×

Chaitra Navratri 2023: चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, मां सिद्धिदात्री की हुई आराधना

Chaitra Navratri 2023: यूपी के पीलीभीत जनपद और जालौन में चैत्र नवरात्रि का पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की हर अलग-अलग दिन पूजा अर्चना की जाती है।

By
Published on: 30 March 2023 3:42 PM GMT
Chaitra Navratri 2023: चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, मां सिद्धिदात्री की हुई आराधना
X
फोटो: शोभायात्रा निकालकर मां दुर्गा की आराधना की गई। 

Pilibhit News: यूपी के पीलीभीत जनपद में चैत्र नवरात्रि का पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की हर अलग-अलग दिन पूजा अर्चना की जाती है। जिसमें कुछ लोग पहले और आखिरी दिन, तो कुछ लोग पूरे नौ दिन उपवास रखकर मां के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा अर्चना करते हैं। पीलीभीत जनपद के यशवन्तरि देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन व पूजा-अर्चना की। पीलीभीत के यशवन्तरि देवी मंदिर का इतिहास करीब 1000 वर्ष पुराना है।

कहा जाता है कि नकटा दानव का वध करने के बाद यशवंतरी देवी स्थल पर शक्ति पीठ की स्थापना हुई थी और यहां यशवंतरी देवी की पूजा अर्चना शुरू हुई थी। चैत्र नवरात्रों के व्रत पूरे होने पर रामनवमी को मां दुर्गा की आराधना कर भक्तों ने मनोकामनाएं मांगी। नवरात्रि के नौवे दिन भक्तों ने मां दुर्गा के नौवे स्वरूप सिद्धिदात्री मां की पूजा अर्चना की। मां दुर्गा की पूजा करने के बाद घरों में कन्याओं को आलू, पूरी व हलुआ-चने का प्रसाद खिलाकर व्रत खोला गया।

जालौन में ‘जय माता दी’ के जयघोष से गूंजा शहर, निकली शोभायात्रा

Jalaun News: चैत्र नवरात्रि के नवें दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दी। भक्तों ने देवी मां का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। देवी मंदिरों में ज्वारे अर्पित किए गए, कन्या पूजन हुआ और कई जगह शोभायात्रा निकालकर मां दुर्गा की आराधना की गई।

जगह-जगह मंगलकामनाएं

चैत्र नवरात्रि की नवमीं को शक्ति की अधिष्ठात्री जगदंबा मां की नौ शक्तियों में प्रतिष्ठित मां सिद्धिदात्री की देवी भक्तों ने आराधना कर घर परिवार के लिए मंगलकामनाएं कीं। कई स्थानों पर कन्या पूजन के साथ कन्या भोज कराए गए। दर्शनार्थियों ने मैया के मंदिरों पर मत्था टेककर आर्शीवाद लिया। रामनवमी के दिन शहर से लेकर कस्बों तक में कई जगह शोभायात्राएं बड़ी धूमधाम से निकली गईं।

मंदिरों में उमड़ी भीड़

सुबह से ही बड़ी संख्या में देवी भक्तों और साधकों ने देवी आराधना के प्रसिद्ध बड़ी माता मंदिर, सिंह वाहिनी मंदिर, शीतला माता मंदिर, बोदरी माता मंदिर, काली माता मंदिर, आनंदी माता, हुल्कामाई आदि देवी मंदिरों में पहुंचकर मां की पूजा अर्चना की। नवरात्रि के नौ दिन उपवास रखकर देवी मां की स्तुति करने वाले भक्तों ने अपने-अपने घरों में भी दुर्गा सप्तशती का पाठ कर देवी मां से प्रार्थना की। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिपदा पर बोए गए ज्वारे की शोभायात्रा नवमीं के दिन ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई और देवी मंदिरों पर जाकर मैया के चरणों में ज्वारे अर्पित किए गए। वहीं, राम भक्तों ने रामनवमी के दिन बड़े ही उल्लास के साथ रामनवमी का जुलूस निकाला। जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शक्तिपीठों पर दिनभर भंडारे का आयोजन चलता रहा। जिसमें लोग उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण करते हुए दिखाई दिए।

Next Story