×

Jhansi News: मछली पकड़ने गए तीन युवक नाले में बहे, एक को बचाया, दो की मौत

Jhansi News: बबीना थाना क्षेत्र के बीएचईएल स्थित आरा मशीन क्षेत्र में नहर के पास से एक नाला निकला हुआ है। विगत दिवस नहर से आकर मछली नाले की दीवार से टकराकर गिर रहीं थी। जिन्हें पकड़ने के लिए दो लड़के नाले की दीवार पर बैठे हुए थे।

B.K Kushwaha
Published on: 4 Aug 2023 4:07 PM GMT
Jhansi News: मछली पकड़ने गए तीन युवक नाले में बहे, एक को बचाया, दो की मौत
X
(Pic: Newstrack)

Jhansi News: बबीना थाना क्षेत्र में मछली पकड़ने गए तीन लड़के आरा मशीन क्षेत्र से निकले नाले में बह गए। जिसमें रेस्क्यू कर एक लड़के को सकुशल निकाल लिया गया, जबकि दो की पानी में डूबने से मौत हो गई। कई घंटे मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। बबीना थाना क्षेत्र के बीएचईएल स्थित आरा मशीन क्षेत्र में नहर के पास से एक नाला निकला हुआ है। विगत दिवस नहर से आकर मछली नाले की दीवार से टकराकर गिर रहीं थी। जिन्हें पकड़ने के लिए दो लड़के नाले की दीवार पर बैठे हुए थे। तभी अचानक संतुलन बिगडने के कारण एक लड़का नाले में गिर गया। यह देख उसका साथी उसे बचाने के लिए नाले में कूद गया। जिससे दोनों नाले के पानी में डूब गए। यह देख वहां मौजूद तीसरा लड़का भी शोर मचाते हुए उन्हें बचाने के लिए नाले में कूद गया। शोर सुनकर आस-पास के लोगों ने वहां पहुंचकर एक लड़के को सकुशल बचाकर बाहर निकाल लिया।

इसके बाद दो अन्य डूबे हुए लड़कों को कई घंटे मशकक्त के बाद गोताखोरों की मदद से शुक्रवार को शवों को बाहर निकालने में सफलता मिली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इनमें मृतकों के नाम अमर राजपूत और लक्ष्मन राजपूत निवासी तिलक नगर थाना बबीना बताए गए।

फांसी लगाकर इलेक्ट्रीशियन ने की आत्महत्या

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रीशियन ने बिजली के तार से लटककर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक का मरने के एक दिन पहले पत्नी से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि झगड़े से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया है। मध्य प्रदेश के डबरा में रहने वाला जीतू रायक्वार इलेक्ट्रीशियन था। वह अपनी पत्नी और 8 वर्षीय बेटे के साथ सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में होटल एम्बोरिसया के पास किराए पर रहता था। झाँसी में वह एक ठेकेदार के साथ इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। विगत दिवस उसकी पत्नी काम पर गई थी। उसका बेटा और वह घर पर था। उसने अपने बेटे को खेलने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद अंदर से कमरा बंद कर बिजली के तारों को एकत्रित कर एक रस्सी जैसा बनाकर फांसी लगा ली।

उसका बेटा जब वापस घर आया तो अंदर से दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो वह नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों ने किसी प्रकार जब उसके कमरे में देखा वहा फांसी पर लटक रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और फांसी पर लटक रहे शव उतारकर कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि मृतक का मरने से एक दिन पहले अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

48 चैम्बर की तीसरी मंजिल से गिरा युवक, हालात गंभीर

नवाबाद थाना क्षेत्र के पॉश इलाके में स्थित 48 चैम्बर की तीसरी मंजिल से एक युवक गिर गया। जिससे वह गम्भीर रुप से घायल हो गया। घायलावस्था में आनन-फानन में उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। तीसरी मंजिल से गिरते हुए वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी के अनुसार यह घटना सुबह लगभग 5 बजकर 30 मिनट की बताई जा रही हे। युवक की उम्र 30 वर्षीय बताई जा रही है और रीवा का रहने वाला है।

शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े 5 बज रहा होगा। तभी नवाबाद थाना क्षेत्र के 48 चैम्बर के पास किसी के गिरने की आवाज सुनाई दी। लोगों ने जब देखा तो युवक घायलावस्था में तड़प रहा था। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें देखा जा सकता है कि किस प्रकार युवक गिरा है। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि उक्त युवक मध्य प्रदेश के रीवा में रहने वाला बताया जा रहा है। वह तीसरी मंजिल से कैसे गिर गया। यह स्पष्ट नहीं हो सका। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

घर से निकला युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वह ट्रेन की चपेट में कैसे आया यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

सदर बाजार थाना क्षेत्र के सिमराहा में मथुरा कालौनी में रहने वाला दीपेश विश्वकर्मा फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। विगत दिवस बारिश न होने के कारण वह काम पर नहीं गया था। सुबह वह ट्रेन से अपने मामा के घर जाने के लिए निकला। इसके कुछ देर बाद परिजनों को पता चला कि मोहल्ले के पास एक युवक ट्रेन से कट गया। जिससे उसकी मौत हो गई। यह सुनने के बाद जब वह वहां पहुंचे तो देखा वह युवक कोई और नहीं बल्कि दीपेश विश्वकर्मा था। वह ट्रेन की चपेट में कैसे आ गया। यह स्पष्ट नही है। इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबकर मासूम की मौत

लगातार हो रही बारिश झाँसी में मुसीबत बनी हुई है। मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र में बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिर गया। जिसके मलबे में दबकर एक मासूम की मौत हो गई। घटना मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र के रसपहाड़िया का है। जहां बारिश का मजा लेने के लिए बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। जिसकी चपेट में एक मासूम बच्चा आ गया। उसकी मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतक बच्चा रसपहाड़िया में रहने वाले जगदीश का बेटा रोहन है। वह अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

B.K Kushwaha

B.K Kushwaha

Next Story