×

UP News: सपा सोशल मीडिया हैंडलर मनीष जगन की तलाश में प्रयागराज पुलिस, कई जगहों पर मारे छापे, जानिए क्या है मामला

UP News: समाजवादी पार्टी की पूर्व नेत्री ऋचा सिंह ने मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ आईटी एक्ट में दो मामले दर्ज करवाए हैं। ऋचा सिंह का आरोप है कि मनीष जगन अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर उनको लेकर अभद्र टिप्पणी की हैं।

Ashish Pandey
Published on: 28 Aug 2023 7:51 AM GMT
UP News: सपा सोशल मीडिया हैंडलर मनीष जगन की तलाश में प्रयागराज पुलिस, कई जगहों पर मारे छापे, जानिए क्या है मामला
X
सपा सोशल मीडिया हैंडलर मनीष जगन (Social Media)

UP News: समाजवादी पार्टी के नेता और सपा के सोशल मीडिया हैंडलर मनीष जगन अग्रवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मनीष फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल प्रयागराज पुलिस मनीष जगन अग्रवाल को तलाश रही है। जानकारी के अनुसार, प्रयागराज पुलिस मनीष की खोज में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। लेकिन मनीष जगन अभी तक पुलिस के हाथ नहीं आए हैं।

जानिए क्या है मामला

बता दें कि समाजवादी पार्टी की पूर्व नेत्री ऋचा सिंह ने मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ दो मामले दर्ज करवाए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, ऋचा सिंह ने मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ आईटी एक्ट में दो मामले दर्ज करवाए हैं। ऋचा सिंह का आरोप है कि मनीष जगन अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर उनको लेकर अभद्र टिप्पणी की हैं।

बता दें कि पिछले दिनों ऋचा सिंह को समाजवादी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। तभी से ऋचा सिंह समाजवादी पार्टी पर लगातार निशाना साध रही थी। इसी दौरान ऋचा सिंह ने आरोप लगाया था कि मनीष जगन अग्रवाल ने ट्वीटर पर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की हैं।

प्रयागराज पुलिस लखनऊ में कर रही छापेमारी

प्रयागराज पुलिस मनीष जगन अग्रवाल को खोजने के लिए लखनऊ तक में छापेमारी कर रही है। मनीष की तलाश में प्रयागराज की पुलिस ने लखनऊ के गोमती नगर, हजरतगंज, गौतम पल्ली, सुशांत गोल्फ सिटी समेत कई थाना क्षेत्र में छापेमारी की है। मगर अभी तक मनीष जगन अग्रवाल पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। बता दें कि मनीष पुलिस को लगातार चकमा दे रहे हैं। बता दें कि मनीष जगन अग्रवाल समाजवादी पार्टी का ट्विटर हैंडल चलाते हैं। ये हैंडल अक्सर विवादों में रहते हैं।

कौन है मनीष जगन अग्रवाल

मनीष जगन अग्रवाल करीब 15 सालों से समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान सपा के प्रचार में वह लगातार कार्यकर्ताओं से पार्टी के हित में कंटेंट लेते रहे। मनीष कभी भी लाइमलाइट में नहीं रहे, उन्हें कहीं भी किसी भी राजनीतिक रैली में नहीं देखा गया।

मनीष जगन का काम सबसे ज्यादा तब बढ़ा जब से राजनीतिक दल सोशल मीडिया की ओर अपने प्रचार और सरकार को घेरने के लिए आगे बढ़े। यह फार्मूला भी सटीक भी बैठा। समाजवादी पार्टी का ट्विटर हैंडल तो 2010 के बाद बन गया था, लेकिन सपा मीडिया सेल का हैंडल 2017 के बाद बनाया गया, जिसको पूरी तरीके से मनीष जगन अग्रवाल ही हैंडल करते आए हैं।

Ashish Pandey

Ashish Pandey

Next Story