×

Noida Fake Call Center: नोएडा में बड़े कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 38 लड़कियां थी इसमें शामिल, ऐसे शिकार बनाते थे ये लोग

Noida Fake Call Center: नोएडा के थाना फेस 1 पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 86 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में अधिकांश नौजवान युवक और युवतियां हैं। पुलिस ने जब यहां छापा मारा तो यहां से बरामद चीजों को देखकर उनके होश उड़ गए।

Krishna Chaudhary
Published on: 24 Aug 2023 9:51 AM GMT
Noida Fake Call Center: नोएडा में बड़े कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 38 लड़कियां थी इसमें शामिल, ऐसे शिकार बनाते थे ये लोग
X
Noida Fake Call Center (Photo: Social Media)

Noida Fake Call Center: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटा नोएडा उत्तर प्रदेश के टेक हब के रूप में विकसित हो रहा है। हरियाणा के गुरूग्राम की तरह यहां भी आईटी कंपनियां धीरे-धीरे अपने पसार रही हैं। हालांकि, इनके साथ दबे पांव सायबर अपराध की घटनाएं भी दस्तक दे रही हैं। नोएडा में हाल के वर्षों में कई बड़े सायबर फ्रॉड करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गुरूवार को पुलिस ने एक ऐसे ही फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा के थाना फेस 1 पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 86 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में अधिकांश नौजवान युवक और युवतियां हैं। पुलिस ने जब यहां छापा मारा तो यहां से बरामद चीजों को देखकर उनके होश उड़ गए। इनके पास से 150 कंप्यूटर, एक बड़ा सर्वर और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा 20 लाख रूपय का भारी-भरकम नकद और लग्जरी गाड़ियां भी मिलीं।

आरोपियों के पास से मिले भारी कैश और इनके ठाट-बाट को देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि ऑनलाइन ठगी के जरिए इन्होंने कितनों की तिजोरी पर हाथ साफ किया होगा। फर्जी कॉल सेंटर के खिलाफ नोएडा में इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई कही जा रही है। इससे पहले 9 अगस्त को नोएडा पुलिस ने साइबर ठगी की रकम से सोना खरीदने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था।

कैसे देते थे ठगी को अंजाम ?

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि वे गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से पैसे लेते थे। ऑनलाइन ठगी के लिए वे विसीडियल सॉफ्टवेयर और एक्स लाईट/आईबीएम डायलर का इस्तेमाल किया करते थे। इनके निशाने पर अधिकांश विदेशी लोग होते थे। प्रतिदिन इनसे लाखों रूपये की धोखाधड़ी करते थे। इन्होंन पुलिस के सामने करोड़ों रूपये की ठगी की बात कबूल कर ली है।

अधिकांश कर्मचारी उत्तर-पूर्वी राज्यों के

पुलिस ने बताया कि कॉल सेंटर से गिरफ्तार किए गए लोगों में 46 युवक और 38 युवती शामिल हैं। इनमें से अधिकांश देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों जैसे मणिपुर और नागालैंड से संबंध रखते हैं। पुलिस ने इनके विरूद्ध 420, 120बी और 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

सोना खरीदने वाले गिरोह का हुआ था पर्दाफाश

इसी माह कुछ दिनों पहले नोएडा पुलिस को साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ एक और बडी कामयाबी मिली थी। पुलिस ने साइबर ठगी की रकम से सोना खरीदने वाले एक हाईप्रोफाइल अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया था। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने गिरोह के चार जालसाचों को दबोचा था। जालसाज पहले साइबर ठगी करते थे और फिर उसी रकम से किसी ज्वेलर से सोना खरीदते थे। इस गिरोह का सरगना दिल्ली का भूपेंद्र कुमार था, जो महज 12वां पास था।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story