×

Gorakhpur News: भाजपा MLC ने प्रदेश अध्यक्ष को लिखा पत्र, प्रत्याशियों के चयन में पैसा लेकर नाम भेजने का लगाया आरोप

Gorakhpur News: गोरखपुर नगर निगम चुनाव में निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष/महानगर अध्यक्ष पर समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की समर्पित सेवाओं को दरकिनार कर उनकी उपेक्षा करते हुए बड़े पैमाने पर धनादोहन कर उम्मीदवारों का मनमाना पैनल बनाने का आरोप लगाया है।

By
Published on: 15 April 2023 10:05 PM GMT (Updated on: 15 April 2023 10:07 PM GMT)
Gorakhpur News: भाजपा MLC ने प्रदेश अध्यक्ष को लिखा पत्र, प्रत्याशियों के चयन में पैसा लेकर नाम भेजने का लगाया आरोप
X
भाजपा MLC देवेंद्र प्रताप सिंह: Photo- Newstrack

Gorakhpur News: भाजपा के विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने विनम्रता के साथ अनुरोध किया है कि गोरखपुर नगर निगम चुनाव में निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष/महानगर अध्यक्ष दोनों ने मिल-जुल कर एकराय व गोलबन्द होकर पार्टी के लोकप्रिय, स्वयं की पहचान रखने वाले समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की समर्पित सेवाओं को दरकिनार कर उनकी उपेक्षा करते हुए बड़े पैमाने पर धनादोहन कर उम्मीदवारों का मनमाना पैनल बनाया है तथा अपने जेबी लोगों को पार्टी का प्रत्याशी बनाना चाहते हैं। जिससे पार्टी के मूल कार्यकर्ता मर्माहत हैं, उनमें गहरा रोष व क्षोभ व्याप्त है।

इसके कुछ उदाहरण निम्नवत हैं -

1. वार्ड सं0- 39 में सामान्य सीट पर पार्टी के लिए खून पसीना बहाने वाले संघ, विद्यार्थी परिषद भारतीय जनता पार्टी को लम्बे समय से निष्ठापूर्ण सेवाएं देने वाले पार्टी के लोकप्रिय एवं चिरपरिचत कार्यकर्ता कृष्ण मोहन शाही के नाम पर स्क्रिनिंग कमेटी में आम सहमति बनी और उनका नाम वरीयता क्रम में क्रमांक 1 पर सर्वसम्मति से अंकित किया गया था। बाद में सूची बनाते समय सामान्य वर्ग की सीट पर निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष ने अपने स्वजातीय एवं रिश्तेदार का नाम क्रमाक 1 पर दबाव बनाकर डलवा दिया है। सामान्य मतदाताओं की बहुलता वाली इस सीट पर पिछड़ी जाति के आवेदक का नाम डाले जाने से सामन्य वर्ग के मतदाताओं व वार्ड के भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी रोष और गुस्सा है। वार्ड सं0- 39 में कृष्ण मोहन शाही ने अपने निजी प्रयास से 3000 नये मतदाता बनाए हैं। पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने पर उनकी जीत सुनिश्चित है।

2. वार्ड सं0-19 में पिछले चुनाव में निर्मल सिंह मात्र 23 वोटों से बसपा प्रत्याशी से हार गये थे। 5 वर्ष उपरोक्त वार्ड में निरंतर सक्रिय रहने व लोगों की मदद में सर्वथा खड़े रहने के कारण उनके पक्ष में अनुकुल वातावरण होने के बाद भी महिला के लिए आरक्षीत सीट पर उनकी पत्नी इं० सविता राव का आवेदन महानगर अध्यक्ष ने षड्यन्त्र कर गायब कर दिया तथा निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ मिलकर पार्टी से विरत एक बाहरी व्यक्ति को पैनल में क्रमाकं 1 पर रखा है जो पार्टी का सामान्य सदस्य भी नहीं है।

3. वार्ड सं0-12 का पार्षद रहते हुए राजेश तिवारी ने सम्पूर्ण वार्ड में विकास के अप्रतिम मानक स्थापित किये हैं। अपनी व्यवहार कुशलता एवं सहयोगी प्रवृत्ति के कारण वार्ड के सभी परिवारों एवं नागरिकों में बेहद लोकप्रिय पार्षद राजेश तिवारी की सीट महिला होने की दशा में काफी समय से पार्टी की सेवा में लगी उनकी पत्नी सुमन तिवारी का नाम निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष और उनकी गोल द्वारा प्रथम वरीयता में होने के बावजूद भी अपराधियों के संरक्षक पूर्वप्रधान शशिमौली शुक्ल पर जानलेवा हमला करने वाले अपराधियों की जिस घर से अरेस्ट किया गया उसी अजय मणि की पत्नी मुक्तकेशी का चयन कराया जा रहा है। वार्ड के आम नागरिक इस निर्मम व्यवहार का खुल कर विरोध कर रहे हैं। सुमन तिवारी को प्रत्याशी बनाने की दशा में घर बैठे ही पार्टी यह सीट भारी अन्तर से जीत जाऐगी।

4. वार्ड सं0 67 से निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष द्वारा भारतीय जनता पार्टी के विरोधी व दूसरे राजनैतिक दल के एक नेता से बेजा लाभ प्राप्त कर उसे प्रत्याशी बनवा रहे हैं जबकि वे न तो कभी भाजपा में रहे हैं और आज भी भाजपा के सामान्य सदस्य तक नहीं है।

5. वार्ड सं0- 35 में महिला सीट पर गत चुनाव मामूली अन्तर से हारे गये पार्टी के निष्ठावान व संघर्षशील कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर संतोष सिंह नामक कुख्यात अपराधी की पत्नी सुमन सिंह का नाम निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष/महानगर अध्यक्ष द्वारा वरीयता क्रम में प्रथम स्थान पर भेजा गया है। सुमन व उनके पति का पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। संतोष सिंह का आम जनमानस में भय व्याप्त है। उन्हें भारी धनराशि लेकर पार्टी प्रत्याशी बनाये जाने का प्रयास कार्यकर्ताओं को निराश व हताश करने वाला है।

6. वार्ड सं0-46 से पिछले चुनाव में अरविन्द कुमार सिंह 135 मतों से चुनाव हार गये थे। वर्तमान पार्षद स्वयं रूबी सिंह पत्नी अरविन्द कुमार सिंह को चुनाव लड़ा रहे हैं। सीट महिला होने के कारण रूबी सिंह के पक्ष में एक तरफा वातावरण है। उनके पति पिछले पाँच वार्षों में पार्टी द्वारा सभी अभियानों व कार्यक्रमों में दल बल व बड़ी संख्या के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज कराते रहें हैं तथा अपने वार्ड के लोकप्रिय नेता हैं। ऐसे निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता के उपेक्षा कर भारतीय जनता पार्टी के सर्वभौम विरोधी शराबी व भू-माफिया चन्दप्रकाश श्रीवास्तव को निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष बेजा लाभ प्राप्त कर टिकट देने पर अमादा हैं।

7. नगर पालिका देवरिया की निवर्तमान अध्यक्ष के भ्रष्टाचार को अपना पूर्ण समर्थन देकर दोबारा टिकट दिलाने का निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष का प्रयास बेहद निन्दनीय है। पूनम विजय राव अनेक बार अध्यक्ष रहे जनप्रिय नेता स्व० रामायण राव की पुत्रवधू व उनके राजनैतिक विरासत की उत्तराधिकरी हैं। राव के कार्य की सराहना देवरिया नगर के आम जनमानस द्वारा मुक्तकण्ठ से की जा रही है। निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष का जनभावना की निजी स्वार्थ में उपेक्षा पार्टी को गम्भीर क्षति पहुँचाने वाली है।

8. नगर पंचायत घघसरा के लोकप्रिय भाजपा नेता रमेश चन्द (प्रधान) के एकतरफा चुनाव की स्थिति की उपेक्षा कर एक कुख्यात अपराधी व भू-माफिया से भारी धनराशि लेकर व दुरभिसंधि कर निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष जनभावना से खिलवाड़ कर रहे हैं। वार्ड - 37 भरवलिया ने तो निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष ने सारी धनादोस्त कर विदेश (बैंकाक) से प्रत्याशी को बुलाकर टिकट देने का वादा किया है, उक्त अप्रवासी नागरिक स्थाई रूप से बैंकाक रह कर जीविकोपार्जन करता है।

उन्होंने कहा कि पार्टी से दूर-दूर तक उसका कोई सम्बंध नहीं, खरीद-फरोख्त हो चयन का आधारी उपरोक्त स्थिति बेहद गम्भीर चिन्ताजनक व कार्यकर्ताओं का हौसला तोड़ने वाली है। आप पार्टी के हर कार्यकर्ता के स्वभाविक अभिभावक है। अस्तु उपरोक्त बिन्दुओं के दृष्टिगत अपने स्तर से समीक्षा कर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे अन्याय को रोके तथा अपने स्तर से उनकी प्रत्याशिता पर पुर्नविचार करने का कष्ट करें तथा पार्टी/कार्यकर्ता हित में धांधली करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने का कष्ट करें।

Next Story