×

UP Cabinet: योगी सरकार 2.0 का पहला मंत्रिमंडल विस्तार जल्द, PM मोदी से मिली हरी झंडी ! ये बन सकते हैं मंत्री

Yogi Cabinet Expansion: योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले विस्तार में 5 से 7 विधायकों को मंत्री बनाने की चर्चा है। इनमें ओम प्रकाश राजभर का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, घोसी उपचुनाव के बाद दारा सिंह चौहान को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। कई पुराने चेहरों पर भी दांव खेला जा सकता है।

Aman Kumar Singh
Published on: 6 Sep 2023 4:15 PM GMT
UP Cabinet: योगी सरकार 2.0 का पहला मंत्रिमंडल विस्तार जल्द, PM मोदी से मिली हरी झंडी ! ये बन सकते हैं मंत्री
X
Yogi Cabinet Expansion (Social Media)

CM Yogi Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार जल्द हो सकता है। बताया जा रहा है इसकी रूपरेखा तैयार हो चुकी है। योगी सरकार 2.0 के पहले मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना है। चर्चा ये भी है कि, हाल ही में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा बने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

योगी मंत्रिमंडल 2.0 के पहले विस्तार की अटकलें काफी समय से लगाई जा रही है। कहा जा रहा था कि, यूपी सरकार मानसून सत्र के ठीक बाद मंत्रिमंडल विस्तार करने वाली है। फिर ये ठंडे बस्ते में चला गया। लेकिन, एक दिन पहले जब यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली में पीएम आवास पर 2 घंटे तक बैठक चली, तो एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की कयासबाजी तेज हो गई। माना जा रहा है कि पीएम मोदी ने कैबिनेट विस्तार को लेकर हरी झंडी दे दी है।

PM मोदी से CM योगी की 2 घंटे हुई चर्चा

गौरतलब है कि, 5 सितंबर की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की मुलाकात नई दिल्ली में हुई। प्रधानमंत्री आवास पर सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के उद्घाटन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। कहा तो ये भी गया कि, इस मुलाकात में राम मंदिर (Ayodhya Ram Temple) की प्राण प्रतिष्ठा पर बातचीत हुई। गौर करने वाली बात है कि, 2 घंटे की मुलाकात सिर्फ एक मुद्दे पर ही नहीं हुई होगी। दोनों नेताओं के बीच लोकसभा चुनाव से पहले की रणनीतियों पर भी विमर्श हुआ होगा।

PM मोदी की सहमति जरूरी

योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के करीब डेढ़ साल बीत चुके हैं, अभी तक मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हुआ है। हालांकि, इसकी अटकलें समय-समय पर जरूर लगती रही हैं। अनुमान है कि, बीजेपी के दोनों शीर्ष नेताओं में इस मुद्दे पर अवश्य चर्चा हुई होगी। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले योगी मंत्रिमंडल में किन चेहरों को जगह मिले, जातीय समीकरण को साधने समेत अन्य मसलों पर प्रधानमंत्री मोदी की सहमति ली गई होगी। क्योंकि, इस मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बीजेपी को 2024 लोकसभा चुनाव में उतरना है।

कई मंत्री हो सकते हैं बाहर

योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल (2017-22) में रहे कुछ पूर्व मंत्री और विधायक काफी समय से दिल्ली की दौड़ लगाए हैं। सूत्रों की मानें तो परफॉर्मेंस के आधार पर कुछ वर्तमान मंत्री हटाए भी जा सकते हैं। वहीं, करीब आधा दर्जन नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। ओमप्रकाश राजभर (Omprakash Rajbhar) के अलावा बीजेपी संगठन से एक मंत्री बनाने की बातें भी कही जा रही हैं। इसी तरह, पूर्वांचल को से एक मंत्री का पत्ता कटने और नए चेहरे को जगह मिलने की अटकलें भी हैं। कहा जा रहा है ये ऐसे नेता हैं जिन्हें पिछली सरकार में भी मंत्री पद मिला था।

योगी कैबिनेट की वर्तमान स्थिति

योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में वर्तमान समय में मुख्यमंत्री समेत कुल 52 मंत्री हैं। इनमें दो उप मुख्यमंत्री (केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक) सहित कुल 18 कैबिनेट मंत्री हैं। जबकि, 14 स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री तथा 20 राज्य मंत्री हैं।

मंत्री की रेस में संभावित चेहरे

योगी सरकार 2.0 में मंत्री पद की रेस में कई चेहरे हैं। इनमें, पूर्व जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह (Mahendra Singh), पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह (Siddharth Nath Singh), पिछली सरकार में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा (Shrikant Sharma), पूर्व परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अशोक कटारिया (Ashok Katariya) और माट से एमएलए राजेश चौधरी (Rajesh Chowdhary) का नाम भी शामिल है। इस बीच दारा सिंह चौहान का नाम भी सामने आ रहा है। दारा सिंह घोसी विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी भी हैं। सपा छोड़ने से पहले बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व से उनकी मुलाकात सुर्ख़ियों में रही थी। खैर,कई अन्य नाम भी हवा में तैर रहे हैं। बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी मिलते ही शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। इस बार विस्तार में 5 से 7 विधायकों को मंत्री बनाने की चर्चा है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story