×

CM Yogi News: बकरीद को लेकर सीएम योगी के सख्त निर्देश, यहां कुर्बानी हुई तो खैर नहीं

CM Yogi News: बैठक में पुलिस-प्रशासन के वरीय अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।

Krishna Chaudhary
Published on: 28 Jun 2023 3:13 AM GMT (Updated on: 28 Jun 2023 3:11 PM GMT)
CM Yogi News: बकरीद को लेकर सीएम योगी के सख्त निर्देश, यहां कुर्बानी हुई तो खैर नहीं
X
CM Yogi (photo: social media )

CM Yogi News: अगले हफ्ते से सावन शुरू हो रहा है। इसी के साथ पर्व-त्योहारों का दौर शुरू हो जाएगा। प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा को लेकर भक्त अभी से उत्साहित नजर आ रहे हैं। पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम को बड़ी बैठक की। बैठक में पुलिस-प्रशासन के वरीय अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।

श्रावण मास के प्रारंभ होने से पहले मुस्लिमों का त्योहार बकरीद आ रहा है। पूर्व में प्रदेश में बकरीद के दौरान होने वाली सांप्रदायिक घटना को संज्ञान में लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के आदेश दिए। उन्होंने प्रत्येक जिले के जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों से आगामी पर्व – त्योहारों को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में जाना और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बकरीद को लेकर सख्त निर्देश

29 जून को बकरीद का पर्व मनाया जाएगा। इस्लाम धर्म में इस पर्व का काफी महत्व है। पुरानी घटनाओं से स्पष्ट है कि कानून-व्यवस्था के लिए यह समय संवेदनशील है। मुख्यमंत्री ने इसे लेकर पुलिस विभाग एवं प्रशासन को सतर्क-सावधान रहने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि बकरीद पर कुर्बानी के लिए स्थान का चयन पहले ही हो जाना चाहिए। किसी भी सूरत में विवादित जगहों पर कुर्बानी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में चयनित स्थान या प्रशासन द्वारा चिन्हित किए गए स्थान के अलावा और कहीं भी कुर्बानी नहीं दी जाए। इसके अलावा सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि बकरीद में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी किसी भी कीमत पर न हो पाए। हर जिले में कुर्बानी के बाद अपशिष्ट के निस्तारण की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए, ताकि गंदगी का अंबार न लगे।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

4 जुलाई से पवित्र सावन का महीना आरंभ हो रहा है। परंपरागत कांवड़ यात्रा को लेकर अभी से शिवभक्तों में उत्साह देखा जा रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान सांप्रदायिक टकराव या तनाव का प्रदेश में पुराना इतिहास रहा है। लिहाजा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा संपन्न कराने को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे और कांवड़ शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ियों के मार्ग पर कहीं भी मांस की बिक्री नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों से दो टूक कहा कि नियम-कानून को तोड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाए।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story