच गया। सभी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, जहां पर निर्मला देवी का चेहरा प्रेशर कुकर फटने से गंभीर घायल हो चुका था। वह फर्श पर पड़ी तड़प रही थी। विद्यालय में मौजूद अध्यापकों ने आनन-फानन में घायल निर्मला देवी को इलाज के लिए स्थानीय रामसनेहीघाट सीएचसी में भर्ती करवाया।

खंड शिक्षा अधिकारी ने साधी चुप्पी

अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने घायल निर्मला देवी का प्राथमिक उपचार किया। जिसके बाद उसकी हालत को गंभीर देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं घटना के बारे में जब खंड शिक्षा अधिकारी से जानकारी लेनी चाही गई तो उन्होंने इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं दी। लोगों का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारी नौकरशाही करते हुई क्षेत्र के विद्यालयों की व्यवस्थाओं के बारे में कभी भी कोई जानकारी लेने नहीं पहुंचते हैं। जिसके चलते क्षेत्र के कई विद्यालयों में व्यवस्थाएं जानलेवा बनी हुई हैं।

Sarfaraz Warsi

Sarfaraz Warsi

Next Story