Barabanki News: आम के बाग की रखवाली कर रहे दबंगों ने नाबालिग लड़की को दी तालिबानी सजा, पेड़ से बांधकर पीटा

Barabanki News: मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तो किसी तरह सुलह समझौता करवा दिया, लेकिन नंदिनी की हालत में सुधार न होने के चलते उसके पिता ने थाने पर दोबारा जाकर दबंगों के खिलाफ शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

Sarfaraz Warsi
Published on: 29 April 2023 8:52 PM GMT
Barabanki News: आम के बाग की रखवाली कर रहे दबंगों ने नाबालिग लड़की को दी तालिबानी सजा, पेड़ से बांधकर पीटा
X
बाराबंकी में आम के बाग की रखवाली कर रहे दबंगों ने नाबालिग लड़की को पीटा: Photo- Newstrack

Barabanki News: जिले में आम के बाग की रखवाली करने वाले दबंगों के द्वारा एक नाबालिग लड़की को तालिबानी सजा दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने पहले लड़की को जमकर मारा-पीटा, फिर उसे बांधकर काफी देर तक कुएं में लटका दिया। उसके बाद लड़की को आम के पेड़ से लटका दिया। फिर पेड़ से बांधकर बाल पकड़कर जमकर पीटा। वहीं पिटाई के बाद लड़की की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। जिसके बाद पीड़ित लड़की के परिजनों ने थाने पर शिकायती पत्र देकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पूरा मामला बाराबंकी में रामनगर कस्बे का है। जहां के निवासी मिट्ठू पुत्र मनीषा ने थाने पर शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी 8 वर्षीय लड़की नंदिनी आम के बाग में गई थी। जब वापस आने लगी उसी वक्त उसने एक आम उठा लिया। जिससे आग बबूला होकर बाग की रखवाली कर रहे दबंग उस्मान और उसकी पत्नी मेहरून के साथ उसकी पुत्री आर्या ने मिलकर लड़की नंदनी को तालिबानी सजा दे डाली।

दबंगों ने लड़की का बाल पकड़कर जमकर पीटा

आरोप है कि पहले इन लोगों ने बाल पकड़कर उसके साथ जमकर मारपीट की। उसके बाद उसे बांधकर काफी देर तक कुएं में लटका दिया। फिर लड़की को आम के पेड़ से लटका दिया। इतने से भी मन नहीं भरा तो दबंगों ने लड़की को पेड़ से बांधकर बाल पकड़कर जमकर पीटा।

जिसके चलते लड़की नंदनी की हालत काफी बिगड़ गई। वहीं लड़की की चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तो किसी तरह सुलह समझौता करवा दिया, लेकिन नंदिनी की हालत में सुधार न होने के चलते उसके पिता ने थाने पर दोबारा जाकर दबंगों के खिलाफ शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के मुताबिक नंदिनी का परिवार काफी गरीब है और उसके पिता ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। वहीं बाग की रखवाली करने वाले लोग काफी दबंग प्रवृत्ति के हैं, जो आए दिन किसी न किसी से लड़ाई झगड़ा करते हैं। ऐसे में लड़की के पिता ने सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Sarfaraz Warsi

Sarfaraz Warsi

Next Story