×

Eye Flu In UP: सावधान यूपी वालों, तेजी से फैल रहा आई फ्लू, अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग

Eye Flu In UP: 10-15 दिन पहले तक सभी जिलों के अस्पताल के नेत्र विभाग में 60 से 70 मरीज रोजाना आया करते थे। लेकिन आईफ्लू का प्रकोप सामने आने के बाद से इसकी संख्या 100 के पार पहुंच गई है।

Krishna Chaudhary
Published on: 27 July 2023 4:58 AM GMT (Updated on: 27 July 2023 4:59 AM GMT)
Eye Flu In UP: सावधान यूपी वालों, तेजी से फैल रहा आई फ्लू, अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग
X
Eye Flu In UP (photo: social media )

Eye Flu In UP: उत्तर प्रदेश के अस्पतालों में इन दिनों आंख के मरीजों का तांता लगा हुआ है। नेत्र रोग विशेषज्ञों के क्लिनिकों पर भी लोगों भी भारी भीड़ उमड़ रही है। वजह है आई फ्लू का बढ़ता प्रकोप। बरसात और उमस भरी गर्मी के कारण आई फ्लू के लपेटे में लोग तेजी से आ रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक और बच्चे-बूढ़े सभी को ये प्रभावित कर रहा है। प्रदेश के लगभग सभी जिले इसकी चपेट में है।

10-15 दिन पहले तक सभी जिलों के अस्पताल के नेत्र विभाग में 60 से 70 मरीज रोजाना आया करते थे। लेकिन आईफ्लू का प्रकोप सामने आने के बाद से इसकी संख्या 100 के पार पहुंच गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आईफ्लू से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एक्टिव हो गया है। सभी अस्पतालों को आई फ्लू को लेकर अलर्ट कर दिया गया है।

आई फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सचेत

आईफ्लू पीड़ितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सचेत हो गया है। प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में इसको लेकर बैठक की गई। जिसके बाद प्रदेश के सभी अस्पतालों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। सभी जिलों से आईफ्लू के केस सामने आने के बाद अस्पतालों में दवाएं,आई ड्रॉप की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी चिकित्सा अधीक्षकों और अधिकारियों को दवाएं और आई ड्रॉप का स्टॉक अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में हो ये सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

आई फ्लू के लक्षण

- आंखों का लाल होना।

- आंखों में चुभन होना।

- आंखों में सफेद रंग का कीचड़ आना।

- आंखों में सूजन होना।

- आंखों में पानी आना।

- आंखों में खुजली आना।

कैसे करें बचाव ?

- आंखों पर बर्फ की सिकाई करें।

- बार-बार ठंडे पानी से आंख धोएं।

- संक्रमित व्यक्ति से दूरी बरतें।

- डॉक्टर की सलाह के बाद ही दवा लें।

- भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से बचें।

- संक्रमित व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल की गई चीजों का यूज न करें।

- विटामिन सी युक्त फल एवं सब्जियां खाएं।

बरसात में बढ़ जाता है प्रकोप

आईफ्लू का प्रकोप बरसात के दिनों में खासकर जुलाई-अगस्त में बढ़ जाता है। यह एक संक्रमण वाली बीमारी है, यानी इंसान से इंसान में फैलती है। इसलिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस मौसम में स्विमिंग करने की भी सलाह देते हैं। आईफ्लू से बच्चे जल्दी प्रभावित होते हैं, इसलिए उनका विशेष ख्याल रखना होता है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story