×

Ghosi By Election Result: घोसी उपचुनाव में सपा के सुधाकर सिंह की बड़ी जीत, करीब 43 हजार मतों से जीते, बीजेपी के दारा सिंह हारे

Ghosi By Election Result Live Updates: घोसी उपचुनाव में जीत पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया। उन्होंने इसे INDIA गठबंधन की जीत बताया। बोले, घोसी की जनता ने बीजेपी को पचास हजारी पछाड़ दी है। ये भाजपा की राजनीतिक ही नहीं, नैतिक हार भी है।

aman
Written By aman
Published on: 8 Sep 2023 8:45 AM GMT (Updated on: 8 Sep 2023 1:47 PM GMT)
Ghosi By Election Result Live Updates
X

Ghosi By Election Result Live Updates 

Ghosi By Election Result : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने बाजी मार ली। देश भर की निगाहें घोसी विधानसभा सीट पर टिकी थीं, जहां समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh) ने बीजेपी उम्मीदवार दारा सिंह चौहान (Dara Singh Chauhan) को करारी शिकस्त दी। सुधाकर सिंह ने 42759 मतों से जीत दर्ज की।

मऊ जिले की घोसी सीट पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव था। जिसमें समाजवादी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की। यहां से दारा सिंह चौहान के सपा से बीजेपी में शामिल होने पर ये सीट खाली हुई थी। घोसी में जातीय समीकरण की बात करें तो यहां सबसे ज्यादा 95 हजार मुस्लिम, 90 हजार दलित, 50 हजार राजभर तथा 50 हजार चौहान, 30 हजार बनिया, 19 हजार निषाद, 15 हजार क्षत्रिय, 15 हजार कोइरी, 14 हजार भूमिहार, 7 हजार ब्राह्मण, 5 हजार कुम्हार मतदाता हैं।

गौरतलब है कि, 5 सितंबर को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था। 4 लाख से ज्यादा मतदाताओं में से करीब आधे यानी 50 प्रतिशत ने मतदान किया था। इससे पहले, 2022 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 56.87 फीसदी वोटिंग हुई थी। हालांकि, उस वक़्त सपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान ने जीत दर्ज की थी। मगर, उपचुनाव में दारा सिंह बीजेपी प्रत्याशी हैं।

Live Updates

  • 8 Sep 2023 1:12 PM GMT

    घोसी उपचुनाव में सपा को अब तक मिले एक लाख से ज्यादा वोट

    घोसी सीट पर सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह बीजेपी उम्मीदवार दारा सिंह चौहान से लगातार बढ़त बनाए। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार अब तक 1,14,383 वोट मिले हैं, वहीं चौहान को 77,136 वोट मिले हैं। 

  • 8 Sep 2023 1:06 PM GMT

    धर्मेंद्र यादव- घोसी का रिजल्ट धोखेबाज नेताओं के लिए सबक

    घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की बड़ी बढ़त पर पार्टी नेता धर्मेंद्र यादव (Dharmendra Yadav) ने कहा, 'यह परिणाम धोखेबाज नेताओं के लिए एक सबक है। घोसी, मऊ, पूर्वांचल और आजमगढ़ का इलाका समाजवादी का है। अखिलेश यादव को धोखा देने का जो काम दारा सिंह चौहान ने किया था, जिसका जवाब वहां की जनता ने दे दिया। घोसी की जनता का हृदय से आभार।'


  • 8 Sep 2023 1:01 PM GMT

    शिवपाल- अखिलेश यादव जिंदाबाद, समाजवादी पार्टी जिंदाबाद

    समाजवादी पार्टी ऑफिस में टीवी देखते हुए ही शिवपाल यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने अखिलेश यादव के साथ अपनी फोटो लगाते हुए लिखा- 'अखिलेश यादव जिंदाबाद, समाजवादी पार्टी जिंदाबाद। 


  • 8 Sep 2023 11:59 AM GMT

    अखिलेश बोले- बीजेपी को पचास हजारी पछाड़

    घोसी उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने जीत का ऐलान किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि, 'घोसी की जनता ने भाजपा को ‘पचास हजारी पछाड़’ दी है। उन्होंने इसे भाजपा की राजनीतिक ही नहीं, नैतिक हार भी बताया है।' 

  • 8 Sep 2023 11:57 AM GMT

    रालोद चीफ जयंत चौधरी ने दी सपा को बधाई

    घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने बीजेपी कैंडिडेट दारा सिंह से बड़ी बढ़त बना ली है। माना जा रहा है कि यहां सपा उम्मीदवार की जीत पक्की है। वहीं, रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी (Jayant Chowdhary) ने भी ट्वीट कर घोसी की जनता का धन्यवाद किया है। साथ ही, उन्होंने लिखा कि घोसी से प्रत्याशी सुधाकर सिंह और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बधाई।


  • 8 Sep 2023 11:47 AM GMT

    परिणाम से पहले सुधाकर सिंह की जीत का किया दावा

    घोसी उपचुनाव की मतगणना में 26 वें राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। इस दौरान समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह 35,033 वोट से आगे हैं। वहीं, इसी बीच सपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट किया। लिखा, 'घोसी विधानसभा उपचुनाव में जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर विजयी हुए समाजवादी पार्टी प्रत्याशी सुधाकर सिंह जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!'


  • 8 Sep 2023 11:40 AM GMT

    24वें राउंड की गिनती पूरी, 30 हजार वोट से सुधाकर आगे

    घोसी उपचुनाव की मतगणना की 24वें राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। इस राउंड के अनुसार सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह 30626 वोट से आगे निकल चुके हैं। वहीं, बीजेपी उम्मीदवार दारा सिंह चौहान जीत से काफी दूर हैं। 

  • 8 Sep 2023 10:37 AM GMT

    राजभर की तस्वीर पर पोती कालिख

    घोसी उपचुनाव (Ghosi By Election) की मतगणना में समाजवादी पार्टी को लगातार बढ़त मिल रही है। इसी बीच वाराणसी में सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) की तस्वीर पर कालिख पोती गई है। सपा के सहयोगी दल राष्ट्रीय समता पार्टी (Rashtriya Samata Party) के कार्यकर्ताओं ने कालिख पोती है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश की प्रतिमा को मिठाई खिलाकर सपा के बढ़त पर बधाई दी। सपा की बढ़त पर जश्न का माहौल है। 

  • 8 Sep 2023 10:36 AM GMT

    समाजवादी पार्टी की निर्णायक बढ़त बरकरार

    22 राउंड की काउंटिंग के बाद सपा की निर्णायक बढ़त बरकरार है। 20वें राउंड तक सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह को 84417 मिल चुके हैं। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पर भारी मतों से बढ़त बना रखी है। दारा सिंह चौहान को 58684 वोट प्राप्त हुए हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story