×

Jaunpur News: भूपेन्द्र चौधरी ने कहा- भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जब भी कोई वादा किया तो उसे पूरा किया

Jaunpur News: बोले-2017 के पहले प्रदेश दंगाइयों के हवाले था, केंद्र में लूट मची हुई थी। निकाय चुनाव के झटके से विपक्ष कोमा में चला गया। अब वह गठबंधन करने में व्यस्त हैं।

Kapil Dev Maurya
Published on: 14 Jun 2023 3:59 PM GMT
Jaunpur News: भूपेन्द्र चौधरी ने कहा- भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जब भी कोई वादा किया तो उसे पूरा किया
X
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी: Photo- Newstrack

Jaunpur News: भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा जौनपुर के लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन पूर्वांचल विश्वविद्यालय में हुआ। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा विगत 9 साल में किए गए कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा। उन्होंने सक्रियता और सजगता का मूल मंत्र दिया। साथ ही भाजपा की रीति नीति के साथ संकल्पों को दोहराया और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को संगठन की योजना अनुसार कार्य करने का आह्वान किया।

लाभार्थी सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जब भी कोई वादा किया तो उसे पूरा किया। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा का महासंपर्क अभियान सबसे बड़ा कार्यक्रम है। इसके जरिए हमें जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश दंगाइयों के हवाले था, केंद्र में लूट मची हुई थी। निकाय चुनाव के झटके से विपक्ष कोमा में चला गया। अब वह गठबंधन करने में व्यस्त हैं। चुनाव में विपक्ष जनता को वैचारिक मुद्दे से भटकाने की कोशिश करेगा, लेकिन हमें सतर्क व सावधान रहना है। विपक्ष की मदद विदेशी ताकतें भी कर रही हैं। उसके मूल में विचार भी विदेशी है।

भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व में बनी है- प्रदेश अध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व में बनी है। मोदी जी के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में गरीब कल्याण के संकल्प के साथ केन्द्र सरकार ने गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष नीत नए गठबंधन बनाकर सत्ता में आने के सपने संजो रहा है। लेकिन जनता विपक्ष के सपनों को पूरा नहीं होने देगी। जनता ने 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाने के लिए अपना मन बना लिया है। जनता के आशीर्वाद व समर्थन से आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को अभूतपूर्व सफलता मिलेगी।

राज्यमंत्री स्वतन्त्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने स्वागत भाषण करते हुये कहा कि 2014 के बाद 48 करोड़ लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। इसके पहले चार करोड़ लोग ही बैंकों से जुड़े थे। वृद्धा पेंशन 500 से एक हजार की गई। पहले की सरकारों में बिचैलिए पेंशन भी खा जाते थे। मोदी ने सीधे बैंक खातों में पेंशन का भुगतान किया। केन्द्र सरकार ने बिना भेदभाव के सभी योजनाओं का लाभ सबको पहुंचाया है।

राज्य सभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि केंद्र में 2014 में जब पहली बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी, तो सरकार ने पहले गरीबों के हित में योजनाएं चलाने को सोची इसी कड़ी में आज देश के 125 करोड़ जनसंख्या में 80 करोड़ गरीबों को तीन रुपये चावल और दो रुपये गेहूं मिल रहा है। यह सिर्फ केंद्र सरकार से ही संभव हो रहा है।

एमएलसी विद्यासागर सोनकर ने कहा कि सरकार ने स्वच्छ भारत का नारा देते हुए साढ़े बारह हजार की लागत से शौचालय बनाने का काम किया है। किसानों को प्रत्येक वर्ष खेती कार्य के लिए केंद्र सरकार ने छह हजार रुपये देने का कार्य कर रही है। इसके अलावे गरीबों को पक्का मकान भी दे रही है जिसका फायदा लोगों को मिल रहा है।

जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने भाजपा सरकार को गरीबों की सरकार करार देते हुए कहा कि कोरोना जैसी भयावह त्रासदी में सरकार ने लोगों को मुफ्त में अनाज देने का काम किया है। साथ ही कोरोना को देश में नियंत्रित करने का भी कार्य किया। इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने सुबह माँ शीतला जी का दर्शन किये और गोपी घाट का निरीक्षण करने के उपरान्त एसटीपी का निरीक्षण किये।

इस मौके पर मीडिया पैनलिस्ट ओमप्रकाश सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह, हरेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, सुनील तिवारी, अमित श्रीवास्तव, सुरेन्द्र सिंघानियां, दिनेश सिंह बब्बू, नीरज सिंह, राम सिंह मौर्य, अज्जू दुबे, संदीप तिवारी, भूपेन्द्र सिंह, डाॅ रामसूरत मौर्य, सुभाष कुशवाहा, विजय सिंह विद्यार्थी, बृजेश यादव, सूबेदार सिंह, सुनील यादव मम्मन, शशि मौर्या, अंजना श्रीवास्तव, कमला सिंह, धनन्जय सिंह, मेनका सिंह, आमोद सिंह, नरेन्द्र उपाध्याय, अनिल गुप्ता, रोहन सिंह, सिद्धार्थ राय, अमित श्रीवास्तव, विकास शर्मा, इन्द्र्सेन सिंह, घनश्याम यादव, नीरज मौर्य किसान मोर्चा सहित सभी लाभार्थी गण उपस्थित रहे।

विपक्षी हैं सीजनल नेता, भाजपा हमेशा है जनता के बीच, देश की जनता का गठबन्धन है नरेन्द्र मोदी से-

जौनपुर। केन्द्र सरकार के 09 साला पूरे होने पर प्रदेश के अन्दर 20 मई से 30 जून तक लाभार्थी सम्मेलन कर जनता के बीच पहुंचने के कार्यक्रम के तहत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी आज जौनपुर पहुंचे। यहां पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश में नरेन्द्र मोदी की सरकार ने अपने 09 साल पूरे कर लिए है। अब भाजपा ने निर्णय लिया है कि इन नौ सालों में किए गए विकास के कार्यों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और अपना रिपोर्ट कार्ड पार्टी के लोगों को सम्मिट करेंगे।

कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और पहलवानो के मुद्दे पर उठे सवाल के जबाव में चैधरी ने बताया कि यह कुश्ती संघ और पहलवानों के बीच का विवाद है। कुछ लोगों ने शिकायतें की हैं उसकी जांच करायी जा रही है। सरकारी एजेन्सी जांच कर रही है, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्यवाई संभव होगी। इसके अलावां हम इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोल सकते हैं। कुछ लोग इसका राजनीतिकरण कराने के प्रयास में हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिलने वाली है।

पूरा देश देख रहा विपक्षी एकता और एक जुटता को

2024 के आम चुनाव के समय विपक्षी एकता और एक जुटता के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2017 से लेकर 2019 और 2022 में विपक्षी एकता बनी थी। आज उन लोगों की स्थिति क्या है एक दूसरे के प्रति क्या राय रखते हैं पूरा देश देख रहा है। अखिलेश यादव के प्रति सभी की राय क्या है। आज लोग एकजुट क्यों नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता का गठबन्धन नरेन्द्र भाई मोदी से हो गया है। विपक्ष के लोग सिजनल नेता हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी गरीबों के कल्याण और जन कल्याण की योजनाओं को लेकर लगातार जनता के बीच रहती है। ऐसे में सीजनल नेता भाजपा का क्या मुकाबला कर सकते हैं। हलांकि इस मुलाकात के लिए पार्टी अथवा प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा मीडिया को कोई बुलावा तक नहीं भेजा गया था जो मीडिया जनो के बीच चर्चा का बिषय जरूर रहा। इस अवसर पर राज्य मंत्री स्वतन्त्र प्रभार गिरीश चन्द यादव और विद्या सागर सोनकर भी उपस्थित रहे।

Kapil Dev Maurya

Kapil Dev Maurya

Next Story