×

Hamirpur News: जिला अस्पताल पहुंचे उप मुख्यमंत्री, मरीजों का लिया हालचाल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Hamirpur News: सर्किट हाउस मौदहा, कान्हा गौशाला सुमेरपुर एवं कलेक्ट्रेट परिसर में किया वृक्षारोपण। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण, बच्चों से जाना हालचाल।

By
Published on: 29 March 2023 11:19 PM GMT
Hamirpur News: जिला अस्पताल पहुंचे उप मुख्यमंत्री, मरीजों का लिया हालचाल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
X
हमीरपुर: जिला अस्पताल पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मरीजों का लिया हालचाल

Hamirpur News: उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री का हमीरपुर महोबा बॉर्डर पर भव्य स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस मौदहा पहुंचकर वहां वृक्षारोपण किया। उसके बाद उन्होंने मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उसका निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद डॉक्टर जय प्रकाश से बात कर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया। वहाँ मौजूद मरीज दिलबदन सिंह से हालचाल जाना तथा उसके पैर में संक्रमण से संबंधित समस्या पर उन्होंने तत्काल समुचित उपचार हेतु संबंधित को निर्देशित किया। उप मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, ड्यूटी कक्ष सहित अन्य कक्षो व वार्डों का निरीक्षण किया।

अस्पताल में भर्ती मरीजों से हालचाल लिया तथा अस्पतालों द्वारा दी जा रही सुविधाओं के विषय में फीडबैक लिया। इस अवसर पर उन्होंने ड्यूटी में लगे डॉक्टर तथा नर्सों से भी जरूरी पूछताछ की। उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी अस्पताल द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में बात की। दवाओं की उपलब्धता की व्यवस्था देखी तथा निर्देश दिए कि चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवा न लिखी जाए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना से संबंधित लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया तथा कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्ड से वंचित ना रहे, अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। उसके बाद उप मुख्यमंत्री ने पंचायत सचिवालय मकरांव का निरीक्षण किया।

गौ पूजन कर उन्हें गुड़ खिलाया

उन्होंने ग्राम प्रधान से वार्ता की और ग्राम सचिव व अन्य संबंधित से पंचायत सचिवालय में नियमित रूप से बैठने के निर्देश दिए। उसके बाद उन्होंने मकरांव स्थित खेरापति बाबा मंदिर में दर्शन किया तथा वहां के तालाब को अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत सम्मिलित कर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुमेरपुर स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया तथा उसके परिसर में हरिशंकरी वृक्ष का रोपण किया। इस मौके पर उन्होंने गौ पूजन कर उन्हें गुड़ खिलाया तथा चारा पानी भूसा आदि की व्यवस्था देखी तथा जरूरी दिशा निर्देश दिए। कुछेछा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां अध्ययनरत बच्चों से पुस्तक पढ़ाकर दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता देखी। उन्होंने कक्षा 7 में पढ़ रही छात्रा काजल एवं खुशबू से पुस्तक पढ़वाई, छात्राओं ने सही-सही पुस्तक पढ़ी। इस दौरान उन्होंने कक्षा 8 में अध्ययनरत छात्रा मोनिका एवं शिवानी को नए सत्र की पुस्तिकाएं दीं।

महिलाओं को सम्मानित किया गया

उन्होंने आवासीय विद्यालय में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता देखी। उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय में जनपद के जनप्रतिनिधियों भाजपा पदाधिकारीगण व विचार परिवार के साथ बैठक की। उसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने जनपद के स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, ग्रामीण विकास विभाग, पुलिस, शिक्षा, क्रीडा विभाग आदि में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया तथा कलेक्ट्रेट परिसर में बनाई गई रंगोली का अवलोकन किया।

जिला महिला अस्पताल हमीरपुर में 22 मई 2022 को जन्म लेने वाले बृजेश पुत्र सपना से उनके आवास रमेड़ी पर जाकर मिले तथा बच्चे को आशीर्वाद दिया। इस दौरान जनपद के प्रभारी मंत्री, मंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग मनोहर लाल , अध्यक्ष जिला पंचायत जयंती राजपूत, विधायक सदर डॉ मनोज कुमार प्रजापति, विधायक राठ मनीषा अनुरागी, सदस्य विधान परिषद, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण, पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा, सीडीओ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रमेश चंद्र, भाजपा जिलाध्यक्ष बृज किशोर गुप्ता, सीएमओ डॉ राम अवतार तथा पार्टी पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित मौजूद रहे।

Next Story