×

मिसाल बनी नीट टॉपर: सीएम योगी ने किया सम्मानित, न्यूरो सर्जन बनेंगी आकांक्षा सिंह

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कु आकांक्षा सिंह की सफलता उन परिवारों को यह सन्देश भी देती है जो लोग बालक और बालिकाओं में अन्तर करते हैं । उन्होंने कहा कि बालिकाएं किसी से कम नहीं हैं।

Newstrack
Published on: 28 Oct 2020 9:48 AM GMT
मिसाल बनी नीट टॉपर: सीएम योगी ने किया सम्मानित, न्यूरो सर्जन बनेंगी आकांक्षा सिंह
X
मिसाल बनी नीट टॉपर: सीएम योगी ने किया सम्मानित, न्यूरो सर्जन बनेंगी आकांक्षा सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट-2020) में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टॉप करने वाली कु. आकांक्षा सिंह को टैबलेट देकर सम्मानित किया। उन्होंने कु आकांक्षा सिंह की यूजी की पूरी पढ़ाई के खर्च सहित फूडिंग व लाजिंग की व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कु आकांक्षा सिंह के घर तक जाने वाली सड़क को ठीक कराने के निर्देश भी दिए। राज्य सरकार कु आकांक्षा सिंह को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएगी।

बालिकाओं के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के साथ बालिकाओं के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है। ‘नीट-2020’ परीक्षा में जनपद कुशीनगर की कु आकांक्षा सिंह ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि कु आकांक्षा सिंह प्रदेश की सभी बालिकाओं के लिए एक रोल माडल हैं। विलक्षण प्रतिभा सम्पन्न कु आकांक्षा सिंह उत्तर प्रदेश का गौरव हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सामान्य परिवार में जन्म लेकर ऊँचे इरादों के साथ परिश्रम व लगन से कु आकांक्षा सिंह ने अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कु आकांक्षा सिंह इसी तरह अनवरत आगे बढ़ती रहेंगी।

cm yogi- akanksha singh-2

ये भी देखें: बिहार चुनाव 2020: पहले चरण में सीधी लड़ाई, पिछली बार राजद ने जीती थीं 25 सीटें

बालक और बालिकाओं में अन्तर रखने वालों के लिए एक सन्देश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कु आकांक्षा सिंह की सफलता उन परिवारों को यह सन्देश भी देती है जो लोग बालक और बालिकाओं में अन्तर करते हैं । उन्होंने कहा कि बालिकाएं किसी से कम नहीं हैं। प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए ‘मिशन शक्ति’अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। द्वितीय चरण के अन्तर्गत इस सम्बन्ध में आ रही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

ये भी देखें: आईटीबीपी शौर्य एवं संवेदना का दूसरा नाम है- सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत

आकांक्षा न्यूरो सर्जन के रूप में लोगों की सेवा करना चाहती हैं

इस अवसर पर कु आकांक्षा सिंह ने आल इण्डिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज (एम्स), नई दिल्ली में प्रवेश लेने की इच्छा व्यक्त की। कु आकांक्षा सिंह ने कहा कि कुशीनगर में न्यूरो सर्जन की आवश्यकता के दृष्टिगत वे न्यूरो सर्जन के रूप में लोगों की सेवा करना चाहती हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कु आकांक्षा सिंह पिछड़े जनपद की पृष्ठभूमि की हैं। राज्य सरकार द्वारा जनपद कुशीनगर में मेडिकल कालेज की स्थापना की जा रही है। कु आकांक्षा सिंह ने न्यूरो सर्जन बनने का निर्णय लिया है, जिससे वे उस क्षेत्र की चिकित्सीय सेवाओं में अपना योगदान दे सकें।

ज्ञातव्य है कि श्रीमती रुचि सिंह एवं राजेन्द्र कुमार राव की पुत्री कु0 आकांक्षा सिंह को राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट-2020) में 720 अंकों की परीक्षा में शत-प्रतिशत 720 अंक प्राप्त हुए हैं।

रिपोर्ट- श्रीधर अग्निहोत्री

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें

Newstrack

Newstrack

Next Story