×

चीन की बड़ी साजिश: अब साइबर हमले का खतरा, कई भारतीय कंपनियां निशाने पर

लद्दाख में भारत के साथ सीमा विवाद में उलझा चीन भारत पर साइबर हमले की भी साजिश रच रहा है। चीन की सरकार और चीन की सेना से जुड़े हैकिंग ग्रुप भारतीय कंपनियों को निशाना बनाने की साजिश में जुटे हुए हैं।

Roshni Khan
Published on: 21 Jun 2020 4:48 AM GMT
चीन की बड़ी साजिश: अब साइबर हमले का खतरा, कई भारतीय कंपनियां निशाने पर
X

नई दिल्ली: लद्दाख में भारत के साथ सीमा विवाद में उलझा चीन भारत पर साइबर हमले की भी साजिश रच रहा है। चीन की सरकार और चीन की सेना से जुड़े हैकिंग ग्रुप भारतीय कंपनियों को निशाना बनाने की साजिश में जुटे हुए हैं। चीन के हैकरों के निशाने पर कई सरकारी एजेंसियां, फार्मा कंपनी, मीडिया हाउस, टेलीकॉम ऑपरेटर और एक बड़ी टायर कंपनी है। साइबर इंटेलिजेंस फर्म साईफर्मा ने इस बारे में चेतावनी जारी की है। साईफर्मा का कहना है कि साइबर हमले की साजिश रचने वाले हैकिंग ग्रुपों का चीन की सरकार और सेना से नजदीकी संबंध है और वे इन दोनों के लिए काम करते रहे हैं।

ये भी पढ़ें:Father’s Day स्पेशल: किसी के लिए फरिश्ता तो किसी के दिल का सुकून हैं Papa

साईफर्मा ने जारी की चेतावनी

साईफर्मा की ओर से जारी की गई चेतावनी में बताया गया है कि हैकरों के निशाने पर भारत की नोडल एजेंसी सीईआरटी-इन भी है। इसके साथ ही हैकरों की ओर से हमले के लिए तैयार की गई सूची में बीएसएनल, एयरटेल,सन फार्मास्युटिकल, सिप्ला, रिलायंस जियो और कुछ मीडिया हाउसों के भी नाम हैं।

साईफर्मा को ऐसे पता चली साजिश

साईफर्मा की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है कि यह जानकारी उससे डार्क वेब उससे मिली है। डार्क वेब का मतलब उस जगह से है जहां हैकर कम्युनिटी गुमनाम रहकर काम करती है। साईफर्मा के मुताबिक 10 दिन पहले चीनी हैकरों ने डार्क वेब पर चीनी भाषा मंदारिन और कंटोनीस में बात करते हुए भारत को सबक सिखाने की बात कही है। इससे समझा जा सकता है कि चीनी हैकर ग्रुप भारत के खिलाफ बड़े साइबर हमले की साजिश में जुटे हुए हैं। सबसे ज्यादा खतरा मीडिया हाउसों को बताया जा रहा है।

सेना और सरकार से जुड़े हैं हैकिंग ग्रुप

साईफर्मा के सूत्रों के मुताबिक भारत पर साइबर हमले की साजिश करने वाले हैकिंग ग्रुपों में गोथिक पांडा और स्टोन पांडा का नाम सामने आया है। साईफर्मा के सीईओ और चेयरमैन कुमार रितेश का कहना है कि इन दोनों ग्रुपों का सीधा संबंध चीन की सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी से है। चीन की सरकार के लिए भी ये दोनों ग्रुप काम करते रहे हैं। इससे समझा जा सकता है कि भारत पर साइबर हमले की साजिश के पीछे चीन की सेना और सरकार दोनों की शह हैकिंग ग्रुपों को हासिल है। भारत और चीन के बीच हाल में बड़े तनाव की पृष्ठभूमि में इसे आसानी से समझा जा सकता है। चीन की ये दोनों हैकिंग ग्रुप अमेरिका और हांगकांग में भी बड़े पैमाने पर साइबर हमले करते रहे हैं।

ये भी पढ़ें:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: इको गार्डन में सेना के रिटायर्ड फौजी ने बच्चों संग किया योगा

ऑस्ट्रेलिया में हुए हमले के पीछे भी चीन

ऑस्ट्रेलिया के सरकारी और निजी क्षेत्रों में अभी हाल में ही बड़ा साइबर हमला किया गया था। इस हमले के पीछे भी चीन का ही हाथ बताया जा रहा है। हाल के दिनों में ऑस्ट्रेलिया और चीन के रिश्तो में काफी खटास आई है। पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने के बाद अमेरिका और आस्ट्रेलिया ने चीन पर सबसे ज्यादा हमला किया है और उस उस पर कोरोना वायरस के जरिए पूरी दुनिया के लिए मुसीबत खड़ी करने का आरोप लगाया है। चीन भी हाल के दिनों में आस्ट्रेलिया पर जवाबी हमले करता रहा है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से अमेरिका का खुलकर साथ दिए जाने के बाद चीन ने उसे अमेरिका का पिछलग्गू बताया था।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Roshni Khan

Roshni Khan

Next Story