×

CM योगी का श्रमिकों को तोहफा, अकाउंट में किए करोड़ों रुपए ट्रांसफर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 लाख 8 हजार 855 श्रमिकों को आर्थिक सहायता के दूसरे चरण में 90 करोड़ 88 लाख रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित किये।

Newstrack
Published on: 24 July 2020 1:27 PM GMT
CM योगी का श्रमिकों को तोहफा, अकाउंट में किए करोड़ों रुपए ट्रांसफर
X

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 लाख 8 हजार 855 श्रमिकों को आर्थिक सहायता के दूसरे चरण में 90 करोड़ 88 लाख रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित किये।

ये भी पढ़ें:आफतों से जूझता देश: एक तरफ कोरोना तो दूसरी तरफ बारिश, बीच में फंसे लोग

13 जून को प्रदेश वापस आए 10 लाख 48 हजार 166 श्रमिकों को 1 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की

इस अवसर पर उन्होंने आपदा पूर्व चेतावनी तथा राहत प्रबन्धन हेतु वेब बेस्ड एप्लीकेशन्स-'इन्टीगे्रटेड अर्ली वार्निंग सिस्टम' तथा 'ऑनलाइन बाढ़ कार्य योजना माॅड्यूल' एवं 'आपदा प्रहरी' एप का लोकार्पण भी किया। उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण में 13 जून 2020 को प्रदेश वापस आए 10 लाख 48 हजार 166 श्रमिकों को 01-01 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गयी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में देश व पूरा विश्व सबसे बड़ी त्रासदी कोविड-19 से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में पूरा देश कोविड-19 से लड़ रहा है। इस आपदा से गरीब और अन्य सामान्य जन को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो इसके लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज की घोषणा प्रधानमंत्री जी ने की। इस पैकेज के अन्तर्गत गरीबों को नवम्बर, 2020 तक निःशुल्क खाद्यान्न देने की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा, राज्य सरकार ने भी तीन महीने तक प्रत्येक लाभार्थी को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने का कार्य किया है।

9 लाख 8 हजार 855 प्रवासी श्रमिकों/कामगारों के खाते में 1,000 रुपये की धनराशि अन्तरित की गयी है

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने सुनिश्चित किया है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अन्तिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को अवश्य मिले। आज एक साथ 9 लाख 8 हजार 855 प्रवासी श्रमिकों/कामगारों के खाते में 1,000 रुपये की धनराशि अन्तरित की गयी है। उन्होंने राजस्व विभाग की सराहना करते हुए कहा कि राजस्व विभाग ने स्किल मैपिंग के माध्यम से प्रत्येक कामगार एवं श्रमिक को उसकी योग्यता के अनुरूप कार्य उपलब्ध कराने का डाटा तैयार किया है। आज उसी का परिणाम है कि ज्यादातर लोग किसी न किसी उद्योग या गांव में या फिर स्वरोजगार के माध्यम से प्रदेश के विकास में योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में स्किल्ड लोगों को उद्योगों में समायोजित किया गया है। वर्तमान में 50 लाख से अधिक लोग उद्योगों में काम कर रहे हैं। वृक्षारोपण कार्यक्रम, तालाब व नदियों के पुनर्जीवन सहित अन्य विकास व निर्माण कार्यों से श्रमिकों को जोड़ा गया है, जिससे उत्तर प्रदेश का नवनिर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रत्येक लाभार्थी को 2,000 रुपये की धनराशि उपलब्ध करायी गयी है। इसके अलावा, उज्ज्वला योजना के प्रत्येक लाभार्थी को निःशुल्क गैस सिलेण्डर देने की व्यवस्था सितम्बर, 2020 तक कर दी गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री जी का आभारी है

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री जी का आभारी है, जिन्होंने तकनीक का प्रयोग कर भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने का कार्य किया। आज लाभार्थी के खाते में जो धनराशि अन्तरित की जाती है, वह शत-प्रतिशत उसी के खाते में पहुंचती है। कोरोना काल खण्ड में कम्युनिटी किचन को सी0सी0टी0वी0 से जोड़ा गया है, जिससे पूरी पारदर्शिता के साथ 6 करोड़ से अधिक लोगों को फूड पैकेट उपलब्ध कराये गये हैं। प्रदेश वापस आए कामगारों और श्रमिकों को 15 दिन का राशन उपलब्ध कराया गया।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता है। श्रमिकों/कामगारों ने अपने कार्यों से इसे साबित किया है। अब गांव व शहर विकास की प्रक्रिया से जुड़कर तरक्की की नई इबारत लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी श्रमिकों और कामगारों के वापस आने पर उन्हें राशन किट व उनके खाते में 1,000 रुपये की धनराशि उपलब्ध करायी गयी। अब तक 52 लाख से अधिक लोगों को 1,000 रुपये की धनराशि उपलब्ध करायी जा चुकी है। साथ ही, 19 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्हें दूसरी बार यह राशि उपलब्ध करायी गयी है।

ये भी पढ़ें:बंद होंगे हुक्का बारः कोर्ट की है तीखी नजर, बहुत रोचक है हुक्के का शाही सफर

मुख्यमंत्री ने आपदा पूर्व चेतावनी तथा राहत प्रबन्धन हेतु तैयार वेब बेस्ड एप्लीकेशन्स का लोकार्पण करते हुए कहा कि तकनीक के माध्यम से आपदा से होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है। 'इन्टीगे्रटेड अर्ली वार्निंग सिस्टम', 'आपदा प्रहरी' एप, 'आॅनलाइन बाढ़ कार्य योजना माॅड्यूल' तथा आपदाओं से बचाव हेतु जागरूकता अभियान कार्यक्रम के सम्बन्ध में राजस्व विभाग की उपलब्धि के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Newstrack

Newstrack

Next Story