×

Lucknow Weather 19 July 2023: लखनऊ से बारिश गायब, फिर चढ़ने लगा पारा बढ़ी उमस, जानें आज का हाल

Lucknow Weather Today 19 July 2023: लखनऊ के आसमान से बारिश गायब हो चुकी है। वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रही है। इस वजह से आगामी एक हफ्ते तक प्रदेश भर में छिटपुट बरसात ही होगी।

Aman Kumar Singh
Published on: 19 July 2023 2:22 AM GMT (Updated on: 19 July 2023 2:23 AM GMT)
Lucknow Weather 19 July 2023: लखनऊ से बारिश गायब, फिर चढ़ने लगा पारा बढ़ी उमस, जानें आज का हाल
X
Lucknow Weather Today 19 July 2023 (Social Media)

Lucknow Weather Today 19 July 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बारिश को लोग तरस रहे हैं। मानसून की सक्रियता के बावजूद लखनऊ के लोग गर्मी और उमस परेशान हैं। अब तापमान भी बढ़ने लगा है। राजधानी की तुलना में पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी बरसात रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश के कई जिलों में नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ चुकी है।

मौसम विभाग की मानें तो यूपी में आने वाले दिनों में बरसात (UP Weather news) में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि, आगामी दिनों के दौरान तेज बारिश होने की उम्मीद नहीं है। जहां भी बारिश वाला मौसम होगा, वहां हल्की-फुल्की वर्षा ही होगी। 23 जुलाई तक वर्षा में गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में वृद्धि होगी। हालांकि, बीच-बीच में कई इलाकों में बादलों के गरजने और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी।

लखनऊ का पारा चढ़ा, फिर गर्मी-उमस से होंगे परेशान

लखनऊ में बुधवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मानसून की रिमझिम फुहार राजधानी में थम सी गई है। इस वजह से आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होगी। 19 जुलाई को राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। आसमान में खिली धूप के बीच बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। दिन में पूर्वोत्तर दिशा से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी। हालांकि, शाम तक हवा पहले से मद्धम होगी, लेकिन उमस बरक़रार रहेगी। तापमान बढ़ने से एक बार फिर गर्मी का एहसास होगा।

इस वजह से कमजोर हुई मानसूनी गतिविधि

मौसम विभाग के वैज्ञानिक, अतुल कुमार सिंह का कहना है कि, 'उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बन रही मौसमी परिस्थितियों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधि कमजोर रहेगी। बादलों की गरज के साथ कहीं-कहीं छिटपुट बरसात की संभावना अवश्य है।'

हफ्ते भर कैसा रहेगा मौसम?

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश के मुताबिक, आगामी एक हफ्ते तक प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के करीब 55 जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने को लेकर चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया, वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन अर्थात हवा में कम दबाव का क्षेत्र मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रही है। इस वजह से आगामी एक हफ्ते तक प्रदेश भर में छिटपुट बरसात ही होगी। मौसम विभाग का कहना है अगले 3 दिनों तक तापमान में किसी प्रकार के परिवर्तन की उम्मीद नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। उमस लगातार बढ़ती जाएगी।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story