GBC 4.0: PM मोदी बोले- 'राजनीति छोड़िए, यूपी से सीखिए...कैसे वन ट्रिलियन इकॉनमी के लिए काम करते हैं'

GBC 4.0 : यूपी में 10 लाख करोड़ से अधिक की निवेश परियोजनाओं की शुरुआत होने जा रही है। प्रदेश में करीब 34 लाख रोजगार सृजित होंगे। प्रदेश के सभी हिस्सों तक निवेश पहुंचेगा।

aman
Written By aman
Published on: 19 Feb 2024 8:52 AM GMT (Updated on: 19 Feb 2024 5:10 PM GMT)

UP Groundbreaking Ceremony Updates: उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही योगी आदित्यनाथ सरकार के लिए सोमवार (19 फरवरी) का दिन बेहद खास रहा। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (Indira Gandhi Pratishthan) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी' (GBC 4.0) का उद्घाटन किया। पीएम ने सेरेमनी में 10 लाख करोड़ रुपए की 14 हजार निवेश परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इससे 34 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ यहां आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्य जीबीसी हैंगर में प्रधानमंत्री ने प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए परियोजनाओं की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी।


Live Updates

  • 19 Feb 2024 10:00 AM GMT

    PM मोदी- UP में आज व्यापार, विकास और विश्वास का माहौल

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'यूपी में बीते सात वर्षों से 'डबल इंजन' सरकार है। यही कारण है कि आज यूपी में व्यापार, विकास और विश्वास का माहौल बना है। उन्होंने कहा, आज उत्तर प्रदेश वह राज्य है जहां देश की पहली रैपिड रेल (rapid rail) चल रही है। आज यूपी वो राज्य है जहां सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे हैं। प्रदेश में नदियों के विशाल नेटवर्क का इस्तेमाल मालवाहक जहाजों के लिए किया जा रहा है। यह दिखाता है कि अगर नीयत हो तो बड़े बदलाव आते हैं।'

  • 19 Feb 2024 9:56 AM GMT

    PM बोले- यूपी में लगने वाले उद्योग यहां की तस्वीर बदलने वाले हैं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा, 'सात-आठ साल पहले हम सोच भी नहीं सकते थे कि निवेश को लेकर उत्तर प्रदेश में भी इस तरह का माहौल बनेगा। चारों तरफ से अपराध और दंगों की खबरें आती थीं। अगर, उस समय कोई कहता कि यूपी को विकसित प्रदेश बनाएंगे तो कोई सुनने को भी तैयार नहीं होता। लेकिन, आज प्रदेश में हजारों प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो रहा है। यहां पर लग रहे उद्योग यूपी की तस्वीर बदलने वाले हैं।'

  • 19 Feb 2024 9:47 AM GMT



    CM योगी- यूपी की पहचान विकास और सुशासन से बन रही

    मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा, 'आज के ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी से न सिर्फ देश के विकास को गति मिलेगी बल्कि 34 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। आज यूपी सुशासन और विकास से अपनी पहचान बना रहा है। आज लोग कहने लगे हैं कि, सुरक्षित निवेश मतलब उत्तर प्रदेश'।

  • 19 Feb 2024 9:35 AM GMT

    CM योगी- उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा, 'अबू धाबी में मंदिर का शुभारंभ करने के लिए पीएम को बधाई। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी पर उन्होंने कहा, आचार्य चाणक्य ने निवेश के बारे में कहा था कि इसके लिए भूमि, जनसंख्या और पूंजी की जरूरत होती है। यूपी में ये सब कुछ है। सीएम बोले, प्रदेश में अभी तक तीन ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह हो चुके हैं। इससे प्रदेश में युवाओं के लिए लाखों रोजगार की संभावनाएं खुली हैं। उन्होंने ये भी बताया कि, प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपए की निवेश परियोजनाओं के प्रस्ताव मिल चुके हैं। अब उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है'।

  • 19 Feb 2024 9:28 AM GMT



    रक्षा मंत्री- PM मोदी के कार्यकाल में विकास ने नई ऊंचाइयों को छुआ

    लखनऊ सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister Rajnath Singh) ने अपने संबोधन में कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल के कार्यकाल में जो विकास की आधारशिला रखी गई है। उससे हमारा देश प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे और चौथे कार्यकाल में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। ये हमारा विश्वास है। उन्होंने कहा, पीएम मोदी देश के आने वाले 1000 साल के लिए आधारशिला रखने का काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में एक हैं। रक्षामंत्री ने आगे कहा, पहले राजनेताओं की उद्योगपतियों से मुलाकात को संदेह की नजरों से देखा जाता था। मगर, अब देश के उद्योगपति सरकार के साथ मिलकर विकास के नए द्वार खोल रहे हैं'।

  • 19 Feb 2024 9:23 AM GMT

    मंत्री नंदी ने पीएम मोदी का किया अभिनंदन

    यूपी सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने स्वागत अभिनंदन किया। उन्होंने संबोधन में कहा, 'रिफॉर्म-परफॉर्म-ट्रांसफॉर्म का मूल मंत्र देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से स्वागत है। कर्मठ, कर्म योगी मुख्यमंत्री जी का भी अभिनन्दन। उन्होंने कहा, आज का दिन प्रदेश के लिये विशेष है। आज हम प्रदेश के औद्योगिक विकास के साक्षी बनने जा रहे हैं।'

  • 19 Feb 2024 9:21 AM GMT

    निवेश में मिर्जापुर, सोनभद्र रहे अव्वल

    राजधानी लखनऊ में हो रही ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में निवेश जुटाने में मिर्जापुर, सोनभद्र जैसे जिले अव्वल रहे हैं। बांदा, चित्रकूट समेत तमाम जिलों में करोड़ों रुपए का निवेश हुआ है। यहाँ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे। 

  • 19 Feb 2024 9:13 AM GMT

    PM मोदी ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे। यहां उन्होंने परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हैं।

  • 19 Feb 2024 9:07 AM GMT



    सुरेश खन्ना- पहले जिस यूपी से लोग भागते थे, आज वही सुरक्षित

    लखनऊ में आयोजित यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के ग्राउंड-ब्रेकिंग समारोह पर राज्य के मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा, 'वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है, उसी दिशा में यह ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हो रही है... पहले जिस उत्तर प्रदेश से लोग भागते थे आज उसे ही सुरक्षित गंतव्य समझकर लोग यहां आ रहे हैं।'

  • 19 Feb 2024 9:03 AM GMT

    CM योगी ने किया स्वागत

    ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story