×

Weather Update Today: दिल्ली और यूपी में होगी झमाझम बारिश, देश के कई अन्य इलाकों में भी जमकर बरसेंगे बादल

Weather Update Today 21 june 2023: राजधानी दिल्ली में भी बुधवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश का यह दौर अगले पांच दिनों तक बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने नार्थ ईस्ट के कई राज्यों में आज भारी बारिश होने की आशंका जताई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 21 Jun 2023 4:25 AM GMT
Weather Update Today: दिल्ली और यूपी में होगी झमाझम बारिश, देश के कई अन्य इलाकों में भी जमकर बरसेंगे बादल
X
Weather Update Today (photo: social media )

Weather Update Today 21 june 2023: देश के कई इलाकों में इन दिनों मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। विभिन्न प्रदेशों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है और इसका असर उत्तर प्रदेश में भी दिख रहा है। जहां एक ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भीषण गर्मी का कहर दिख रहा है तो दूसरी ओर पश्चिमी, मध्य और बुंदेलखंड के इलाकों में बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आज भी उत्तर प्रदेश के 47 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजधानी दिल्ली में भी बुधवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश का यह दौर अगले पांच दिनों तक बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने नार्थ ईस्ट के कई राज्यों में आज भारी बारिश होने की आशंका जताई है। इसके साथ ही देश के कई अन्य इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज देश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। नार्थ ईस्ट में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की आशंका है। गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश होने से के आसार हैं।

दिल्ली- एनसीआर में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और इस दौरान बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि छत्तीसगढ़,ओडिशा और उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश होगी।

कई इलाकों में बिजली गिरने की आशंका

मध्य प्रदेश, झारखंड, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, केरल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में वज्रपात की भी आशंका है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का असर आज भी यूपी में दिखेगा। प्रदेश के 47 जिलों में आज बारिश होने की संभावना है जबकि 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कानपुर में देर रात से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही जबकि लखनऊ में भी तड़के झमाझम बारिश हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साइक्लोन मध्यप्रदेश के ऊपर से गुजर रहा है और इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी दिख रहा है। मध्य प्रदेश से सटे इलाकों में इसका ज्यादा असर दिख रहा है। मौसम विभाग की ओर से कानपुर नगर, कानपुर देहात, ललितपुर, झांसी, महोबा, जालौन, औरैया, हमीरपुर, फतेहपुर और चित्रकूट में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।।

राजधानी दिल्ली में बारिश से मौसम हुआ सुहाना

दिल्ली के कई इलाकों में बुधवार को सुबह झमाझम बारिश हुई। दिल्ली में बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं ने मौसम को ठंडा बना दिया है। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। बारिश के चलते दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश का यह सिलसिला अगले 5 दिनों तक जारी रहने की संभावना जताई गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक पूर्वोत्तर राजस्थान, दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के पश्चिमी भागों, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी आशंका है। शेष उत्तर पूर्व भारत, केरल, तमिलनाडु और उत्तर पूर्व बिहार में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम और मध्य उत्तर प्रदेश, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, दक्षिण ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में छत्तीसगढ़, विदर्भ और जम्मू कश्मीर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। विदर्भ, ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story