×

Lucknow Weather Today: लखनऊ में इस हफ्ते मौसम रहेगा मस्त, तपिश से मिलेगी राहत...29 से बारिश के आसार

Lucknow Weather Today 26 April 2023: लखनऊ में दिन और रात का तापमान घटता-बढ़ता रहेगा। लेकिन, बहुत ज्यादा वृद्धि नहीं होगी। बुधवार को भी मौसम में नमी रहेगी। हवा राहत देगी जबकि धूप बेअसर रहेगा।

Aman Kumar Singh
Published on: 26 April 2023 5:00 AM GMT
Lucknow Weather Today: लखनऊ में इस हफ्ते मौसम रहेगा मस्त, तपिश से मिलेगी राहत...29 से बारिश के आसार
X
Lucknow Weather Today 26 April 2023 (Social Media)

Lucknow Weather Today 26 April 2023: यूपी में मौसमी बदलाव का सिलसिला जारी है। राजधानी लखनऊ में तीन दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि बुधवार (26 अप्रैल) को तापमान एक बार फिर ऊपर चढ़ेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बावजूद लोगों को तपिश वाली गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, लखनऊ वासियों को ये डर सता रहा है कि जल्द ही फिर भीषण गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा। अगर, आप भी यही सोच रहे हैं तो निश्चिंत हो जाईये।

मौसम विभाग ने लखनऊ के लोगों के लिए राहत भरी खबर दी है। दरअसल, अप्रैल के आखिरी हफ्ते से मई के पहले हफ्ते तक राजधानी लखनऊ में तपिश से राहत के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है दिन और रात का तापमान घटता-बढ़ता रहेगा, लेकिन इसमें बहुत ज्यादा फर्क नहीं आएगा। मंगलवार को भी मौसम में नमी रही। हवा के आगे धूप बेअसर नजर आया। आजकल रात का पारा भी 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया है।

आज भी मौसम में रहेगी नरमी

लखनऊ में बुधवार सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं से हुई। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ-साथ धूप खिलती नजर आएगी। हालांकि, तपिश की कमी रहेगी। दिन के समय तापमान में मामूली वृद्धि होगी। 26 अप्रैल को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। शहर के तापमान में गिरावट, हवा और कमजोर धूप की वजह से घरों-दफ्तरों में एसी की जरूरत कम महसूस हो रही है। फिलहाल पंखे से काम चल जाता है।

लखनऊ में 29-30 अप्रैल को बारिश के आसार

अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह की मानें तो 28 अप्रैल से राजधानी के आसमान में फिर बादल छाएंगे। 29 और 30 अप्रैल को बारिश के आसार हैं। इसलिए, आने वाले दिनों में भी लखनऊ वालों को राहत की उम्मीद है। हालांकि, हाल के बेमौसम बरसात से किसानों को खासा नुकसान पहुंचा है।

6 डिग्री तक गिरा राजधानी का तापमान

गौरतलब है कि, अप्रैल की शुरुआत में इसी तरह का मौसम रहा था। अप्रैल के पहले हफ्ते में रात के तापमान में इतनी गिरावट दर्ज की गई थी जितनी मौजूदा समय में है। लेकिन, धीरे-धीरे तापमान ऊपर चढ़ता चला गया। 21 अप्रैल को एक बार फिर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से गिरना शुरू हुआ। इसके बाद ये 31.4 डिग्री सेल्सियस से 37 डिग्री के बीच बना रहा। हाल में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। जबकि, 26 अप्रैल से एक मई के बीच अधिकतम तापमान 31 डिग्री से 37 डिग्री के बीच बना रहने की संभावना है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story