×

चमगादड़ों से दहशत: UP के इस गांव में खौफ का माहौल, जांच के लिए भेजा शवों का नमूना

ग्रामवासियों का कहना है कि मृत चमगादड़ों को कुत्ते नोच रहे हैं तथा कतिपय लोगों द्वारा चमगादड़ के मांस को खाने का भी कृत्य किया जा रहा है।

Aradhya Tripathi
Published on: 28 May 2020 7:56 AM GMT
चमगादड़ों से दहशत: UP के इस गांव में खौफ का माहौल, जांच के लिए भेजा शवों का नमूना
X

बलिया: कोरोना महामारी की दहशत के मध्य जिले में चमगादड़ों के मरकर पेड़ से गिरने की घटना ने आम लोगों को भयग्रस्त कर दिया है। इसको लेकर मनियर इलाके में अफरातफरी की स्थिति है।

कई दिनों से मर रहे चमगादड़

भगवान परशुराम के मंदिर व भूत प्रेत बाधा से मुक्ति को लेकर विख्यात जिले का मनियर इलाका नये वजह से इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। मनियर क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के खड़ैंचा मौजे में साधन सहकारी समिति के पास बगीचे में वर्षों से पेड़ों पर चमगादड़ रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिन से चमगादड़ पेड़ों से मरकर गिर रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री राम तिवारी बबलू ने बताया कि कम से कम चमगादड़ नित्य काल का ग्रास बन रहे हैं।

ये भी पढ़ें- J&K में 40 KG. विस्फोटक, एक लावारिस सेंट्रो कार और हिजबुल का आतंकी कनेक्शन..

ग्रामवासियों का कहना है कि मृत चमगादड़ों को कुत्ते नोच रहे हैं तथा कतिपय लोगों द्वारा चमगादड़ के मांस को खाने का भी कृत्य किया जा रहा है। महामारी फैलने की संभावना बलवती होने के बावजूद प्रशासन इस मसले को गम्भीरता से नही ले रहा। हालांकि बुधवार को स्वास्थ्य व वन विभाग ग्रामीणों की सूचना के बाद हरकत में आया। स्वास्थ्य विभाग व वन विभाग के साथ ही पशु चिकित्साधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृत चमगादड़ों का सेम्पल लिया।

जांच के लिए भेजा गया चमगादड़ों का नमूना

जिला वन अधिकारी श्रद्धा यादव ने पत्रकारों को बताया कि वन विभाग के संज्ञान में यह मामला आया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने चार मृत चमगादड़ को अपनी सुपुर्दगी में लिया है। उन्होंने बताया कि मृत चमगादड़ का नमूना जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पायेगा।

ये भी पढ़ें- मोदी सेना तैयार: चीन घिर उठा अपनी ही चाल में, अब छूटेंगें पसीने

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि गर्मी के कारण तापमान ज्यादा बढ़ गया है। इसकी वजह से भी चमगादड़ की मृत्यु सम्भव है। बलिया जिले के लोग कोरोना महामारी को लेकर पहले से ही दहशतजदा हैं। चमगादड़ों की मृत्यु की घटना ने आम लोगों को भयाक्रांत कर दिया है। इसको लेकर अफरातफरी मची हुई है।

अनूप कुमार हेमकर

Aradhya Tripathi

Aradhya Tripathi

Next Story