TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Weather Update Today: आज जमकर बरसेंगे बादल, प्रदेश के 42 जिलों में बारिश का अलर्ट

Weather Update Today 22 june 2023: असम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 22 Jun 2023 3:51 AM GMT (Updated on: 22 Jun 2023 3:52 AM GMT)
Weather Update Today: आज जमकर बरसेंगे बादल, प्रदेश के 42 जिलों में बारिश का अलर्ट
X
Weather Update Today (photo: social media )

Weather Update Today 22 june 2023: देश के विभिन्न इलाकों में मौसम लगातार करवट बदलता नजर आ रहा है। भीषण गर्मी वाले इलाकों में लोग मानसून की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। राजधानी दिल्ली में आज सुबह भी हल्की बूंदाबांदी हुई और छिटपुट बारिश का यह दौरा अगले एक हफ्ते तक बने रहने की संभावना है। असम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। बिहार, झारखंड, ओडिशा,अरुणाचल प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है।

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय की वजह से उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से आज भी उत्तर प्रदेश के 42 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी 72 घंटे तक चक्रवाती तूफान का असर बना रहेगा। कई जिलों में तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। उत्तर प्रदेश में 25 26 जून तक मानसून के दस्तक देने की संभावना है।

यूपी के 42 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान की वजह से राजधानी लखनऊ, कानपुर और मैनपुरी समेत कई इलाकों में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। मैनपुरी में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है और यहां पिछले 24 घंटे के दौरान 105 मिलीमीटर बारिश हुई। कानपुर में 52 मिलीमीटर बारिश हुई है। राजधानी लखनऊ समेत कन्नौज, हरदोई, बरेली, झांसी और अलीगढ़ में भी बादल जमकर बरसे जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश के 42 जिलों में आज भी बारिश होने की संभावना है।

बारिश के कारण कई जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कानपुर में सबसे अधिक 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम के जानकारों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उत्तर प्रदेश में मानसून 3 दिन पहले दस्तक दे सकता है। अब उत्तर प्रदेश में मानसून के 25-26 जून को दस्तक देने की संभावना जताई गई है।

यूपी में मानसून की दस्तक जल्द

मौसम विभाग की ओर से दिल्ली और एनसीआर में 28-29 जून तक मानसून के सक्रिय होने का अनुमान लगाया गया है। उसके बाद दिल्ली में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। अगले 3 से 4 दिनों के भीतर पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। मानसूनी हवा के आज पूरे बिहार और झारखंड में फैल जाने की संभावना है। इस कारण इन दोनों राज्यों में झमाझम बारिश हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में भी 29-30 जून को मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।

इन इलाकों में होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश,सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

विदर्भ, आंतरिक ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। पश्चिम मध्य और दक्षिण पश्चिम अरब सागर में तेज गति से हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को सतर्क किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि मछुआरों को इन इलाकों में समुद्र में जाने से बचना चाहिए।

दिल्ली में एक हफ्ते तक बना रहेगा बारिश का दौर

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली में अगले एक हफ्ते तक आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और इस दौरान बारिश भी होगी। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। उत्तराखंड में 23 से 25 जून तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेश में भी इस दौरान झमाझम बारिश होने के आसार हैं।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान असम और सिक्किम में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। शेष पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के उत्तरी भागों, दक्षिण कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तरी छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, दिल्ली और उत्तर पूर्व राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story