Hardoi News: रेल कर्मचारियों की समस्याओं का हुआ निस्तारण, अधिकारियों ने लिया स्टेशन का जायजा

Hardoi News: मंडल कार्यालय से आए अधिकारियों ने हरदोई के रेल कर्मचारियों की शिकायतों को सुनकर तत्काल निस्तारण के निर्देश जारी किए। मंडल रेल कार्यालय से आए अधिकारियों ने हरदोई रेलवे स्टेशन के समस्त कार्यालयों का भ्रमण किया।

Pulkit Sharma
Published on: 30 Jun 2023 12:53 PM GMT
Hardoi News: रेल कर्मचारियों की समस्याओं का हुआ निस्तारण, अधिकारियों ने लिया स्टेशन का जायजा
X
(Pic: Newstrack)

Hardoi News: हरदोई में शुक्रवार को रेलकर्मियों की शिकायत सुनने के लिए मंडल रेल कार्यालय से अधिकारी पहुंचे थे। मंडल कार्यालय से आए अधिकारियों ने हरदोई के रेल कर्मचारियों की शिकायतों को सुनकर तत्काल निस्तारण के निर्देश जारी किए। मंडल रेल कार्यालय से आए अधिकारियों ने हरदोई रेलवे स्टेशन के समस्त कार्यालयों का भ्रमण किया तथा कार्यालय में कार्य कर रहे रेल कर्मचारियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को जाना। मंडल रेल अधिकारी लगभग 50 रेल कर्मचारियों से मिले और उनकी समस्या को सुना।

रेलवे स्टेशन के सभी कार्यालयों का लिया जायजा

50 रेलकर्मियों में से 16 कर्मियों ने मंडल रेल कार्यालय से हरदोई पहुंची सहायक कार्मिक अधिकारी डॉक्टर लवली ज्ञान व कर्मचारी हित निरीक्षक मुरादाबाद हरप्रीत सिंह को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कर्मचारियों की समस्याओं का रेल अधिकारियों ने मौके पर कुछ शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश जारी किया। शेष कुछ शिकायतों का एक से दो सप्ताह के अंदर निस्तारण करने का आश्वासन रेल कर्मचारियों को दिया गया। रेल कर्मचारियों ने बताया कि काफ़ी समय से अपनी समस्याओं को लेकर परेशान थे।

रेल कर्मचारियों की समस्या का निस्तारण प्राथमिकता

कर्मचारी हित निरीक्षक मुरादाबाद हरप्रीत सिंह ने बताया कि हरदोई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया था। इस शिविर का उद्देश्य रेलकर्मियों की लंबित पड़ी शिकायतों के निस्तारण को लेकर था। 16 शिकायतों में से 7 शिकायतें एचआरएमएस पोर्टल से संबंधित थीं, जिनका तत्काल निस्तारण करा दिया गया है। शेष 8 शिकायतें वेतन, टीए, डीए से संबंधित हैं, जिनका निस्तारण आने वाली एक से 10 तारीख के अंदर करा दिया जाएगा।

भारतीय रेल समय-समय पर अपने कर्मचारियों के हित व उनकी शिकायतों के निस्तारण के उद्देश्य से कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर का आयोजन करती रहती है। इस शिविर का उद्देश्य रेलकर्मियों को मंडल रेल कार्यालय की दौड़ लगाने से बचाना तथा उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने का होता है। हरप्रीत सिंह ने बताया कि हरदोई रेलवे स्टेशन पर आगे भी कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाता रहेगा। इस दौरान कार्यालय अधीक्षक बबलेश कुमार मौजूद रहे।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story