×

PM मोदी का संघर्ष: आज याद दिलाया सभी को, दिया ये संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अभिजीत मुहूर्त में श्री राम जन्मभूमि में भूमि पूजन करने के साथ ही भव्य राम मंदिर की आधारशिला भी रखी।

Newstrack
Published on: 5 Aug 2020 11:00 AM GMT
PM मोदी का संघर्ष: आज याद दिलाया सभी को, दिया ये संदेश
X
PM मोदी का संघर्ष: आज याद दिलाया सभी को, दिया ये संदेश

अयोध्या: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अभिजीत मुहूर्त में श्री राम जन्मभूमि में भूमि पूजन करने के साथ ही भव्य राम मंदिर की आधारशिला भी रखी। विशेष मौकों पर अपनी विशेष ड्रेस के जरिए सबका ध्यान खींचने वाले पीएम मोदी आज कुर्ता-धोती पहनकर रामलला के दरबार में पहुंचे थे। जय सियाराम के साथ अपना संबोधन शुरू करने वाले पीएम मोदी ने इस मौके पर राम भक्तों को कोटि-कोटि बधाई देते हुए सबके राम और सबमें राम के जरिए सबको जोड़ने की कोशिश की।

ये भी पढ़ें:राम मंदिर भूमि पूजन पर ढोल बजाकर झूमे विधायक, कहा- आज पूरा भारत राममय

PM मोदी का संघर्ष: आज याद दिलाया सभी को, दिया ये संदेश

मर्यादाओं का पालन जरूरी

करीब एक घंटे के संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भगवान राम का मंदिर युगों-युगों तक मानवता को प्रेरणा देता रहेगा। कोरोना संक्रमण की वजह से इस समय जिस तरह के हालात बन गए हैं, उसमें प्रभु राम का मर्यादा का मार्ग और जरूरी हो गया है। मौजूदा समय की मर्यादा है कि दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी। उन्होंने कहा कि प्रभु राम का ध्यान करने के साथ ही मर्यादाओं का पालन करना भी जरूरी है।

करोड़ों देशवासियों की मदद से मंदिर निर्माण

अपने संबोधन में पीएम ने केवट से लेकर वनवासी बंधुओं तक का जिक्र किया और कहा कि ये सभी भगवान राम की विजय का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि जिस तरह दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और समाज के हर वर्ग ने आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी की मदद की, उसी तरह करोड़ों देशवासियों की मदद के कारण ही राम मंदिर के निर्माण का यह पुण्य कार्य शुरू हो सका है।

इस मंदिर के साथ देश के हर शहर व हर गांव के लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। जिस तरह पत्थरों पर श्री राम का नाम लिखकर रामसेतु बनाया गया था, वैसे ही घर-घर और गांव-गांव से लाई गई शिलाएं हम सबकी ऊर्जा का स्रोत बन गई हैं।

समृद्ध संस्कृति की विरासत का प्रतीक

उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान का राम मंदिर अनंत काल तक पूरी मानवता को प्रेरणा देने वाला साबित होगा। अयोध्या में बनने वाला यह भव्य राम मंदिर भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का प्रतीक बनेगा। राम मंदिर का निर्माण शुरू होने से आज राम मंदिर आंदोलन से जुड़े अनगिनत लोग भावविभोर हैं। आज का यह एतिहासिक पल युगों-युगों तक दिग दिगंत तक भारत की कीर्ति पताका लहराने वाला साबित होगा।

देशवासियों ने दिखाया संयम

पीएम मोदी ने श्रीराम के जरिए देश के लोगों को मर्यादा का पाठ भी पढ़ाया। उनका केवल से देशवासियों ने राम जन्मभूमि के मुद्दे पर हमेशा मर्यादा का परिचय दिया है। सर्वोच्च न्यायालय ने जिस दिन इस मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया था, उस समय भी देशवासियों ने शांति के साथ सभी की भावनाओं का आदर करते हुए मर्यादा में रहने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण कार्य का यह ऐतिहासिक दिन सत्य, अहिंसा, आस्था और बलिदान को न्याय प्रिय भारत की एक अनुपम भेंट है।

अनेकता में एकता का सूत्र

उन्होंने कहा कि श्रीराम का आह्वान है कि जो शरण में आए उसकी रक्षा करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने हमें संदेश दिया कि मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़ाकर होती है।

पीएम मोदी ने राम को अनेकता में एकता का सूत्र बताते हुए कहा कि पूरे देश में राम अन्य विभिन्न रूपों में मिलेंगे। तमिल, तेलुगू, कन्नड़ , मलयालम, बांग्ला पंजाबी आदि कोई भी भाषा ऐसी नहीं है जिसमें हमें भगवान राम का जिक्र नहीं मिलता।

इसके साथ ही दुनिया के तमाम देशों में भी रामकथाओं का विवरण मिलता है। कंबोडिया, थाईलैंड, मलेशिया, ईरान, नेपाल और श्रीलंका सभी का राम से आत्मीय संबंध है और सच बात तो यह है कि राम दुनिया के हर रूप में रचे बसे हैं।

करोड़ों लोगों को नहीं हो रहा विश्वास

पीएम मोदी ने राम मंदिर निर्माण की घड़ी को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश आज स्वर्णिम इतिहास रच रहा है। यही कारण है कि आज पूरा भारत राममय हो चुका है। राम मंदिर निर्माण की इस घड़ी में पूरा देश रोमांचित है और हर मन में राम नाम का दीप जल रहा है। राम मंदिर निर्माण की राह में आई रुकावटों की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि करोड़ों लोगों को आज यह विश्वास ही नहीं हो पा रहा कि वह अपने जीते जी यह सबकुछ देख रहे हैं। हमारे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम वर्षों तक टाट में रहे हैं, लेकिन अब उनके लिए एक भव्य मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

भगवान राम को गांधी से जोड़ा

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण के दौरान भगवान श्री राम के साथ ही राष्ट्रपिता गांधी के नाम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र और आदर्श ही महात्मा गांधी के रामराज्य का मार्ग है। राम आधुनिकता के पक्षधर हैं और उनकी प्रेरणा के साथ ही भारत आज आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानवता ने जब-जब राम को माना है तब विकास हुआ है और जब भी हम इस रास्ते से भटके हैं, हमें विनाश झेलने पर मजबूर होना पड़ा है।

पीढ़ियों ने किया सदियों तक संघर्ष

मोदी ने देश की आजादी के लिए किए गए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह 15 अगस्त हमारे देश में लाखों बलिदानों का प्रतीक है, ठीक उसी तरह राम मंदिर के लिए कई पीढ़ियों ने सदियों तक संघर्ष किया है। यह मंदिर हमें भविष्य में संकल्प की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के लिए मंदिर की महत्ता बताते हुए कहा कि इस मंदिर के निर्माण से इस क्षेत्र का पूरा अर्थतंत्र ही बदल जाएगा और अनेक क्षेत्रों में अवसर पैदा होंगे। सही बात तो यह है कि इस मंदिर के बनने से इस क्षेत्र में इतना बदलाव आएगा, जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते।

हर मन में बसे हैं राम

पीएम मोदी ने कहा कि राम हमारे मन में बसे हुए हैं और वह हमारे भीतर तक घुल मिल गए हैं। यही कारण है कि तमाम कोशिशों के बावजूद उनका अस्तित्व नहीं मिटाया जा सका। प्रभु श्री राम ने हमें कर्तव्य पालन की सीख दी है और यह भी बताया है कि हम अपने कर्तव्य को कैसे निभाएं। उन्होंने हमें विरोध से निकलकर बोध और शोध का मार्ग दिखाया है।

PM मोदी का संघर्ष: आज याद दिलाया सभी को, दिया ये संदेश

ये भी पढ़ें:मोदी ने रचा इतिहास: भूमि पूजन से पहले किया ये काम, 1991 में दिया था ये वचन

पूरा संबोधन भगवान राम पर ही केंद्रित

अपने भाषण की शुरुआत में पीएम मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों का उल्लेख करते हुए कहा कि सदियों के संघर्ष के बाद यह शुभ बेला आई है और यही कारण है कि आज पूरा भारत रोमांचित हो रहा है। यह मंदिर बन जाने के बाद पूरी दुनिया से लोग यहां आएंगे और भगवान राम का संदेश पूरी दुनिया में फैलेगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम की नीति भय बिन होय न प्रीति अब हिंदुस्तान की नीति है और हम जितना ताकतवर होंगे, उतनी ही शांति बनी रहेगी। प्रधानमंत्री ने अपना पूरा संबोधन विशेष रूप से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम पर ही फोकस रखा और उनके संदेश को जीवन में उतारने की अपील की।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Newstrack

Newstrack

Next Story