×

Weather Today Update: देश के सात राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली और यूपी में भी मानसून रहेगा मेहरबान

Weather Today Update 18 july 2023: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश ने कहर बरपा रखा है। दोनों ही राज्यों में बारिश और भूस्खलन के कारण हालात काफी खराब हो चुके हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 18 July 2023 3:33 AM GMT
Weather Today Update: देश के सात राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली और यूपी में भी मानसून रहेगा मेहरबान
X
Weather Today Update 18 july 2023 (photo: social media )

Weather Today Update 18 july 2023: देश के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जनजीवन पर काफी असर पड़ा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश ने कहर बरपा रखा है। दोनों ही राज्यों में बारिश और भूस्खलन के कारण हालात काफी खराब हो चुके हैं। मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, कोंकण व गोवा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर इन सात राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी आज झमाझम बारिश होने की संभावना है। खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ज्यादा बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। राजधानी दिल्ली में भी आज बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, असम, मेघालय, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, कर्नाटक के तटीय और दक्षिण आंतरिक भाग, केरल और माहे में आज जोरदार बारिश होने की आशंका है।

देश के कई अन्य राज्यों में भी आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह,पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-चंडीगढ़,मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम और झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है।

तेज हवाओं के साथ होगी बारिश

नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पुडुचेरी और कराईकल में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बारिश हो सकती है इस दौरान बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

राजधानी दिल्ली में भी बरसेंगे बादल

राजधानी दिल्ली के कई इलाके इन दिनों यमुना की बाढ़ से बेहाल हैं। पानी फिर बढ़ने की खबर ने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को भी राजधानी में मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि आज राजधानी में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कोंकण व गोवा, तटीय कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।

पश्चिमी मध्य उत्तर प्रदेश, दिल्ली के कुछ हिस्सों, हरियाणा, उत्तरी पंजाब, दक्षिणी गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी तेलंगाना, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और केरल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तरी और पूर्वोत्तर राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story