×

Lucknow Weather Today 23 June 2023: लखनऊ में झमककर होगी बारिश, मानसून जल्द दे रहा दस्तक...जानें कब ?

Lucknow Weather Today 23 June 2023: विभाग ने अगले दो दिनों तक ऐसे मौसम का ही अनुमान जाहिर किया है। मानसून फिलहाल बिहार में ठहरा हुआ है। वहां से आगे बढ़ने पर उत्तर प्रदेश की फिजां बदलने लगेगी।

Aman Kumar Singh
Published on: 23 Jun 2023 1:38 AM GMT (Updated on: 23 Jun 2023 1:27 PM GMT)
Lucknow Weather Today 23 June 2023: लखनऊ में झमककर होगी बारिश, मानसून जल्द दे रहा दस्तक...जानें कब ?
X
Lucknow Weather Today 23 June 2023 (Social Media)

Lucknow Weather Today 23 June 2023: 'चक्रवात बिपरजॉय' के आंशिक प्रभाव ने लू के थपेड़ों से जूझते लखनऊ को थोड़ी राहत जरूर दी। आसमान में बादलों की आवाजाही ने मौसम बदल दिया। उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए खुशखबरी ये है कि जल्द ही मानसून भी दस्तक देने वाला है। राजधानी में बूंदाबांदी ने मौसम खुशगवार बना दिया है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी में बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 'जून के अंतिम हफ्ते तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। मंगलवार से बारिश की शुरुआत हुई थी। जो अभी भी रह-रहकर होती रहती है। बुधवार देर शाम भी राजधानी में अच्छी बरसात देखने को मिली। बरसात ने तवे की माफिक गर्म लखनऊ को बड़ी राहत दी। जिससे दिन और रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

हफ्ते भर राहत, मौसम रहेगा ठंडा-ठंडा

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार (23 जून) को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है। दिन में दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं चलेंगी, जिसकी रफ़्तार 14 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। शाम होने के बाद तापमान में बड़ी गिरावट देखी जा सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि, पुरवैया हवा और बारिश का प्रभाव राहत के रूप में नजर आ रहा है। इस हफ्ते ऐसा ही माहौल बना रहने के आसार हैं।'

दो दिन में लखनऊ पहुंच जाएगा मानसून !

मौसम विशेषज्ञ एचआर रंजन (Meteorologist HR Ranjan) ने बताया कि, 'मानसून फिलहाल बिहार में ठहरा हुआ है। वहां से आगे बढ़ने पर उत्तर प्रदेश की फिजां बदलने लगेगी। मानसून जल्द ही लखनऊ पहुंच जाएगा। उम्मीद है कि पूर्वी यूपी में मानसून के आते ही अगले दो दिनों में यह लखनऊ तक पहुंच जाएगा। फिलहाल, बिपरजॉय तूफान की वजह से मानसून आने के समय में थोड़ा बदलाव हुआ है।' प्रदेश में मानसून आने के बाद कई जिलों में हल्की से भारी बरसात की उम्मीद जाहिर की गई है।

तराई बेल्ट में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि, 23 जून को भी तराई बेल्ट में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। इसी तरह, 24 जून को तराई बेल्ट में भरी बारिश की संभावना है। अन्य जगहों पर भी इसी तरह बरसात की उम्मीद है। वहीं, 25 जून को कुछ जगह भारी बारिश की संभावना जाहिर की गई। प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story